जनता ने भाजपा की खटिया कर दी खड़ी-अखिलेश यादव

  अखिलेश यादव ने आज हरदोई में संडीला टाऊन, इमलिया बाग चर्च और रायबरेली में ग्राम झिंगना के पास का मैदान, अमेठी में ग्राम मुबारकपुर के पास का मैदान, जगदीशपुर तथा सुल्तानपुर में सुल्तानपुर हवाई पट्टी पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलनों को सम्बोधित  किया।अखिलेश यादव ने अपने सम्बोधन में कहा कि ये चुनाव सरकार बनाने का है। इसमें सीधा-सीधा मुकाबला जनता और भाजपा के बीच है। जनता समाजवादी पार्टी और छड़ी के साथ खड़ी है। भाजपा को जनता का समर्थन नहीं मिल रहा है। हर चरण में जनता आपस में मुकाबला कर रही है कि कौन भाजपा को कितने ज्यादा वोटों से हरायेगा।समाजवादी पार्टी और सुहेल देव भारतीय समाज पार्टी की संयुक्त जनसभा को संडीला हरदोई में सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को जनता का समर्थन नहीं मिल रहा है। जनता ने भाजपा की खटिया खड़ी कर दी है, इसीलिए भाजपा नेताओं के घटिया बयान आ रहे हैं। भाजपा हार रही है। जनता में भाजपा के खिलाफ 440 बोल्ट का करंट चल रहा है। यह चुनाव जनता लड़ रही है। समाजवादी पार्टी और उसके गठबंधन के सहयोगी जनता के साथ खड़े हैं। किसानों को एमएसपी नहीं मिली, किसान को खेत का रखवाला बना दिया।


 जब से सपा गठबंधन में सुहेलदेव भारतीय, समाज पार्टी, महान दल, अपना दल कमेरावादी, जनवादी पार्टी समेत अन्य दल आए हैं पूरा माहौल बदल गया है। गठबंधन प्रदेश में सरकार बनाने जा रहा है। जो लोग गर्मी निकालने की बात कह रहे थे, तीन चरण के चुनाव में जनता ने उनकी भाप निकाल दिया है। उन्होंने कहा सरकार बनने पर तीन महीनों के अन्दर जाति जनगणना कराई जाएगी। परशुराम जयंती पर अवकाश रहेगा। गरीबों को 18 हजार रुपए वार्षिक पेंशन देंगे, मुख्यमंत्री योगी के चेहरे पर 12 बज गए हैं। अपने पूरे पांच साल के कार्यकाल में नाम और रंग बदलने वाले बाबा मुख्यमंत्री का भी नाम बदल गया है। अब उनका नाम बुल्डोजर बाबा हो गया है। उन्होंने कहा कि बुल्डोजर बाबा को पता चल गया कि हार रहे हैं इसीलिए वह मुख्यमंत्री आवास में धुएं के धब्बे मिटा रहे हैं। सुना है कि सीएम ने पीएम अर्थात पैकर्स और मूवर्स को भी बुला लिया है। अब गोरखपुर मठ में सामान ले जाने की तैयारी कर रहे हैं।


   अखिलेश यादव ने कहा कि हर चरण के मतदाताओं में भाजपा को बड़ी पराजय देने का कम्पटीशन चल रहा है। भाजपा की पहले चरण से बड़ी हार दूसरे चरण में होगी और दूसरे से बड़ी हार तीसरे में होगी। किसान और नौजवान भाजपा को शून्य पर पहुंचा देंगे। किसान और नौजवान भाजपा सरकार में हुए अपने अपमान को कभी भूल नहीं सकते है। भाजपा के छोटे नेता छोटा झूठ बोलते हैं, बड़े नेता बड़ा झूठ और सबसे बड़े नेता सबसे सफेद झूठ बोलते हैं।श्री यादव ने कहा कि भाजपा के नेता महंगाई, बेरोगारी पर बात नहीं करते हैं। उन्हें पता है कि महंगाई, बेरोजगारी भाजपा ने बढ़ाई है। पेट्रोल सौ रुपए पहुंच गया है। भाजपा फिर आयी तो पेट्रोल के भाव दो सौ रूपये पहुंच जाएंगे। आज गरीब की गाड़ी नहीं चल पा रही है। डबल इंजन की सरकार में महंगाई और भ्रष्टाचार डबल हो गया है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव किसानों, नौजवानों और उत्तर प्रदेश के भाग्य व भविष्य का चुनाव है। भाजपा ने प्रदेश को बर्बाद किया है। किसानों के साथ भाजपा की सरकार ने जो अत्याचार किया है उसे कोई नहीं भूल सकता। बुल्डोजर बाबा अपना प्रिय जानवर भी नहीं पकड़ पा रहे हैं। किसानों की फसल अन्ना पशु बर्बाद कर रहे हैं। किसानों की जान ले रहे हैं। किसानों को दिन रात फसल की रखवाली करनी पड़ रही है। गौशालाओं के पैसे में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और लूट हुई।


      हम नौजवानों को भरोसा दिलाते हैं कि सरकार बनने पर हम उनके लिए नौकरियां निकालेंगे। आईटी के क्षेत्र में 22 लाख नौकरी देंगे। सरकार के विभागों में रिक्त 11 लाख पदों पर भर्ती करेंगे। तीन सौ यूनिट बिजली के लिए बिल नहीं आएगा। सिंचाई फ्री होगी। सरकारी कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल होगी। किसानों को डीएपी और यूरिया देंगे। फसलों की सही कीमत दिलाने के लिए मंडियां बनाई जाएंगी। श्री यादव ने कहा भाजपा आरक्षण को खत्म करना चाहती है। वे चाहते हैं न रहे बांस न बजे बांसुरी। लेकिन समाजवादी सरकार बनेगी तो सबको नौकरी, रोजगार देने का काम करेंगे। 11 लाख खाली पद भरे जाएंगे। बीएड, टेट वालों की भी मदद करेंगे। श्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस, बसपा कहीं नहीं हैं। सपा गठबंधन सरकार बनाने जा रहा है। उन्होंने जनता से अपील की कि सुभासपा और समाजवादी पार्टी के सभी प्रत्याशियों को भारी मतो से विजयी बनायें। उन्होंने कहा कि बीएसपी का कोई भरोसा नहीं है किसके साथ चली जाय। जो हाथी पर बैठे हैं वे कहीं भी जा सकते हैं। इनके गुरु भाजपा में बैठे हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में भाजपा ने वोट छीना। पूरे प्रदेश में बसपा के जिला पंचायत सदस्यों ने भाजपा को वोट दिया है।  


       हरदोई के संडीला में आयोजित सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि भाजपा सरकार ने महंगाई बहुत बढ़ा दी है। गैस सिलेण्डर एक हजार रुपया का हो गया। सरसों का तेल 200 रुपया, मोटर साइकिल 55 हजार की थी अब 90 हजार की हो गयी। पेट्रोल 55 रूपए था अब 100 रुपया हो गया। उन्होंने कहा कि तीन चरण के चुनाव में भाजपा की जमानत जब्त हो गयी है। पूर्वांचल में भाजपा का खाता भी नहीं खुलने वाला है। उन्होंने कहा लखनऊ मण्डल आते-आते हम लोग 200 पार कर जाएंगे। पूर्वांचल हमें बोनस देगा। श्री राजभर ने जनता से सभी प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।
                         

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button