सपा के नहीं रहे सुभाष पासी

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के विधायक सुभाष पासी एवं समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती रीना पासी ने अपने समर्थकों के साथ मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के राज्य मुख्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्र देव सिंह ने श्री सुभाष पासी व उनकी पत्नी श्रीमती रीना पासी सहित उनके समर्थकों को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराते हुए सभी का पार्टी में स्वागत किया।


प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने गाजीपुर जिले की सैदपुर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक सुभाष पासी एवं रीना पासी का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से भारतीय जनता पार्टी और भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोकप्रिय नेता दो बार के विधायक सुभाष पासी एवं रीना पासी ने भारतीय जनता पार्टी की जनकल्याणकारी विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। सपा मुखिया अखिलेश यादव तुष्टीकरण के चलते ऐसा बोल जाते हैं, जिससे देश को नुकसान उठाना पड़ता है। 


श्री सिंह ने कहा जिन लोगों ने हंसते-हंसते फांसी का फंदा चुन लिया। भारत माता की जय, वंदे मातरम के साथ ही राष्ट्र व समाज के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी, सपा प्रमुख ने ऐसे सभी राष्ट्र भक्तों का अपमान किया है। श्री सिंह ने कहा जिस मोहम्मद अली जिन्ना ने देश के बंटवारे की नींव रखी, उस जिन्ना को अखिलेश यादव ने महान बताया और उसकी तुलना राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोने वाले भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल से की है। आखिर अखिलेश यादव तुष्टीकरण के चलते देश को किस रास्ते पर ले जाना चाहते हैं?


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक समय था जब कांग्रेस,सपा और बसपा के लोग मंदिर जाने में डरते थे और तिलक लगाने में भी शर्म महसूस होती थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तुष्टिकरण से राजनीति का स्तर गिराते हुए प्रभु श्री राम के अस्तित्व को नकार दिया, प्रभु श्री राम को काल्पनिक बता दिया। उन्होंने कहा कि भारत देश राम के विचारों से चलता है, उनके त्याग और तपस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी आगे लेकर बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी विश्व में भारत की सांस्कृतिक पहचान के साथ जाते हैं। 
श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की राज्य की भाजपा सरकार अंत्योदय के पथ पर चलते हुए गांव, गरीब, किसान के कल्याण के लिए समर्पित है।इस दौरान प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला तथा दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ‘ भी उपस्थित रहे।   

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button