योगी सरकार में विकास और छात्रहित दोनों सर्वोपरि, गोरखपुर में 502 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात।गीडा के 37वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 502 करोड़ की 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। 17,650 करोड़ के निवेश और 50 हजार रोजगार का लक्ष्य, युवाओं की स्किलिंग व छात्रहित पर जोर।
- मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में गीडा के 37वें स्थापना दिवस पर 502 करोड़ रु0 से अधिक लागत की 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
- मुख्यमंत्री ने गोरखपुर ट्रेड-शो एवं ओ0डी0ओ0पी0 फेस्ट का उद्घाटन, चकभोप आवासीय योजना तथा गीडा की नई वेबसाइट का शुभारम्भ, आवासीय एवं औद्योगिक भूखण्डों के लाभार्थियों को आवंटन पत्र वितरित किए।
- प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए विकसित उ0प्र0 का निर्माण आवश्यक।
- डबल इंजन सरकार द्वारा अच्छी सड़कों, बिजली, सुरक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की सुविधाओं से प्रदेश में विकास का वातावरण तैयार किया गया।
- आज गीडा विकास की सीढ़ियां तेजी से चढ़ता हुआ औद्योगिक क्षेत्र बन रहा।
- गीडा में कार्य करने वाले श्रमिकों के लिए डॉरमेट्री और सस्ते भोजन की व्यवस्था की जाएगी।
- गोरखपुर ट्रेड-शो एवं ओ0डी0ओ0पी0 मेले में उ0प्र0 की ताकत का एहसास हो रहा, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के साथ वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन की विशेषता यहां प्रदर्शित की जा रही।
- सरकार कारीगरों, उद्यमियों, व्यापारियों, युवाओं और नारी शक्ति के साथ मजबूती से खड़ी।
- सुरक्षा और सुशासन के वातावरण ने उद्यमियों का विश्वास बढ़ाया, इसी का परिणाम कि आज देश और विदेश के उद्योगपति गोरखपुर में उद्योग स्थापित करने के लिए निवेश कर रहे।
- गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर हुई, अब तक गीडा में 15,000 करोड़ रु0 से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके।
- नए निवेश प्रस्तावों के साथ 17,650 करोड़ रु0 के एम0ओ0यू0 हुए, इस निवेश से लगभग 50 हजार लोगों के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
- सरकार का प्रयास कि युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप अवसर मिलें और वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकें।
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास, निवेश, रोजगार और युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने के उद्देश्य से योगी सरकार लगातार विकास परियोजनाओं को गति दे रही है। गोरखपुर में गीडा (गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण) के 37वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 502 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 104 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में 17,650 करोड़ रुपये से अधिक के नए निवेश प्रस्तावों के एमओयू भी हुए, जिनसे करीब 50 हजार लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
औद्योगिक विकास के साथ रोजगार सृजन पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी सरकार का दायित्व केवल बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार, उद्यमियों को बेहतर वातावरण और आम नागरिकों को सुविधाजनक जीवन देना भी है। सरकार की नीतियों से प्रदेश में सुरक्षा, सुशासन, बेहतर सड़कें, बिजली, स्वास्थ्य सेवाएं और निवेश का माहौल तैयार हुआ है। गीडा में अब तक 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। नए निवेश प्रस्तावों के साथ 17,650 करोड़ रुपये से अधिक के एमओयू हुए हैं। इन निवेशों से लगभग 50 हजार लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है।
युवाओं की स्किलिंग और छात्रहित को प्राथमिकता
योगी सरकार का जोर युवाओं को केवल डिग्री तक सीमित रखने के बजाय आधुनिक तकनीक और रोजगारपरक कौशल से जोड़ने पर है। गीडा में नाइलेट (NIELIT) के माध्यम से साइबर सिक्योरिटी, डिजिटल फॉरेंसिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, क्लाउड कम्प्यूटिंग, ब्लॉकचेन और इंटरनेट ऑफ थिंग्स जैसे विषयों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता और रुचि के अनुसार प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ना है। वर्ष 2023 से अब तक नाइलेट में 4,300 से अधिक युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं।
60 हजार युवाओं को टैबलेट, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा
छात्रों और युवाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने के लिए सरकार ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया और कुशीनगर के 60 हजार युवाओं को टैबलेट उपलब्ध कराए हैं। इन टैबलेट में इन्फोसिस के सहयोग से 18 हजार कोर्स अपलोड किए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को डिजिटल लाइब्रेरी, रोजगार, स्टार्टअप और सरकारी योजनाओं की जानकारी हासिल करने में मदद मिलेगी। सरकार का उद्देश्य युवाओं को तकनीक से जोड़कर उनकी पढ़ाई, कौशल और रोजगार की संभावनाओं को व्यापक बनाना है।
निवेश के साथ श्रमिकों की सुविधाओं का भी ध्यान
औद्योगिक विकास के साथ श्रमिकों और कर्मचारियों के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में भी योजनाएं बनाई जा रही हैं। गीडा में श्रमिकों के लिए डॉरमेट्री और सस्ती भोजन व्यवस्था विकसित की जाएगी, ताकि दूर-दराज से काम करने आने वाले श्रमिकों को रहने और भोजन की बेहतर सुविधा मिल सके। वहीं, चकभोप आवासीय योजना के तहत लगभग 463 करोड़ रुपये की लागत से नई आवासीय कॉलोनी विकसित की जा रही है, जिसमें विभिन्न आय वर्ग के लोगों के लिए आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
ओडीओपी और स्थानीय उत्पादों को मिलेगा नया मंच
गोरखपुर ट्रेड-शो एवं ओडीओपी फेस्ट के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों और उद्यमियों की क्षमता को प्रदर्शित करने पर जोर दिया। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के साथ वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन की विशेषता को भी मंच दिया जा रहा है। इससे स्थानीय कारीगरों, व्यापारियों, उद्यमियों और छोटे कारोबारियों को अपने उत्पादों की पहचान बढ़ाने तथा नए बाजारों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

विकास और छात्रहित से आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए विकसित उत्तर प्रदेश का निर्माण आवश्यक है। सरकार की प्राथमिकता युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप अवसर देना, निवेश को बढ़ावा देना, रोजगार सृजन करना और प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र का संतुलित विकास सुनिश्चित करना है।
गोरखपुर में गीडा के 37वें स्थापना दिवस पर शुरू की गई परियोजनाएं औद्योगिक विकास, रोजगार, कौशल प्रशिक्षण, आवास और छात्रहित को एक साथ आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ युवाओं, श्रमिकों, उद्यमियों और आम नागरिकों तक पहुंचे तथा उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़े।



