बचाव हेतु बीज शोधन एवं भूमि शोधन अवश्य करायें

किसान भाई फसल के बचाव हेतु बीज शोधन एवं भूमि शोधन अवश्य करायें-जिला कृषि रक्षा अधिकारी

प्रतापगढ़। जिला कृषि रक्षा अधिकारी डा0 अश्विनी कुमार सिंह ने बताया है कि वर्तमान में खरीफ के अन्तर्गत धान की नर्सरी डालने का समय नजदीक आ गया है, कृषक भाई धान की नर्सरी डालने से पहले बीज शोधन एवं भूमि शोधन अवश्य करा लें। फसलों में रोग मृदा, वायु एवं कीट द्वारा फैलते है, बीज जनित रोगों का कोई भी उपचार सम्भव नही हैं। विगत वर्षो में जिन कृषक भाईयों ने बीज शोधन अपनाया था उनके फसल में व्याधि नही पायी गयी है। बीज जनित रोगों से आगामी बोई जाने वाली फसल के बचाव हेतु बीज शोधन एवं भूमि शोधन अत्यन्त महत्वपूर्ण है।


उन्होने बीज शोधन के सम्बन्ध में बताया है कि बीज को रात भर पानी में भिगोने के बाद दूसरे दिन पानी से निकालकर अतिरिक्त पानी निकल जाने के बाद 2.5-3 ग्राम कार्वेन्डाजिम 50 प्रतिशत या थीरम 75 प्रतिशत अथवा 4 से 5 ग्राम ट्राइकोडर्मा वायो रसायन प्रति किग्रा0 बीज की दर से 5 लीटर पानी में 10 ग्राम गुड़ के साथ घोलकर बीज में मिला दिया जाये इसके बाद छाया में अंकुरित होने तक रखा जाये तत्पश्चात् नर्सरी डाली जाये। साथ ही साथ भूमि शोधन हेतु 2.5 किग्रा0/हेक्टेयर ट्राइकोडर्मा या ब्यूबेरिया बैसियाना बायो रसायन को 75 किग्रा0 सड़ी हुई गोबर की खाद में मिलाकर 10-12 दिन तक छाया युक्त स्थान पर रखकर पानी के छीटे मारते रहे तत्पश्चात् इस 75 किग्रा0 गोबर की खाद जो कि बायो पेस्टीसाइड में तब्दील हो चुका है। इसे जुताई करते खेत में मिला दें इससे खेत में मौजूद दीमक एवं फफूंद से छुटकारा मिलेगा साथ ही साथ खेत में जैविक खाद की कमी भी पूर्ण हो जायेगी। बीज शोधन एवं भूमि शोधन रसायन कृषि रक्षा इकाईयों पर 75 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध है। रसायनों पर अनुदान की सुविधा केवल पंजीकृत कृषकों को ही देय होगी एवं अनुदान का भुगतान डीबीटी के माध्यम से सीधे कृषक के खाते में किया जायेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button