भाजपा सरकार में महंगाई से चहुँओर त्राहि-त्राहि-नंदा

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा ने आज सीतापुर पार्टी कार्यालय पर प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई, भुखमरी, बेरोजगारी से चहुँओर जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। वहीं सत्ता के नशे में चूर बीजेपी के नेताओं को कहीं महंगाई नहीं दिख रही है। ये निरंकुश, भ्रष्टाचार में डूबी बीजेपी सरकार जनता की लाचारी का मजाक बना रही है। हर जगह लोकतंत्र को लूटतंत्र बनाने में मशगूल है।


श्री नंदा ने कहा कि बीजेपी जहरीले नाग की तरह जहर फैलाकर, झूठ बोलकर, सत्ता सुख के में संलिप्त होकर जनता के परेशानियों को अनदेखा कर रही है। जिसका अंत निश्चित है, क्योंकि झूठ की दीवार ज्यादा नहीं टिकती। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने केवल पूर्व में सपा के किए विकास कार्यो को अपना बताने व दोबारा से उनका फीता काटने का ही काम किया है। जनता इसे जान चुकी है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने एक वादा नहीं निभाया। केवल रस्सी का सांप बनाया।

भाजपा ने काला धन लाने और सभी को 15-15 लाख देने के साथ 2 करोड़ सालाना रोजगार देने का झूठा सपना दिखाया। लेकिन जनता को दिया कुछ नही, जो कुछ था वह भी छीनने का काम किया। लोग गिन-गिनकर इनके कारनामों का बदला लेने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश जी की आंधी इस लोकतंत्र की दुश्मन बीजेपी सरकार का चिन्ह मिटा देगी।


पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा सीतापुर जिलाध्यक्ष क्षत्रपाल यादव के घर जाकर उनके पुत्र स्व0 प्रदीप यादव को श्रद्धांजलि दी व परिवार से मिले तथा हमेशा साथ देने का भरोसा दिलाया। इसके बाद जिले की नौ विधानसभा के टिकट आवेदकों, पूर्व मंत्री व पूर्व विधायकों, फ्रंटल के समस्त जिलाध्यक्षो से मुलाकात कर उनमें जोश भरा। सभी ने अखिलेश यादव के अगुवाई में सपा सरकार बनाने का संकल्प किया।इस दौरान युवजन सभा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवमूर्ति राना, राष्ट्रीय सचिव लोहिया वाहिनी प्रवीण सैनी, जिलाध्यक्ष क्षत्रपाल यादव, महासचिव मसूद आलम अंसारी, जिला सचिव शेखर यादव, कार्यालय प्रभारी जयसिंह यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button