फॉर्म-6 के जरिए फर्जी वोट जोड़ने की साजिश का आरोप, अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से मांगा जवाब।2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति में वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। अखिलेश यादव ने भाजपा पर चुनाव आयोग के साथ मिलकर फॉर्म-6 के जरिए कथित तौर पर करोड़ों फर्जी वोट जोड़ने की साजिश का आरोप लगाया है। आखिर क्या है अखिलेश का यह बड़ा खुलासा? क्या चुनाव से पहले मतदाता सूची में कोई बड़ा खेल हो रहा है, या यह सियासी आरोप-प्रत्यारोप का नया दौर है? 2027 से पहले उठे इन सवालों ने यूपी की राजनीति में हलचल तेज कर दी है।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर चुनाव आयोग के साथ मिलकर फॉर्म-6 के जरिए करोड़ों फर्जी वोट जोड़ने की साजिश का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि एसएसआर के बाद फॉर्म-6 के आवेदनों में 22 गुना वृद्धि हुई है और एसआईआर के बाद जिन विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या कम हुई थी, वहां फिर से वोट बढ़ने शुरू हो गए हैं।
शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों, डुप्लीकेट मतदाताओं और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से मतदाताओं की संख्या को लेकर अलग-अलग बयान दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाता हटा दिए गए, जबकि मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से ढाई करोड़ मतदाताओं के गायब होने की बात सामने आई है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर दोनों में से कौन सही और कौन गलत है?
मतदाता सूची में नाम गायब होने के शोर के पीछे क्या है साजिश?
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि करोड़ों मतदाताओं के नाम गायब होने का शोर इसलिए मचाया जा रहा है, ताकि अंतिम मतदाता सूची जारी होने से पहले बड़े पैमाने पर नए वोट जोड़ने की प्रक्रिया पर सवाल न उठें। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जल्द ही प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात करेगी और कथित तौर पर जोड़े जा रहे फर्जी मतदाताओं के प्रमाण सौंपकर कार्रवाई की मांग करेगी। यदि कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन करने पर विचार करेगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर 17 नवंबर तक मतदाता सूची में 2 लाख 84 हजार फर्जी वोट जुड़वाए हैं। समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में शिकायत भी की है।
कई विधानसभा क्षेत्रों में डुप्लीकेट वोटर होने का दावा
अखिलेश यादव ने इलाहाबाद दक्षिण, गाजियाबाद, गोरखपुर शहरी, इलाहाबाद पश्चिम और वाराणसी कैंट विधानसभा क्षेत्रों का उदाहरण देते हुए दावा किया कि इन शहरी क्षेत्रों में एसआईआर के बाद प्रत्येक 1,000 मतदाताओं पर 5 से 7 डुप्लीकेट मतदाता जोड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर 2026 को समाजवादी पार्टी ने ऑडिट जारी कर मतदाता सूची में लाखों डुप्लीकेट वोटरों की मौजूदगी का मुद्दा उठाया था। पार्टी ने फर्जी मतदाताओं के विवरण के साथ चुनाव आयोग को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन 17 नवंबर 2026 को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में भी लाखों डुप्लीकेट मतदाता मौजूद होने का दावा किया जा रहा है।

अधिकारियों के तबादलों पर भी उठाए सवाल
सपा प्रमुख ने मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान प्रदेश में बड़ी संख्या में अधिकारियों के ट्रांसफर और पोस्टिंग पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि इन तबादलों से किसे फायदा पहुंचाया जा रहा है और चुनाव आयोग ने इस मामले में संज्ञान क्यों नहीं लिया? अखिलेश यादव ने मांग की कि चुनाव आयोग बताए कि समाजवादी पार्टी की ओर से अब तक दिए गए लाखों डुप्लीकेट मतदाताओं के विवरण में से कितने नाम हटाए गए हैं। उन्होंने चुनावी ड्यूटी में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के बीच कम से कम 50 प्रतिशत अधिकारी पीडीए वर्गों से नियुक्त किए जाने की मांग भी रखी।
वोटर आईडी को आधार से जोड़ने और बायोमेट्रिक सत्यापन की मांग
अखिलेश यादव ने मतदाता पहचान पत्र को आधार से जोड़ने, बायोमेट्रिक सत्यापन कराने और वोटर आईडी कार्ड को मेटल का बनाए जाने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक व्यक्ति का आधार कार्ड उपलब्ध है और बायोमेट्रिक पहचान की व्यवस्था भी है, तो मतदाता सूची को इससे जोड़ने में क्या परेशानी है?
परिसीमन भाजपा की बड़ी भूल होगी: अखिलेश
परिसीमन के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि परिसीमन भाजपा की सबसे बड़ी भूल साबित होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अब तक जो बड़े फैसले लिए हैं, उनसे जनता को अपेक्षित लाभ नहीं मिला। नोटबंदी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने दावा किया था कि इससे भ्रष्टाचार समाप्त होगा और महंगाई कम होगी, लेकिन उनके मुताबिक भ्रष्टाचार बढ़ा और महंगाई चरम पर पहुंच गई। रसोई गैस, बिजली बिल, डीजल-पेट्रोल, चीनी और अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी से आम जनता परेशान है। उन्होंने देश की सीमाओं की सुरक्षा को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए और चीन की घुसपैठ का आरोप लगाते हुए सरकार से जवाब मांगा। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार बताए कि वर्ष 2014 में भारत का क्षेत्रफल क्या था और 2026 के बाद क्या है?
2027 में भाजपा की हार का दावा, कांग्रेस के साथ गठबंधन पर बोले अखिलेश
अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा 2027 का विधानसभा चुनाव हारने जा रही है और इसी डर से परिसीमन का बिल लाना चाहती है। कांग्रेस के साथ गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां बैठकर बातचीत करेंगी और गठबंधन होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इंडिया गठबंधन भाजपा को हराएगा। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां जीतने वाले प्रत्याशियों को समायोजित करेंगी। समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन चुनाव की पूरी तैयारी कर रहे हैं तथा जीतने वाले प्रत्याशियों पर काम किया जा रहा है। जनता भी ऐसे उम्मीदवारों को देखना चाहती है जो चुनाव जीतकर जनता की आवाज बन सकें।
समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र पर क्या बोले अखिलेश?
समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी ने हमेशा अपने वादे पूरे किए हैं और सरकारों में घोषणाओं से भी अधिक काम किया है। उन्होंने दावा किया कि घोषणापत्र में किए गए सभी वादों का आकलन किया गया है और उन्हें पूरा करने के लिए विस्तृत होमवर्क किया गया है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है। स्मार्ट सिटी बनाने के वादे पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि कहीं भी वास्तविक स्मार्ट सिटी दिखाई नहीं दे रही, यह केवल बोर्डों तक सीमित रह गई है। अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मतदाता सूची, कथित फर्जी वोट, चुनाव आयोग की भूमिका, परिसीमन, महंगाई, सीमा सुरक्षा, विपक्षी गठबंधन और 2027 के चुनाव को लेकर भाजपा पर तीखा हमला देखने को मिला।



