अखिलेश का विजय रथ कानपुर से हमीरपुर पहुंचा

समाजवादी विजय रथ यात्रा के साथ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज कानपुर के गंगाघाट से चुनाव अभियान की शुरूआत कर दी। इस मौके पर विशाल जनसभा के बीच जब अखिलेश यादव विजय रथ पर सवार हुए तो उत्साही भीड़ ने गगनभेदी नारों से उनका स्वागत किया। नोटबंदी में पैदा हुए खजांची ने समाजवादी विजय रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लाल टोपी लगाए कार्यकर्ताओं और नेताओं के समूह से गंगाघाट लालरंग से रंग गया और समाजवादी पार्टी के हरे लाल रंग के लहराते झंडों से वातावरण में इंद्रधनुषी रंग बिखरते दिखाई पड़ रहे थे। उनका नौबस्ता, नेवेली लिग्नाइट बिजली घर पर भव्य स्वागत हुआ।अखिलेश यादव के अभूतपूर्व स्वागत में पूरा कानपुर उमड़ आया था। सड़क के दोनों किनारों पर बच्चे-बूढ़े, जवान और महिलाएं खड़ी, होकर उनका अभिनंदन कर रही थी। श्रमिक भी बड़ी संख्या में आए थे। उनके जिंदाबाद के नारों से माहौल गूंज रहा था। कार्यकर्ताओं में उत्साह हिलोरें मारने लगा। उन्होंने रथ पर सवार होते समय सभी का अभिवादन किया और समाजवादी विजय रथ की सफलता और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।अखिलेश यादव के समक्ष पूर्व सांसद राजाराम पाल ने सपा की सदस्यता ग्रहण की।

अखिलेश यादव ने कहा कि यह यात्रा गंगा-जमुनी तहजीब को बचाने और उत्तर प्रदेश के नवनिर्माण के लिए है। उत्तर प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाना है। यह तहजीब ही हमारी पहचान है। सभी धर्म के लोग प्रेमभाव से रहें उसको मजबूती देने के लिए यह यात्रा है। उन्होंने कहा गंगा से लेकर यमुना तक यह विजय रथ चलेगा। इसके पहले चरण में यह 4 जिलों कानपुर शहर, कानपुर देहात, हमीरपुर, जालौन तक यात्रा जाएगी। समाजवादी विजय रथ यात्रा किसानों, नौजवानों के हक और सम्मान के लिए निकली है।घाटमपुर में नेवेली लिग्नाइट बिजली घर के पास आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। कालाधन वापस नहीं आया, महंगाई थमी नहीं। पेट्रोल-डीजल-रसोई गैस और खाद, कीटनाशक के दाम आसमान चढ़ गए। किसान, गरीब, नौजवान सभी दुःखी है। यह सरकार गरीबों का हक छीन रही है। रोजी-रोजगार की उम्मीदें टूट गई हैं। भाजपा सरकार राष्ट्रीय बेचने में लगी है। आरक्षण खत्म किये जाने की साज़िश है।

उत्तर प्रदेश में सपा के विजय रथ के साथ उमड़ा जन सैलाब भीड़ देख अखिलेश गदगद


समाजवादी सरकार बनने पर किसानों को बिजली फ्री में भी दे सकते हैं। सिंचाई मुफ्त होगी। जनता की सुविधा के लिए सपा सरकार ने एम्बूलेंस सेवा 108, 102 शुरू की थी। अपराधों पर नियंत्रण के लिए 100 व महिला सुरक्षा के लिए 1090 डायल सेवाएं शुरू की थी, इनका विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि नेवेली लिग्नाहट बिजली घर सपा सरकार में बना यदि इसे पूरा कर दिया गया होता तो यहां प्रदेश में उजाला के साथ देश के अन्य भागों को भी बिजली मिलती। भाजपा सरकार साढ़े चार साल में भी उसे पूरा नहीं कर पाई। सपा सरकार आने पर हम ही उद्घाटन करेंगे।जनता में जो उत्साह दिख रहा है उससे लग रहा समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। दुबारा भाजपा सरकार नहीं आएगी। बाबा, बुल और बुलडोजर सभी जाएंगे। हम 400 से ज्यादा सीटें जीतेंगे। उन्होंने कहा किसानों-नौजवानों, व्यापारियों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों की भी यह जीत होगी।

कानपुर में रथ पर सवार होने से पहले पत्रकारों से वार्ता में कहा कि यह प्रदेश किसानों का है लेकिन किसान यहां सबसे ज्यादा अपमानित और पीड़ित है। उनसे कहा गया था कि आय दुगनी होगी परन्तु वह भी छीन ली गई। धान खड़ा हुआ है, उसकी कीमत नहीं मिल रही है। किसानों को लखीमपुरखीरी में गाड़ियों से कुचल दिया गया। अगर भाजपा को नहीं हटाया गया तो यह उन्हें टायरों से संविधान को कुचल देंगे।


अखिलेश यादव ने कानपुर से विजय रथ यात्रा की शुरूआत के सम्बंध में कहा कि कानपुर औद्योगिक नगरी है। भाजपा राज में उद्योग बर्बाद है। जनता भाजपा के कुशासन, अन्याय, अत्याचार से पीड़ित है। भाजपा से उत्तर प्रदेश को धोखा मिला है। किसान अपमानित हुआ है। नौजवान की नौकरी, रोजगार छिन गया है, महंगाई बढ़ी है। इसलिए समाजवादी विजय रथ से जनता के बीच जा रहे हैं, जिससे उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी का सफाया हो जाएगा।जब-जब समाजवादी पार्टी की रथ यात्राएं निकली हैं प्रदेश की जनता ने विजय का आशीर्वाद दिया है। गंगा घाट पर प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, सांसद विशम्भर प्रसाद निषाद तथा आनन्द भदौरिया, संजय लाठर, उदयवीर सिंह, सुनील सिंह साजन, डॉ0 राजपाल कश्यप, राजेश यादव एमएलसीगण, प्रदेश अध्यक्ष छात्र सभा दिग्विजय सिंह ‘देव‘, एवं कानपुर के विधायक इरफान सोलंकी, अमिताभ बाजपेयी के अतिरिक्त सुरेन्द्र मोहन अग्रवाल, कानपुर महानगर अध्यक्ष डॉ0 इमरान भी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button