भाजपा में जलजला एक साथ

जितेंद्र सिंह बबलू की परिक्रमा सफल, बसपा छोड़ भाजपा में शामिल हुये बबलू,रीता जोशी घर जलाओ कांड में अग्रणी भूमिका में थे,जितेंद्र !!रीता बहुगुणा जोशी के घर को जलाने का प्रयास किया गया था । उस समय वे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हुआ करती थीं। उस कांड में पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू बबलू और बसपा नेता इंतजार अहमद आब्दी उर्फ बॉबी समेत कई लोगों के नाम सामने आए थे।

लखनऊ ।  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बुधवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर बसपा, कांग्रेस सहित समाज के विभिन्न वर्गाे से जुड़े लोगों को उनके समर्थकों सहित पार्टी की सदस्यता दिलाई। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने विभिन्न राजनैतिक दलों व सामाजिक क्षेत्र से आए नेताओं व समाजसेवियों को भाजपा में शामिल करते हुए कहा कि भाजपा की गौरवशाली परम्परा में जनकल्याणकारी योजनाओं व निर्णयों से गरीब, वंचित, शोषित व उपेक्षित वर्ग को सम्मान, न्याय, उनके जीवन की खुशहाली के लिए सत्ता माध्यम मात्र है। उन्होंने कहा कि डा0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने प्रदेश की एकता-अखण्डता तथा राजनैतिक मूल्यों के लिए जीवन का बलिदान दिया। दीनदयाल जी के अन्त्योदय के मूल में अंतिम पायदान के व्यक्ति के जीवन में समृद्धि के साथ ही शक्तिशाली व समृद्ध राष्ट्र की अवधारणा है, और उसी मार्ग पर प्रधानमंत्री मोदी मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में केन्द्र व राज्य की सरकारें व भाजपा आगे बढ़ रही है।


उन्होंने कहा कि भाजपा वंशवाद, क्षेत्रवाद, जातिवाद, परिवारवाद वाली पार्टी नहीं है बल्कि दलित, शोषित, वंचित, आदिवासी के उत्थान के लिए दिन-रात काम करने वाली पार्टी है। उन्होनें कहा कि पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में जनकल्याण के लिए सेवा भाव से काम करता है। इसलिए बूथ पर काम करने वाला कार्यकर्ता भी एक दिन प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित किसी भी दायित्व पर पहुंच सकता है। उन्होंने आज पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले लोगों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी की रीति-नीति और सिद्धान्त के अनुरूप कार्य करते हुए मोदी-योगी सरकार की नीतियों का लाभ जन-जन तक पहुंचाने और उसका प्रचार-प्रसार करने के लिए योजनापूर्वक कार्य करे।

17 जुलाई 2009 को प्रदेश कांग्रेस की तत्कालीन अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी के सरोजनी नायडू मार्ग हुसैनगंज स्थित आवास में आग लगाई गई थी। इसमें बसपा के तत्कालीन विधायक जितेंद्र सिंह बबलू और दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री इंतिजार आब्दी सहित कई लोगों के नाम मुकदमा दर्ज किया गया था। डॉ. जोशी इस समय प्रयागराज से भाजपा सांसद हैं। उनका मकान जलाने के आरोपी को पार्टी में शामिल करने का मामला तूल पकड़ गया है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष भी बबलू को पार्टी में शामिल करने का प्रयास किया गया था। लेकिन उच्च स्तर पर विरोध के जलते ज्वाइनिंग नहीं हो सकी थी।


प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा की पट्टिका पहनाकर बसपा से पूर्व विधायक जितेन्द्र कुमार सिंह (अयोध्या), कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष तथा पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पंकज मोहन सोनकर (आजमगढ़), बसपा के पूर्व को-आर्डिनेटर मनोज शर्मा (गाजियाबाद), बसपा से पूर्व लोकसभा प्रत्याशी प्रवेश सिंह (रायबरेली) के साथ ही सेवानिवृत्त एयर कोमोडोर श्याम शंकर तिवारी तथा समाज सेविका डा0 बीना लवानियां को भाजपा परिवार में शामिल कराया। मंच का संचालन प्रदेश महामंत्री व विधान परिषद सदस्य गोविन्द नारायण शुक्ला ने किया।इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री व सांसद सुब्रत पाठक, क्षेत्रीय अध्यक्ष शेष नारायण मिश्रा, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी हिमांशु दुबे, अभय प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी, सांसद विजय दुबे, विधान परिषद सदस्य ठाकुर जयवीर सिंह, विधायक सुशील सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button