रंगोली से दिया नशा मुक्त भारत का संदेश

नवयुग कन्या महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान का समापन, रंगोली के जरिए दिया नशा मुक्त भारत का संदेश।

अजय सिंह

लखनऊ। नवयुग कन्या महाविद्यालय, राजेंद्र नगर, लखनऊ में एक माह तक चले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का समापन सतरंगी रंगों और प्राकृतिक फूलों से सजी भव्य रंगोली के साथ हुआ। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम पर छात्राओं ने आकर्षक रंगोली बनाकर ‘नशा मुक्त भारत’ एवं ‘सशक्त विकसित भारत’ का प्रेरणादायी संदेश दिया।

महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा, रचनात्मक सोच और सामाजिक प्रतिबद्धता का शानदार प्रदर्शन किया। नशा मुक्ति अभियान की नोडल अधिकारी एवं शारीरिक शिक्षा विभाग की अध्यक्ष प्रो. सीमा पाण्डेय तथा सेवा संकल्प अभियान की संयोजिका डॉ. सुनीता सिंह के मार्गदर्शन में छात्राओं ने रंगों और फूलों के सुंदर संयोजन से विशाल एवं मनमोहक रंगोली तैयार की।

रंगोली में उकेरे सामाजिक सरोकार और राष्ट्रीय चेतना

छात्राओं ने रंगोली के माध्यम से खुशहाल परिवार, नशा मुक्ति अभियान, उज्ज्वल भविष्य, नारी शक्ति, नशे से आजादी, सजग भारत और ‘खेलो भारत-नशा मुक्त भारत’ जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इसके साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की ‘विकसित भारत’ की संकल्पना और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को भी कलात्मक रूप दिया गया। रंगोली के प्रत्येक हिस्से में युवाओं और समाज को नशे तथा अन्य व्यसनों से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। छात्राओं की इस रचनात्मक पहल ने सामाजिक जागरूकता के साथ राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी का महत्व भी रेखांकित किया।

प्राचार्या ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना की

महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने छात्राओं की मेहनत, सृजनात्मकता और सामाजिक प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा अपनी कला के माध्यम से नशा मुक्ति और विकसित भारत के संकल्प को जीवंत करना सराहनीय एवं प्रेरणादायी प्रयास है।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्या मेजर डॉ. मनमीत कौर सोढ़ी, सम्मानित प्रवक्तागण एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने रंगोली का अवलोकन किया और छात्राओं के उत्कृष्ट प्रयास की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।इस आयोजन के माध्यम से नवयुग कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने संदेश दिया कि कला और रचनात्मकता केवल सौंदर्य की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव, जनजागरूकता और राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम भी हैं।

Related Articles

Back to top button