BJP विधानसभा चुनाव निषाद पार्टी के साथ मिलकर लड़ने की औपचारिक घोषणा

हिमांशु दुबे

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी व केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को निषाद पार्टी के साथ मिलकर 2022 के विधानसभा चुनाव लड़ने की औपचारिक घोषणा की। इस मौके पर निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री संजय निषाद, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के प्रभारी श्री राधा मोहन सिंह और प्रदेश सरकार के मंत्री श्री सिद्धार्थनाथ सिंह भी उपस्थित थे।

धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव भाजपा और निषाद पार्टी साथ मिलकर लड़ेगें, हमारे गठबंधन में अपना दल भी जुड़ा है। हम 2022 में मजबूती से विधानसभा चुनाव लडे़गें और इसकी प्रक्रिया हमनें शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मैं पिछले तीन दिनों से उत्तर प्रदेश के प्रवास पर हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेट्रोलियम मंत्री के रूप में मैं उत्तर प्रदेश आता रहा हूं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना जैसा महत्वाकांक्षी कार्यक्रम इस प्रदेश से लांच हुआ और आज वटवृक्ष बन चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के तीन दिनों के प्रवास के बाद मैं यह जिम्मेदारी के साथ कह सकता हूॅ कि प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री के ऊपर प्रदेश की जनता का अटूट भरोसा है।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, हम किसानों की आय को दोगुना करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, चाहे वह एमएसपी पर कृषि उत्पाद खरीदकर, जैविक खेती को बढ़ावा देने या कृषि विपणन बुनियादी ढांचे पर 1 लाख करोड़ रुपये खर्च करने के लिए हो। मुझे लगता है कि बीजेपी पर किसानों, खासकर छोटे किसानों का आशीर्वाद है।

प्रजातंत्र में विश्वास सबसे बड़ी पूंजी होती है। श्री प्रधान ने कहा कि भाजपा किसानों की असली हितैषी है और किसानों की आय दोगुनी करने को वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि 2022 के उत्तर प्रदेश की विधानसभा चुनाव हमारे लिए महत्वपूर्ण है। भाजपा संगठन और सरकार के कार्यों और समन्वय के बल पर विधानसभा चुनाव में समाज के सभी लोगों को हम साथ लेकर चलने में सफल होंगे और जनता के आशीर्वाद से प्रदेश में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे।इसके पूर्व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि निषाद पार्टी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का हिस्सा है, विधानसभा चुनाव में हम साथ मिलकर चुनाव लडेंगे और जनता के समर्थन से विधानसभा चुनाव में भारी जीत दर्ज करते हुए राज्य में सरकार बनाएगें।

गठबंधन का ऐलान करते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, ‘मैं पिछले 3 दिन से यूपी में हूं, निषाद पार्टी के साथ हमारा गठबंधन और मजबूत होगा। 2022 का विधानसभा चुनाव हम आपस में मिलकर मजबूती से लड़ेंगे। ये गठबंधन बीजेपी, निषाद पार्टी और अपना दल का है।’ प्रधान ने कहा कि 2022 चुनाव की तैयारी बीजेपी ने शुरू कर दी है।विधानसभा चुनाव किसके नेतृत्व में लड़ा जाएगा, यह पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी और लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी पर उत्तर प्रदेश की जनता का अटूट भरोसा है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button