जल संरक्षण कर अगली पीढ़ियों तक पहुंचाएं योजना का लाभ। जल अर्पण कार्यक्रम के जरिए जलशक्ति मंत्री ने ग्राम पंचायत को सौंपी जिम्मेदारी।
राकेश यादव
लखनऊ/ललितपुर। प्रदेश के हर ग्रामीण घर तक नल से जल पहुंचाने के लक्ष्य में जुटी राज्य सरकार अब परियोजनाओं को पूरा कर मिशन मोड में ग्राम पंचायतों को हैंडओवर करने जुट गई है। इसी के तहत शनिवार को जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने ललितपुर के तालबेहट ब्लॉक के तिन्द्रा गांव में जल अर्पण कार्यक्रम कर ग्रामवासियों को नल से जल पहुंचाने वाली इस योजना की कमान सौंपी। कभी पानी के लिए दूर-दूर तक भटकने वाले ग्रामवासी अपने हाथों में पानी की सप्लाई की कमान पाकर बेहद भावुक नजर आए। ग्रामवासियों ने संकल्प लिया कि वो अपनी आने वाली पीढ़ियों के लिए पानी का संरक्षण करेंगे। जिससे पानी के जो दुख और संकट उन्होंने झेला, वो उनकी आने वाली पीढ़ियों को न भुगतना पड़े।
तालबेहट ब्लॉक के तिन्द्रा गांव में आयोजित जल अर्पण कार्यक्रम के मौके पर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि राज्य सरकार घरों तक नल से जल की सप्लाई के साथ-साथ परिवारों को फ्री में राशन, घर तक बिजली, पक्की सड़क, किसान सम्मान निधि और बच्चों को पोषण आहार की सुविधा मुहैया करा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने नल से जल आप लोगों के घरों तक पहुंचा दिया है। अब आपकी जिम्मेदारी है कि आप पानी का इस्तेमाल भी करें और संरक्षण भी करें। जिससे आने वाली पीढ़ियों को भी इसी तरह घर तक पानी की सप्लाई मिलती रहे। कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री मनोहर लाल कोरी, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में राज्य सरकार के अधिकारी मौजूद थे।
जमीनी हकीकत जानने के लिए गांव-गांव पहुंच रही जल जीवन मिशन की टीम
कार्यक्रम के दौरान जलशक्ति मंत्री ने कहा कि वो और जल जीवन मिशन की पूरी टीम गांव-गांव जाकर जल जीवन मिशन की जमीनी हकीकत जान रही है। यह सुनिश्चित कर रही है कि हर घर तक नल से जल पहुंचे। इसमें किसी भी तरह का भेदभाव न हो। इस दौरान जलशक्ति मंत्री ने ग्रामवासियों से पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन योजना किसानों को आत्मनिर्भर बना रही है।



