Thursday, January 29, 2026
Advertisement Description of the image
Home उत्तर प्रदेश उच्च शिक्षा मंत्री ने रेल मंत्री से की मुलाकात

उच्च शिक्षा मंत्री ने रेल मंत्री से की मुलाकात

247

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उच्च शिक्षा मंत्री ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की मुलाकात।स्टेशन हिन्दू धार्मिक आस्था का एक प्रमुख केन्द्र है और इससे श्रद्धालुओं को सुविधा होगी। उच्च शिक्षा मंत्री ने रेल मंत्री से की मुलाकात

अजय सिंह

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने नई दिल्ली स्थित रेल भवन में रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस मुलाकात में उन्होंने आगरा जनपद की जनता की मांगों और धार्मिक पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न मुद्दों पर ध्यान आकर्षित किया और आवश्यक कार्यवाही के लिए आग्रह किया। योगेन्द्र उपाध्याय ने आग्रह किया कि दिल्ली से आने वाली अत्याधुनिक शताब्दी, वन्देभारत, गतिमान ट्रेनों का एक हॉल्ट पीताम्बरा देवी की सिद्धपीठ के स्टेशन “दतिया” पर भी 2 मिनट के लिए रखा जाए। यह स्टेशन हिन्दू धार्मिक आस्था का एक प्रमुख केन्द्र है और इससे श्रद्धालुओं को सुविधा होगी।

उच्च शिक्षा मंत्री ने बटेश्वर, आगरा में भगवान शिवजी के 101 शिवलिंगों का तीर्थस्थल और शौरीपुर में जैन धर्म का एक तीर्थस्थल, जो भगवान श्री नेमिनाथ की जन्मस्थली है, का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि यह स्थान भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मस्थली भी है। उपाध्याय ने प्रस्ताव रखा कि आगरा से बटेश्वर हेतु एक टूरिस्ट लक्जरी शटल ट्रेन चलाई जाए। यह ट्रेन आगरा से प्रातः 10:30 बजे प्रस्थान कर बटेश्वर 11:30 बजे पहुंचे और बटेश्वर से सायं 5:00 बजे प्रस्थान कर आगरा 6:00 बजे पहुंचे। इससे इन धार्मिक और दर्शनीय स्थलों को पर्यटन स्थल के रूप में समृद्ध किया जा सकेगा।

इसके अलावा, उच्च शिक्षा मंत्री ने दिल्ली से आगरा हेतु एक सुपरफास्ट ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रखा जो दिल्ली से सायं 5:00 बजे चलकर आगरा 8:30 बजे पहुंचे और अगले दिन प्रातः 8:00 बजे चलकर दिल्ली 10:30 बजे पहुंचे। साथ ही, उन्होंने आगरा से लखनऊ के लिए एक वन्दे भारत ट्रेन चलाने का भी सुझाव दिया। इस ट्रेन के सिर्फ दो हॉल्ट शिकोहाबाद/फिरोजाबाद और कानपुर हों। यह ट्रेन आगरा से प्रातः 5:00 बजे प्रस्थान कर लखनऊ 8:30 बजे पहुंचे और लखनऊ से सायं 6:00 बजे प्रस्थान कर आगरा 9:30 बजे पहुंचे।

मंत्री ने आगरा के ईदगाह रेलवे स्टेशन पर एक ROB (रोड ओवर ब्रिज) के निर्माण का भी मुद्दा उठाया। यह पुल ईदगाह से तहसील आगरा को जोड़ेगा। उन्होंने आग्रह किया कि इसे पूर्व की भाँति ही निर्मित किया जाए क्योंकि प्रस्तावित परिवर्तन से जनता के कई मकान ध्वस्त हो जाएंगे, जिससे जनाक्रोश पैदा हो रहा है। इस मुलाकात के दौरान मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने आगरा की जनता की विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं को लेकर गंभीरता से चर्चा की और इन मुद्दों पर त्वरित कार्यवाही का अनुरोध किया। इस अवसर पर आगरा कॉलेज छात्र संघ के पूर्व उपाध्यक्ष दीपक शर्मा उपस्थित रहें। उच्च शिक्षा मंत्री ने रेल मंत्री से की मुलाकात