रिजेक्शन का इंजेक्शन लगाएगी जनता-स्मृति ईरानी

ये कैसा अद्भुत गठबंधन! सवाल अखिलेश से जवाब दे रहीं प्रियंका।सत्ता के लिए सपा-कांग्रेस उनसे हाथ मिलाएंगे जो निर्दाेष का खून बहाएंगे ।विपदा की घड़ी में ना साइकिल काम आई, ना हाथ और ना हाथी नजर आया।सपा-कांग्रेस को रिजेक्शन का इंजेक्शन लगाएगी जनता।

हिमांशु दुबे

कुशीनगर। केंद्रीय महिला कल्याण मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि सपा और कांग्रेस का ये कैसा गठबंधन है कि सवाल पूछा गया अखिलेश यादव से और उसका जवाब दे रही हैं प्रियंका वाड्रा। केंद्रीय मंत्री ने दोनों पार्टियों पर हमला बोलते हुए आगे कहा कि हमने अखिलेश जी से सिर्फ इतना ही पूछा है कि अहमदाबाद की आतंकी घटना में लिप्त लोग क्यों साईकिल और हाथ की शरण पाते हैं? क्यों उनके नेता ही आतंकियों से सहानुभूति होती है? कांग्रेस के नेता क्यों आतंकियों को वोट बैंक के चश्में से देखते हैं? उन्होंने कहा कि ‘अखिलेश बाबू’ का फोटो उस व्यक्ति के परिजनों के साथ है जिसने अहमदाबाद में सीरियल ब्लास्ट कराए और कई लोगों का घरदृबार उजाड़ दिया। मासूमों का बचपन छीन लिया, मां का आंचल सूना कर दिया, बहनों का सुहाग छीन लिया।

कुशीनगर में बीजेपी उम्मीदवार पीएन पाठक के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने प्रियंका का नाम लेते हुए साफ कहा कि प्रियंका ने पंजाब में उसको कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बनाया जिसने पाकिस्तान की सेना के सेनापति को गले लगाया और इमरान खान को अपना भाई बताया, यदि गांधी खानदान में हिम्मत है तो मेरी इस बात को झुठला दें। उन्होंने ये भी कहा कहा कि महाराष्ट्र में कांग्रेस एक ऐसे आदमी का संरक्षण कर रही है जो दाउद इब्राहिम के साथ मिला है। यह वही दाउद इब्राहिम है जिसने 1993 में मुंबई में ब्लास्ट करा कर हजारों लोगों का जीवन छीन लिया, उन्हें बर्बादी के रास्ते पर ला खड़ा किया। पूरी मुंबई को जिसने दहलाया गांधी परिवार उसी से जुड़े लोगों का संरक्षण कर रहा और इस बात को उनमें इतनी हिम्मत नहीं कि वह इसे झुठला सकें। केंद्रीय मंत्री ने ये भी कहा कि सत्ता के लिए सपा-कांग्रेस उनसे हाथ मिलाएंगे जो निर्दाेष का खून बहाएंगे। ऐसे खूनी हाथ को जनता को त्याग देना चाहिए। मोदी जी ने जब संसद में कहा की रामलला का भव्य मंदिर वहीं बनाएंगे तो इन लोगों ने हंगामा किया, सुप्रीम कोर्ट में भी इन्होंने निर्णय को लटकाने और भटकाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की नैय्या पूरी तरह से डूब रही है और इस डूबती नैय्या की पतवार ये लोग किसी लड़की को थमा के कहते हैं- लड़की हूं,लड़ सकती हूं। चुनाव आते ही ये चुनावी जीव जनता के बीच नया फार्मूला लेकर आते हैं। कभी जाति के नाम पर,  कभी धर्म के नाम पर कभी लिंग के नाम पर।

स्मृति ईरानी ने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा विपदा की घड़ी में ना साइकिल काम आई, ना हाथ काम आया और ना हाथी नजर आया। कोरोना के दौरान जब मौत दस्तक दे रही थी तब भाजपा ने घर-घर जाकर मास्क बांटा, राशन बांटा, लेकिन इस बात से प्रियंका वाड्रा दुखी हैं कि गरीब को राशन क्यों बांटा जा रहा है। सपा-बसपा की सरकार होती तो क्या गरीबों को ये राशन मिल पाता? कहा कि, कोरोना महामारी के दौरान हमारी सरकार ने देश में ही वैक्सीन का निर्माण किया और सबको मुफ्त टीका लगाया गया। वहीं गाधी परिवार के लोग लोगों को डरा रहे थे, टीके के नाम पर बरगला रहे थे। साइकिल वाले ने इसे बीजेपी की वैक्सीन का करार दिया। जबकि उन्ही सब लोगों ने मोदी जी का ही टीका लगवाया। सपा-कांग्रेस को रिजेक्शन का इंजेक्शन जनता लगाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button