भाजपा ने देश के किसानों,नौजवानों,लघु उद्यमियों के साथ किया धोखा-नरेश उत्तम पटेल

लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती पर प्रयागराज के केपी कॉलेज मैदान में समाजवादी पार्टी की किसान, नौजवान, पटेल यात्रा का समापन हुआ। इस मौके पर मुख्य अतिथि सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि भाजपा ने देश के किसानों, नौजवानों, लघु उद्यमियों के साथ धोखा किया है। जनता से उसे कोई मतलब नहीं है, वह सिर्फ सत्ता हथियाने की कोशिश में रहती है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के चुनाव में भाजपा ने किसानों से वायदा किया था कि उनकी आय दोगुनी की जाएगी। युवाओं को हर वर्ष में दो करोड़ बेरोजगारों को नौकरी दी जाएगी। महंगाई कम होगी। इस तरह के तमाम वायदे किए थे, लेकिन कुछ नहीं हुआ। देश के सरकारी विभागों को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है। देश को खोखला बनाने का काम भाजपा कर रही है।


प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसानों के खिलाफ काले क़ानून लाकर भाजपा किसानों को बर्बाद करना चाहती है। इसके खिलाफ जो किसान आंदोलन कर रहे हैं, उनके ऊपर अत्याचार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सपा शासन में कराए गए विकास कार्यों का सिर्फ फीता काट रहे हैं। विकास कार्यों का जबरन ढिढ़ोरा पीट रहे हैं।
उन्होंने कहा कि डीजल, पेट्रोल, गैस सिलिंडर के दाम आसमान छू रहे हैं और महंगाई पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। महिलाएं घरों से निकलने में घबराती हैं और मुख्यमंत्री कानून व्यवस्था दुरुस्त होने का झूठा दावा करते हैं।


नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि श्री अखिलेश सरकार में कराए गए विकास कार्यों को जनता याद कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में सभी को एकजुट होकर सपा की सरकार बनानी है। इसके लिए सभी को संकल्प लेना होगा।जनसभा की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष योगेश यादव एवं संचालन महानगर अध्यक्ष सैयद इफ़्तेख़ार हुसैन ने किया। जनसभा में श्यामलाल पाल, डा. मान सिंह यादव, वासुदेव यादव, उज्जवल रमण सिंह, पूजा पाल, विजमा यादव, पंधारी यादव, जोखूलाल यादव, रविंद्र यादव, नंदलाल निषाद नंदा, उमेश पाल, कृष्णमूर्ति यादव, ऋचा सिंह, कमल सिंह यादव, भूपेंद्र श्रीवास्तव पीयूष, संदीप, पप्पू गौतम, शिवा त्रिपाठी, बब्बन दुबे, राहुल निषाद आदि थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button