बालिकाओं के सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभा रही सुकन्या समृद्धि योजना-कृष्ण कुमार यादव

बालिकाओं के सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभा रही सुकन्या समृद्धि योजना। डाक विभाग ने वाराणसी परिक्षेत्र में अब तक 2 लाख बालिकाओं के खोले सुकन्या समृद्धि खाते, 357 गाँवों को बनाया सम्पूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम राष्ट्रीय डाक सप्ताह के तहत डाक विभाग ने मनाया बैंकिंग दिवस, वित्तीय समावेशन हेतु लगे मेले।

बालिकाएं आने वाले कल का भविष्य हैं। उनके उज्जवल भविष्य के लिए अभी से उन्हें आर्थिक व सामाजिक रूप से सुदृढ़ करने की जरूरत है। इसमें ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा आरंभ ‘सुकन्या समृद्धि योजना’  महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। आज भी डाकघर की बचत योजनाएँ सर्वाधिक लोकप्रिय हैं और इनमें  लोग पीढ़ी-दर-पीढ़ी पैसे जमा करते हैं। उक्त उद्गार ‘राष्ट्रीय डाक सप्ताह’ के तहत 11 अक्टूबर को बैंकिंग दिवस पर  आयोजित कार्यक्रम में वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने व्यक्त किये। डाक विभाग द्वारा वाराणसी, जौनपुर, भदोही, चंदौली, गाजीपुर, बलिया जनपदों में अभियान चलाकर सुकन्या समृद्धि, डाक बचत योजनाओं और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के खाते खुलवाए गए।

पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि देश इस समय आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है और हमारे देश में बेटियों का स्थान अहम है। नवरात्र में हमारे यहाँ कन्याओं को पूजने की परंपरा है। ऐसे में 10 साल तक की बेटियों का मात्र ₹ 250 से डाकघर में खुलने वाला सुकन्या समृद्धि योजना सिर्फ निवेश का ही एक माध्यम नहीं है, बल्कि यह बालिकाओं के उज्ज्वल व समृद्ध भविष्य से भी जुड़ा हुआ है।वाराणसी परिक्षेत्र में अब तक 2 लाख बालिकाओं के सुकन्या समृद्धि खाते खोले जा चुके हैं, वहीं 357 गाँवों को सम्पूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम बनाया जा चुका है।

कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि, इस योजना के आर्थिक के साथ-साथ सामाजिक आयाम भी महत्वपूर्ण हैं। इसमें जमा धनराशि पूर्णतया बालिकाओं के लिए ही होगी, जो उनकी शिक्षा, कैरियर एवं विवाह में उपयोगी होगी। यह योजना बालिकाओं के सशक्तिकरण के द्वारा भविष्य में नारी सशक्तिकरण को भी बढ़ावा देगी। उन्होंने लोगों से अपील भी की कि नवरात्र में गरीब व वंचित परिवार की नौ बेटियों का सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाकर नई पहल करें।

पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से डाकघर वित्तीय समावेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। डिजिटल बैंकिंग के तहत घर बैठे खाता खोलने के साथ आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम  द्वारा डाकिये के माध्यम से घर बैठे किसी भी बैंक के खाते से राशि निकालने की अनूठी सुविधा दी जा रही है। डाकिया अब चलते-फिरते बैंक हो गए हैं। वाराणसी परिक्षेत्र में अब तक विभिन्न बचत योजनाओं में 37.50 लाख खाते और 4.25 लाख इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाते खुल चुके हैं। इनमें इस वित्तीय वर्ष में कोरोना महामारी के बीच क्रमशः 1.62 लाख और 59 हजार खाते खोले गए हैं।

वाराणसी पूर्वी मंडल के प्रवर अधीक्षक डाकघर राजन ने कहा कि सुकन्या समृद्धि योजना से बेटियों को जोड़ने हेतु डाककर्मियों द्वारा घर-घर जाकर पहल की जा रही है। इस योजना में एक वित्तीय वर्ष में अधिकतम डेढ़ लाख रूपये जमा किये जा सकते हैं। बालिका के 18 वर्ष की आयु प्राप्त कर लेने अथवा 10वीं कक्षा पास कर लेने के उपरांत जमा राशि का 50 प्रतिशत तक निकाला जा सकता है। खाते की परिपक्वता अवधि खाता खोलने की तारीख से 21 वर्ष है, तथापि बालिका द्वारा 18 वर्ष की आयु प्राप्त कर लेने के बाद विवाह के समय बंद किया जा सकता है।वाराणसी पश्चिमी मंडल के अधीक्षक डाकघर संजय वर्मा ने बताया कि, सुकन्या समृद्धि योजना में ब्याज दर 7.6 प्रतिशत है और जमा धनराशि व अर्जित ब्याज पर आयकर छूट भी  है। खाता खोलने के लिए बालिका का जन्म प्रमाण पत्र,अभिभावक का परिचय पत्र व निवास प्रमाण के साथ दो फोटो की जरूरत होती है।

वाराणसी परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न मंडलों में कई स्थानों पर मेलों का आयोजन किया गया, जिसमें वाराणसी पूर्वी मंडल के गोपालपुर, रामपुर एवं बनौली खुर्द में प्रवर अधीक्षक डाकघर वाराणसी पूर्वी मंडल राजन, प्रवर डाकपाल वाराणसी प्रधान डाकघर चंद्रशेखर सिंह बरुआ, सहायक अधीक्षक पंकज श्रीवास्तव, सुरेश चन्द्र, निरीक्षक डाकघर बलवीर सिंह, वाराणसी पश्चिम मंडल के भवानीपुर, कुंवर व मेहंदीगंज में अधीक्षक डाकघर वाराणसी पश्चिम मंडल संजय वर्मा, सहायक अधीक्षक आर.के.चौहान, निरीक्षक डाकघर शशिकांत, इन्द्रजीत पाल, जौनपुर मंडल के खुदौली, तेजिबाज़ार, कुसियाँ व मिर्सादपुर में अधीक्षक डाकघर जौनपुर मंडल पी.सी.तिवारी, सहायक अधीक्षक अशोक कुमार सिंह, एस.के.चौधरी, निरीक्षक डाकघर रमेश यादव एवं ए.पी.गोस्वामी, बलिया मंडल के बसरिकापुर, देवकली, पुर एवं बेलहरी में अधीक्षक डाकघर बलिया मंडल संजय त्रिपाठी, सहायक अधीक्षक पी.के.पाठक, निरीक्षक डाकघर रविन्द्र साह, अंगद यादव, सर्वेश सिंह, गाजीपुर मंडल के रूहीपुर, असवार, चौरी एवं गोसंदेपुर में अधीक्षक डाकघर दिनेश साह, सहायक अधीक्षक मासूम रजा रश्दी, परमानंद, निरीक्षक डाकघर जयगोपाल पाण्डेय समेत डाकघर के विभिन्न  कर्मी एवं सम्मानित जनता ने भागीदारी की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button