डाक विभाग नवाचार के साथ अपनी सेवाओं को बना रहा व्यापक-कृष्ण कुमार यादव

डाक विभाग नवाचार के साथ अपनी सेवाओं को बना रहा व्यापक।पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने जौनपुर में डाक सेवाओं की प्रगति का लिया जायजा, लक्ष्यों की प्राप्ति पर दिया जोर।डाक विभाग घर बैठे उपलब्ध करा रहा तमाम सेवाएं।

            डाक विभाग नित् नवाचार के साथ जहाँ अपनी सेवाओं को व्यापक बना रहा है, वहीं वैश्विक महामारी कोरोना के दौर में डाककर्मियों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए कोरोना वॉरियर्स के रूप में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। डाकघरों में एक ही छत के नीचे तमाम सेवाएं उपलब्ध कराकर और भी कस्टमर-फ्रेंडली बनाया गया है। उक्त उद्गार वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने जौनपुर प्रधान डाकघर का विजिट करने के दौरान व्यक्त किये। लखनऊ से वाराणसी जाने के दौरान पोस्टमास्टर जनरल अचानक जौनपुर प्रधान डाकघर व डाक अधीक्षक कार्यालय पहुँचे और डाक सेवाओं की प्रगति का जायजा लिया।

         कृष्ण कुमार यादव ने सभी डाक अधिकारियों व कर्मचारियों से विभिन्न सेवाओं में विभागीय लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने हेतु कहा। जौनपुर में 10 साल तक की सभी बेटियों को चिन्हित करते हुए डाकघरों में उनके सुकन्या समृद्धि खाते खुलवाने और वित्तीय समावेशन के तहत अधिकाधिक लोगों को डाकघर बचत, डाक जीवन बीमा योजना और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज भी डाकघर बचत योजनाओं में ब्याज सर्वाधिक है और डाक विभाग घर बैठे भी कई सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। किसानों सहित अन्य तमाम लाभार्थियों के बैंक खातों में आने वाली डीबीटी राशि की निकासी के लिए अब बैंक या एटीएम जाने की जरूरत नहीं, बल्कि घर बैठे अपने आधार लिंक्ड बैंक खाते से डाकिया के माध्यम से निकासी की जा सकती है। विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने हेतु आधार जरूरी है, ऐसे में अब घर बैठे डाकिया के माध्यम से ही मोबाइल नम्बर भी अपडेट किया जा सकता है। एक अन्य सुविधा के रूप में अब पेंशनरों को जीवित प्रमाणपत्र जमा करने के लिए कोषागार या बैंक जाने की जरूरत नहीं, बल्कि घर बैठे डाकिया के माध्यम से बायोमेट्रिक डिवाइस द्वारा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनवाया जा सकता है। आमजन को विभिन्न सेवाओं के लिए भटकना न पड़े और सारी सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सकें, इसके लिए अब डाकघरों में भी कॉमन सर्विस सेंटर की स्थापना की जा रही है। यहाँ एक साथ केंद्र व विभिन्न राज्य सरकारों की 73 सेवाएँ मिलेंगी। वाहनों का बीमा भी अब इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक कर रहा है।

            पोस्टमास्टर जनरल ने डाक अधीक्षक कार्यालय में बैठक कर इस वित्तीय वर्ष में जौनपुर में डाक सेवाओं की प्रगति भी जानी। जौनपुर में कोरोना के बीच इस वित्तीय वर्ष में अब तक 23 हजार बचत खाते, 2200 बच्चियों के सुकन्या समृद्धि खाते व 12 हजार से ज्यादा आईपीपीबी खाते खोले गए। 86 हजार लोगों को घर बैठे आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम के माध्यम से 29 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। 13 हजार लोगों ने डाकघर के माध्यम से नया आधार बनवाया या अपडेट किया। 1100 लोगों ने पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट केंद्र जौनपुर में पासपोर्ट बनवाया। जौनपुर मंडल में अब तक 9 गाँवों को फाइव स्टार विलेज, 46 गाँवों को संपूर्ण बीमा ग्राम व 65 गाँवों को संपूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम बनाया गया है।

            जौनपुर मण्डल के अधीक्षक डाकघर पी.सी. तिवारी ने पोस्टमास्टर जनरल को मण्डल में डाक सेवाओं की प्रगति के बारे में जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि जनमानस से नियमित संवाद कर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा से ज्यादा डाक मेला लगाकर विभिन्न क्षेत्रों में ज्यादा से ज्यादा व्यवसाय अर्जित किया जायेगा ताकि सभी विभागीय लक्ष्यों की समय से पूर्ति हो सके।  इस अवसर पर सहायक डाकघर अधीक्षक सुरेंद्र चौधरी, अशोक सिंह, उपमंडलीय निरीक्षक एपी गोस्वामी, रमेश यादव, परिवाद निरीक्षक श्रीकान्त पाल, पोस्टमास्टर जौनपुर प्रधान डाकघर रामकुमार, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक शाखा प्रबंधक राजीव कुमार तथा जनसंपर्क निरीक्षक फूलचंद भारती सहित तमाम अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button