नौकरी भाजपा के एजेंडे में नहीं, 2027 में PDA सरकार बनाएंगे:अखिलेश

अखिलेश यादव का आरोप- नौकरी भाजपा के एजेंडे में नहीं, भर्ती-परीक्षाओं की धांधली से युवाओं में आक्रोश। पेपर लीक, भर्ती रद्दीकरण और संविदा नियुक्तियों को लेकर भाजपा पर निशाना; अखिलेश ने कहा- पीड़ित युवा और परिवार 2027 में सरकार के खिलाफ वोट करेंगे।

लखनऊ। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि नौकरी देना भाजपा के एजेंडे में ही नहीं है। उन्होंने कहा कि नौकरी देने पर PDA के लोगों को आरक्षण और वेतन देना पड़ेगा, जबकि वेतन में कमीशनखोरी की गुंजाइश नहीं होती। इसी वजह से भाजपा सरकार संविदा और ठेके पर लोगों को रखती है तथा ठेकेदारों के माध्यम से कमीशन वसूलती है।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार कह रही है कि जब शिक्षा अच्छी होगी और परीक्षाएं ईमानदारी से होंगी, तभी देश और प्रदेश की वास्तविक तरक्की संभव होगी। भर्ती परीक्षाओं में धांधली, पेपर लीक और परीक्षाओं के रद्द होने से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। सरकार की भर्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के बजाय उन्हें निराशा और मानसिक परेशानी झेलने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

भर्ती परीक्षाओं के पीड़ितों का बड़ा आंकड़ा सामने रखा

अखिलेश यादव ने रद्द हुई उत्तर प्रदेश पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा में शामिल 2,65,270 अभ्यर्थियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक अभ्यर्थी के साथ उनके माता-पिता को भी जोड़ लिया जाए तो प्रभावित लोगों की संख्या 7,95,810 हो जाती है। इसी तरह लगभग 20 अन्य पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं का अनुमान लगाते हुए इन आंकड़ों को जोड़कर करीब 1.59 करोड़ प्रभावितों का आकलन प्रस्तुत किया। इसके बाद प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों के आधार पर गणना करते हुए उन्होंने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में भर्ती परीक्षाओं से प्रभावित लोगों की मौजूदगी का दावा किया।

अखिलेश यादव ने कहा कि यदि विभिन्न परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के बीच दोहराव को भी घटाकर न्यूनतम आकलन किया जाए, तब भी प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में करीब 25 हजार युवा और मतदाता भर्ती परीक्षाओं की धांधली, पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने जैसी घटनाओं से भाजपा सरकार के प्रति हताश और निराश हैं।

भर्ती-परीक्षाओं की धांधली भाजपा के खिलाफ बनेगी चुनावी मुद्दा

सपा प्रमुख ने दावा किया कि भर्ती परीक्षाओं से प्रभावित युवा अब समझ चुके हैं कि भाजपा सरकार के रहते बेरोजगारी की समस्या से छुटकारा नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि ये आक्रोशित युवा आगामी चुनाव में भाजपा के खिलाफ मतदान कर अपना गुस्सा जाहिर करेंगे और उसे सत्ता से बाहर करने का काम करेंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि इन नए पीड़ितों के जुड़ने से PDA का काफिला और मजबूत हुआ है। उन्होंने PDA की अवधारणा को पीड़ितों से जोड़ते हुए कहा कि “जो पीड़ित है, वो PDA है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का पक्षपातपूर्ण अन्याय और भ्रष्टाचार का शासन जनता की पीड़ा बढ़ा रहा है। सभी पीड़ित मिलकर इस व्यवस्था को बदलने के लिए एकजुट होंगे।

2027 में PDA सरकार बनाने का दावा

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को हकमारी करने वाली और भेदभावपूर्ण सरकार बताते हुए कहा कि भाजपा के सत्ता से जाने के बाद प्रदेश के संकट समाप्त होंगे। उन्होंने भाजपा को ही प्रदेश का सबसे बड़ा संकट करार दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि कुछ महीनों बाद 2027 में PDA सरकार बनेगी, जो जनता की पीड़ा, दुख और अपमान को समाप्त कर बिना भेदभाव और अन्याय के खुशहाली तथा तरक्की का रास्ता खोलेगी। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी युवाओं, बेरोजगारों और सभी पीड़ित वर्गों के साथ मिलकर बदलाव की लड़ाई लड़ेगी।

Related Articles

Back to top button