किसान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं किसानों की समस्याएं

किसान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं किसानों की समस्याएं,अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश। रबी की फसल के लिए पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराने, नहरों की सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं पशुओं के टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के निर्देश।

अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि धान की कटाई का कार्य प्रारंभ होने वाला है। ऐसे में किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने रबी की फसल के लिए पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा डीएपी सहित अन्य आवश्यक उर्वरकों की आपूर्ति किसानों तक सुचारु रूप से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। यदि कहीं भी उर्वरक की उपलब्धता अथवा वितरण को लेकर कोई समस्या हो, तो किसान तत्काल अवगत कराएं, जिससे उसका त्वरित समाधान कराया जा सके।

जिलाधिकारी ने चीनी मिलों को पेराई सत्र के दृष्टिगत सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को नहरों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने, विद्युत विभाग को किसानों के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा एलडीएम को फसल बीमा योजना के प्रति किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन विकासखंडों में पशुओं का टीकाकरण शेष है, वहां विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराया जाए।

बैठक में कृषि, उद्यान, गन्ना, सिंचाई, विद्युत, सहकारिता सहित विभिन्न विभागों द्वारा रबी की फसल की तैयारियों, धान क्रय, उर्वरकों की उपलब्धता एवं आलू के बीज की व्यवस्था आदि की समीक्षा की गई। जनपद में धान क्रय की प्रक्रिया 01 नवंबर 2026 से प्रारंभ होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को धान क्रय केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।

इस दौरान गत किसान दिवस दिनांक 16 सितंबर 2026 में प्राप्त शिकायतों पर विभिन्न विभागों द्वारा की गई कार्रवाई एवं निस्तारण की आख्या से किसानों को बिंदुवार अवगत कराया गया। किसान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, डॉ. इंद्रदेव माहर, उप कृषि निदेशक डॉ. पी.के. कनौजिया सहित पशुपालन, सिंचाई, विद्युत, एलडीएम, उद्यान, मत्स्य एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रगतिशील किसान तथा किसान यूनियन के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button