खेत तालाब खुदवाने से वर्षा जल का संरक्षण-मुख्य सचिव

मुख्य सचिव द्वारा जनपद महोबा भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत चिचारा में प्रधान मंत्री कृषि सिंचाई योजनान्तर्गत निर्मित खेत तालाब का निरीक्षण कर लाभार्थी किसानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया

लखनऊ/महोबा।  उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी द्वारा जनपद महोबा भ्रमण के दौरान आज ग्राम पंचायत चिचारा में प्रधान मंत्री कृषि सिंचाई योजनान्तर्गत निर्मित खेत तालाब का निरीक्षण करते हुए लाभार्थी किसानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।मुख्य सचिव ने कृषि विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों/कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा की इस योजना से अधिकाधिक कृषकों को जोड़ा जाए। बुंदेलखंड के किसानों के लिए यह योजना वरदान है। उन्होंने सीडीओ डॉ0 हरिचरन सिंह को निर्देशित किया कि इस योजना में आवंटित लक्ष्य के मुताबिक किसानों को लाभान्वित किया जाए। उन्होंने किसानों को अवगत कराते हुए कहा कि खेत तालाब खुदवाने से वर्षा जल का संरक्षण खेत में ही हो जाएगा जिससे उस खेत में बोई गई फसलों की सिंचाई हेतु पानी मिल सकेगा।

ग्राम चिचारा के सम्मानित लाभार्थी किसान कुसुम सिंह द्वारा बताया गया कि इस योजना के तहत खोदे गए खेत तालाब में संरक्षित जल से लगभग 10 से 12 बीघे खेत की सिंचाई आसानी से की जा सकती है। इस योजना के अंतर्गत मध्यम आकार 35’30’3 घन मीटर साइज का खेत तालाब खुदवाने में 114200 रुपए तथा लघु आकार 22’20’3 घनमीटर साइज का तालाब खुदवाने में 52500 रुपए का अनुदान दिया जाता है। उक्त दोनों ही तरह के खेत तालाब खुदवाने में कुल लागत का 50 प्रतिशत अनुदान लाभार्थी किसान को सीधे उसके बैंक खाते में दिया जाता है। इस मौके पर उप निदेशक कृषि डॉ सर्वेश यादव,एसडीएम सदर मो0 आवेस,सीओ सदर राम प्रवेश राय सहित अन्य अधिकारी गण व सम्मानित किसान बन्धु गंभीर सिंह,सुरेंद्र सिंह,शिवनाथ,शिव कुमार आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button