जस्टिस उदय उमेश ललित होंगे देश के 49वें मुख्य न्यायाधीश

भारत के मुख्य न्यायाधीश एन0 वी0 रमना ने आज यू0 यू0 ललित के नाम की सिफारिश अपने उत्तराधिकारी के रूप में की। जस्टिस ललित भारत के 49वें मुख्य न्यायाधीश होंगे। मुख्य न्यायाधीश एन0 वी0 रमना इसी महीने सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

अजय सिंह

जस्टिस उदय उमेश ललित भारत के अगले मुख्य न्यायाधीश होंगे। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एन0 वी0 रमण ने देश के अगले मुख्य न्यायाधीश के लिए जस्टिस यू0 यू0 ललित के नाम की सिफारिश की है। विधि एवं न्याय मंत्रालय से आधिकारिक पत्र मिलने के बाद अब प्रधान न्यायाधीश जस्टिस रमण ने अपने उत्तराधिकारी के नाम की सिफारिश कर दी है। जस्टिस ललित 27 अगस्त को 49वें सीजेआई के रूप में शपथ लेंगे,हालांकि उनका कार्यकाल महज 74 दिनों का होगा।

सीजेआई के रूप में जस्टिस ललित उस कॉलेजियम का नेतृत्व करेंगे जिसमें जस्टिस चंद्रचूड़,जस्टिस कौल,जस्टिस नजीर और जस्टिस इंदिरा बनर्जी शामिल होंगी। जस्टिस बनर्जी के 23 सितंबर को रिटायर होने के साथ ही जस्टिस के0 एम0 जोसेफ कॉलेजियम में प्रवेश करेंगे।जस्टिस ललित 8 नवंबर को सीजेआई के रूप में रिटायर होंगे, इसके बाद जस्टिस चंद्रचूड़ 50वें मुख्य न्यायाधीश के तौर पर नियुक्त होंगे।

सबको न्याय देने वाले आज कॉलेजियम की बैठक में अपने लिए कोई न्याय नहीं कर पाये। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की बैठक में एक बार फिर जजों की नियुक्ति पर कोई सहमति नहीं बन पाई।अब यह तय हुआ है कि नए सीजेआई ही सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में जजों की नियुक्ति पर फैसला करेंगे। सूत्रों के मुताबिक आज की बैठक में भविष्य की नियुक्तियों के संबंध में कोई फैसला नहीं लिया गया।

सीजेआई एनवी रमण इतिहास में अपना नाम दर्ज करा चुके हैं, उनके कार्यकाल में सुप्रीम कोर्ट में एक साथ 9 जजों ने शपथ ली। पहली बार एक साथ तीन महिला जजों ने सुप्रीम कोर्ट में शपथ ली। इसी के साथ देश को पहली बार जस्टिस बी0 वी0 नागरत्ना के रूप में महिला सीजेआई मिलेंगी। विभिन्न हाईकोर्टों में सीजेआई रमण के कार्यकाल में करीब 250 जजों की नियुक्तियां हुईं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button