मोदी है तो मुमकिन है-स्वतंत्र देव सिंह

भाजपा सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि मोदी है तो मुमकिन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश ने सौ करोड़ वैक्सीन लगाकर इतिहास रचने का काम किया है। उन्होने कहा कि जिस समय विपक्ष देश में निर्मित वैक्सीन तथा भारतीय वैज्ञानिकों की प्रतिभा पर प्रश्न खड़ा कर देश में भ्रम तथा आशंका का वातावरण बना रहा था, उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा पूरे देश को अपने वैज्ञानिकों पर पूरा भरोसा था। मोदी जी ने महामारी के समय देश के डाक्टर, नर्स सहित सभी कोरोना वारियर्स का आवाह्न किया और देश कोरोना को हराने के लिए एक साथ खड़ा हो गया। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह नया भारत है जो मोदी जी के नेतृत्व में हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।

उन्होने कहा कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए कोविड को परास्त करने में परिश्रम की पराकाष्ठा के लिए सभी हेल्थ वर्कस और कोरोना वारियर्स का अभिनन्दन तथा देश को चुनौतियों से निपटने और इस अवसर के रूप में तब्दील करने और देश का कदम-कदम पर मार्गदर्शन करने के लिए माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का हार्दिक अभिनन्दन। श्री सिंह राजधानी लखनऊ के विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन को राज्यसभा सदस्य हरनाथ यादव, प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव, पार्टी के प्रदेश मंत्री सुभाष यदुवंश, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप, विधायक महेन्द्र यादव, अरूण यादव, संगीता यादव आदि ने भी सम्बोधित किया। 


श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व की भाजपा सरकार में बिना पक्षपात के योग्यता के आधार पर पारदर्शी प्रक्रिया से साढे़ चार लाख नौकरियां दी गई। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के दौरान सरकारी नौकरियां भाई-भतीजावाद व भ्रष्टाचार में रेवड़ियों की तरह बांटी गई तथा युवाओं को बार-बार छला गया। उन्होने कहा कि आज शासन संविधान के अनुरूप चल रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी जाति की बेटी हो वह सपा सरकार के दौरान बाहर निकलने में डरती थी। परिवार भी बेटियों के सकुशल घर वापस लौटने तक आशंकित रहते थे, मनचलों के हौसले बुलन्द थे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने समाजवादी पार्टी पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि यह एक ऐसा दल है कि जहां सब कुछ घर घराने और परिवार में ही बंटता है। उन्होंने कहा आज कांग्रेस-सपा-बसपा की वंशवादी, जातिवादी और परिवारवादी सोच के खिलाफ समाज के सभी वर्गों के लोग भाजपा के साथ पूरी ताकत के साथ खडे़ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही भाजपा सरकार, सबका साथ-सबका विकास के मंत्र पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी व्यक्ति विशेष की पार्टी नहीं है और ना ही ट्रस्ट। यह उन सभी लोगों की पार्टी है जो लोग भाजपा में काम कर रहे हैं। भाजपा में प्रत्येक व्यक्ति अपनी योग्यता के आधार पर संगठन व सरकार के शीर्ष स्थान तक पहुंच सकता है।


प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने और अपने परिवार के लिए कोई मकान नहीं बनवाया। उन्होंने गरीबों के मकान बनवाए। उनके परिवार का कोई व्यक्ति सरकारी गाड़ी में सफर नहीं करता। वह पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने चार बार संयुक्त राष्ट्र संघ के सत्र को संबोधित किया। वे उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश में बम नहीं गिरते। सरकार व्यवस्था और सिस्टम से चलती है। शासन संविधान और कानून से चल रहा है। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button