आईटीआई अलीगंज में 30 नवंबर को विशाल रोजगार मेला

योगी सरकार के मिशन रोजगार को गति: आईटीआई अलीगंज में 2,520 पदों पर भर्ती, 18 कंपनियां पहुंचेंगी रोजगार मेले में। टाटा मोटर्स, अडानी सोलर, एमआरएफ, अशोक लेलैंड, मदरसन, लावा और एयरटेल जैसी कंपनियां करेंगी चयन; 10वीं से बीटेक तक युवाओं को मौका, 30 हजार रुपये तक वेतन।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षित करने के अभियान को लगातार गति दे रही है। इसी क्रम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज, लखनऊ में सोमवार, 30 नवंबर को विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में 18 कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और विभिन्न पदों पर करीब 2,520 अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी।

रोजगार मेला सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा। इसमें महिला और पुरुष दोनों अभ्यर्थियों को प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। टाटा मोटर्स, एमआरएफ टायर्स, अडानी सोलर, अशोक लेलैंड, मदरसन, लावा इंटरनेशनल और एयरटेल जैसी प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं का चयन करेंगी। चयनित अभ्यर्थियों को योग्यता और पद के अनुसार 30 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।

18 कंपनियों में नौकरी का अवसर

संस्थान के प्लेसमेंट अधिकारी एम.ए. खां के अनुसार, रोजगार मेले में टाटा मोटर्स, एमआरएफ टायर्स, अडानी सोलर, अपना पेमेंट प्राइवेट लिमिटेड, वीजी ऑटो कंपोनेंट, अद्विक एनर्जी, अशोक लेलैंड, मदरसन, लावा इंटरनेशनल, गुड लक इंडस्ट्रीज, अरविंद मिल्स, बीयर ऑटोव्हील्स इंडिया, केवीबी स्टाफिंग सॉल्यूशंस, टाटा मार्कोपोलो, एयरटेल लिमिटेड और क्राइमिक टेक्नोलॉजीज समेत 18 कंपनियां एवं नियोजक संस्थाएं हिस्सा लेंगी। इन कंपनियों में चयनित युवाओं को उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा गुजरात, उत्तराखंड, दिल्ली और हरियाणा में काम करने का अवसर मिल सकता है। कुछ नियोजक कंपनियों की ओर से चयनित अभ्यर्थियों को आवास और भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

10वीं से बीटेक तक के अभ्यर्थी कर सकेंगे प्रतिभाग

रोजगार मेले में अप्रेंटिसशिप, ट्रेनी (एनएपीएस एवं लीड), ऑपरेटर, फील्ड सेल्स एग्जीक्यूटिव, सुपरवाइजर, जूनियर टेक्नीशियन, असिस्टेंट इंजीनियर, वायरमैन, पेमेंट बैंक तथा पिकर/लोडर जैसे पदों पर भर्ती की जाएगी। कंपनी और पद के अनुसार 18 से 40 वर्ष आयु के अभ्यर्थी पात्र होंगे। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, बीए, बीकॉम, बीएससी और बीटेक उत्तीर्ण युवा रोजगार मेले में शामिल हो सकेंगे। चयनित युवाओं को पद और शैक्षिक योग्यता के आधार पर 30,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलने का अवसर रहेगा।

प्रमाणपत्र और बायोडाटा लेकर पहुंचे अभ्यर्थी

प्लेसमेंट अधिकारी ने सभी इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सोमवार, 30 नवंबर को सुबह 9:30 बजे राजकीय आईटीआई, अलीगंज, लखनऊ परिसर में रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए पहुंचें। अभ्यर्थी अपने साथ मूल शैक्षिक एवं तकनीकी प्रमाणपत्र, प्रमाणपत्रों की छायाप्रतियां, अपडेटेड बायोडाटा, वैध पहचान पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो अवश्य लेकर आएं। प्रदेश सरकार की रोजगारपरक पहल के तहत आयोजित यह मेला युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी पाने, तकनीकी कौशल का उपयोग करने और अपने करियर को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

Related Articles

Back to top button