गीडा में बूचड़खाना खोलना चाहती थी सपा सरकार,गीडा में 17,650 करोड़ का निवेश, 50 हजार रोजगार, आज 17,650 करोड़ का निवेश: मुख्यमंत्री योगी
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी ने गीडा के 37वें स्थापना दिवस पर समाजवादी पार्टी की पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस गीडा में कभी बूचड़खाना खोलने का प्रयास किया गया था, आज वहां 17,650 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं। इन एमओयू से करीब 50 हजार युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने 502 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर गोरखपुर के औद्योगिक विकास को नई गति देने का संदेश दिया।
502 करोड़ की परियोजनाएं, 50 हजार युवाओं को रोजगार
गीडा के 37वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने नई वेबसाइट लॉन्च की, निवेशकों को प्रोत्साहित किया तथा हैंडलूम और टेक्सटाइल उद्योगों को लेटर ऑफ कम्फर्ट वितरित किए। 17,650 करोड़ रुपये के निवेश से संबंधित एमओयू के जरिए औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और रोजगार सृजन की उम्मीद जताई गई। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर 463 करोड़ रुपये की चकभोप आवासीय कॉलोनी का भी शुभारंभ किया गया, जहां विभिन्न आय वर्गों के लिए आवास, श्रमिकों के लिए डॉर्मिटरी और सस्ती भोजन व्यवस्था उपलब्ध कराने की योजना है।
सैफई महोत्सव पर खर्च होता था संस्कृति विभाग का बजट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर परिवारवाद और क्षेत्र विशेष तक विकास सीमित रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग के बजट का 80 से 85 प्रतिशत हिस्सा सैफई महोत्सव पर खर्च होता था, जबकि आज प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक स्थलों के विकास के साथ महापुरुषों के स्मारकों, मंदिरों और पार्कों का भी व्यापक सौंदर्यीकरण किया गया है।
माफिया और मच्छर से मुक्त हुआ पूर्वी उत्तर प्रदेश
सीएम योगी ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश कभी इंसेफेलाइटिस और माफिया वसूली के कारण बदनाम था। इस बीमारी से गरीब, दलित और पिछड़े परिवारों के बच्चे प्रभावित होते थे। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने माफिया और मच्छर दोनों पर प्रभावी नियंत्रण कर क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है। उनके अनुसार, अब उद्योगों के लिए सुरक्षित माहौल बना है और निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।
कट्टा-बम से AK-203 और ब्रह्मोस तक
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में रक्षा उत्पादन की बढ़ती क्षमता का उल्लेख करते हुए कहा कि अब प्रदेश में AK-203 राइफल, वेबले स्कॉट रिवॉल्वर और ब्रह्मोस मिसाइल जैसे रक्षा उपकरणों का निर्माण हो रहा है। उन्होंने पिछली सरकारों पर कट्टा-बम की संस्कृति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और कहा कि आज यूपी देश की रक्षा उत्पादन क्षमता में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
मदुरै में दीपक जलाने से रोकने पर विपक्ष पर निशाना
मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु के मदुरै क्षेत्र में दीपक जलाने को लेकर हुए विवाद का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद लोगों को दीप प्रज्वलित करने से रोका गया। उन्होंने इसे विपक्षी सरकार की तुष्टिकरण की राजनीति बताते हुए कहा कि ऐसी सरकारें आस्था के बजाय वोट बैंक को प्राथमिकता देती हैं।

यूरोप में दंगे, यूपी में शांति का दावा
योगी आदित्यनाथ ने यूरोप के कई देशों में हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की आबादी यूरोप के बराबर है, फिर भी प्रदेश में शांति और कानून-व्यवस्था कायम है। उन्होंने कहा कि यूपी में न दंगा है, न कर्फ्यू और न लूटपाट जैसी स्थिति, क्योंकि यहां मजबूत कानून व्यवस्था है।
25 एकड़ में बनेगा सरदार पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन
युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए 25 एकड़ में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस केंद्र में युवाओं को पंजीकरण, प्रशिक्षण, साक्षात्कार और रोजगार से जोड़ने की सुविधा एक ही छत के नीचे मिलेगी। गोरखपुर मंडल सहित आसपास के जिलों के युवाओं को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
छह संस्थाओं के साथ निवेश एमओयू
स्थापना दिवस कार्यक्रम में स्वच्छ ऊर्जा, फार्मा, उद्योग, कृषि आधारित उत्पादन, फीड निर्माण और आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण से जुड़ी छह संस्थाओं के साथ एमओयू का आदान-प्रदान हुआ। इनमें ACME Cleantech Solutions, Symbiotic Therapeutics, Orbit Industries, S.R. Mother’s Nature Distillery, Deepak Nexgen Feeds और महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी शामिल रहे। कार्यक्रम में आवास आवंटन पत्र, प्रशिक्षण प्रमाणपत्र, ODOP योजना के चेक और श्रमिकों को टूलकिट भी वितरित की गईं। जनप्रतिनिधियों ने गीडा के विस्तार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास, रोजगार और निवेश के लिए महत्वपूर्ण बताया।



