जन आशीर्वाद यात्रा से विपक्ष में हताशा व घबराहट- स्वतंत्र देव सिंह

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्रीय मंत्रिमण्डल में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले केन्द्रीय मंत्रियों द्वारा जनता का आशीर्वाद लेने के लिए सोमवार से प्रदेश में शुरू की गई ‘जन आशीर्वाद यात्रा‘ का जगह-जगह पर अभूतपूर्व स्वागत व अभिनंदन कर समर्थन देने के लिए जनता का आभार जताया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर विपक्षी दलों के नेताओं द्वारा की जा रही बयान बाजी को उनकी हताशा व घबराहट का परिणाम बताते हुए कहा कि जिस तरह से आज जन आशीर्वाद यात्रा का जगह-जगह पर स्वागत कर जनता ने मोदी-योगी सरकार द्वारा लोक कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों और भाजपा सरकार की नीतियों पर अपनी मुहर लगाई है, उससे साबित होता है कि जनता का विश्वास भाजपा पर और भी दृढ़ हुआ है। इसीलिए जनता ने जन आशीर्वाद यात्रा पर निकले केन्द्रीय मंत्रियों को जगह-जगह पर अपना आशीर्वाद व समर्थन दिया।नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल में स्थान पाने वाले UP के 7 सांसद आने वाले विधानसभा चुनाव 2022 से पहले प्रदेश में जगह-जगह जन आशीर्वाद यात्राएं निकालेंगे। सातों सांसद केंद्रीय मंत्री की हैसियत से जनता का आशीर्वाद लेंगे। यात्राओं की शुरुआत 16 अगस्त से हुई है। ये 20 अगस्त तक चलेंगी।

केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी बस्ती के लिए, कौशल किशोर मोहान उन्नाव के लिए और अजय मिश्र टेनी संडीला, हरदोई के लिए प्रस्थान किया। यहां से वे जन आशीर्वाद यात्रा शुरू करेंगे। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह पर केंद्रीय मंत्रियों का स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा। इस दौरान यह मोदी और योगी सरकार की उपलब्धियां जनता को बताएंगे।


प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने विपक्षी दलों के नेताओं द्वारा जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर की जा रही बयानबाजी पर पलटवार करते हुए कहा कि सपा-बसपा कांग्रेस पिछड़ों, दलितों और वंचितों के नाम पर राजनीति करती रही, उनके वोटों का सौदा करती रहीं लेकिन जब भागीदारी देने की बारी आई तो घर-घराने में ही सारी कुर्सी बांट दी। मोदी जी-योगी जी की अगुवाई में समाज के सभी वर्गों के न केवल विकास की यात्रा तय हो रही है बल्कि सरकार से लेकर नीति निर्धारण तक का वे अहम हिस्सा हैं। ऐसे में परिवारवाद और भ्रष्टाचार की राजनीति करने वालों को सबका साथ सबका विकास की नीति पच नहीं रही है।

केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और UP की योगी सरकार भीमराव अंबेडकर, राममनोहर लोहिया और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के मिशन को पूरा कर रही है। रोटी, कपड़ा और मकान के साथ ही किसानों के लिए किसान सम्मान निधि की व्यवस्था भी केंद्र सरकार ने की है। हम अब जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान इन सभी बातों से लोगों के रूबरू कराएंगे। इसके साथ ही जनता का आशीर्वाद लेंगे। ताकि 2022 में उत्तर प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बने।


उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी की वैश्विक आपदा के समय जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार आमजन के जीवन और उसकी जीविका को बचाने के लिए काम कर रही थी, उस वक्त भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता भी सेवा ही संगठन के माध्यम से हर गरीब व जरूरतमंद की सहायता के लिए उसके साथ खड़ा था। लेकिन आज जो लोग भाजपा सरकार और संगठन पर सवाल खडे कर रहे हैं उन्हें बताना चाहिए कि वे लोग तब कहां थे जब लोग कोरोना संक्रमण की महामारी से जूझ रहे थे, उन्हें यह भी बताना चाहिए कि उन्होंने आमजन की सहायता के लिए क्या किया?

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी ने कहा कि हम सभी लोग जन आशीर्वाद यात्रा पर निकले हैं। हम अपने लोकसभा क्षेत्र के अलावा बाकी क्षेत्रों में भी जाएंगे और लोगों का आशीर्वाद लेंगे। केंद्र सरकार और राज्य सरकार के कामकाज के बारे में भी जन-जन को बताएंगे।


प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सपा-बसपा को कांग्रेस की ‘बी‘ और ‘सी‘ टीम बताते हुए कहा कि सपा-बसपा के शासन में उत्तर प्रदेश में जातिवाद, वंशवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और अराजकता का माहौल था। गरीबों के नाम पर चलने वाली सरकारी योजनाओं में जमकर जनधन की लूट होती थी। महापुरूषों के नाम पर बनने वाले स्मारकों के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार व घोटालों को जनता आज भी नहीं भूली है।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि मोदी-योगी की सरकार में गांव, गरीब, किसान, महिलाओं, युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाबद्ध ढंग से कार्य हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 व 35ए की समाप्ति, तीन तलाक की कुप्रथा को खत्म करने और अयोध्या में प्रभु राम के भव्य मंदिर  के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। मोदी-योगी के नेतृत्व में केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार ने जन अपेक्षाओं को पूरा करते हुए देश व प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है। यही कारण है कि जन आशीर्वाद यात्रा को जनता का अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button