Friday, March 27, 2026
Advertisement
Home राजनीति पिछली सरकारें नाकाम साबित हुई-योगी

पिछली सरकारें नाकाम साबित हुई-योगी

184

हिमांशु दुबे

लखनऊ।  भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मीडिया कार्यशाला सोमवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर सम्पन्न हुई। कार्यशाला को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल, राष्ट्रीय मीडिया सहप्रमुख संजय मयूख, राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा, जफर इस्लाम (राज्यसभा सांसद), के.के. शर्मा ने सम्बोधित किया। कार्यशाला में आगामी 20 सितम्बर से प्रदेश के सभी जिलों में ‘जिला स्तरीय मीडिया कार्यशाला‘ आयोजित करने का निर्णय लिया गया। मीडिया कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि मीडिया प्रवक्ताओं की जिम्मेदारी है कि वह सरकार और पार्टी की नीतियों, योजनाओं को जनता तक पहुंचाएं। सोशल मीडिया इसका एक सशक्त माध्यम बन सकता है। प्रवक्ताओं की जिम्मेदारी है कि वह विरोधी पार्टी के चेहरे को बेनकाब करें। विरोधियों के उठाए गए मुददों का सशक्त तरीके से जवाब दें। इसके लिए प्रदेश, क्षेत्रीय व जनपद के प्रवक्ताओं के बीच समन्वय होना बहुत जरूरी है। 


मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्सर होता है कि हम लोग अपनी बात को प्रभावी ढंग से नही रख पाते,या हमारे लोगो मे या कॉमन मैन की ही बात करें तो जबतक हम उनको ये याद नही दिलाते हैं,कि हमने ये काम भी किया,वो भी किया,तो कोई इस बात को विश्वास नही करता है। योजनाओ का लाभ पार्टी को मिल सके इसके लिए हमको प्रयास करने होंगे। प्रधानमंत्री आवास के लिए ग्राम प्रधान स्तर से समन्वय बिठाकर जनता को जागरूक करना होगा। यदि प्रधान पक्ष का है तो ठीक है, लेकिन अगर विपक्षी है तो जनता में यही कहलवाएगा कि आवास प्रधान जी ने दिलवाया। इसपर कार्य करना होगा। 


मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध कभी यूपी की पहचान हुआ करता था। कोई भी सभ्य व्यक्ति रात में अपने घर से निकलते हुए डरता था। बहन व बेटियां सुरक्षित नहीं थीं लेकिन आज यूपी में अपराधियों को डर लगता है। यूपी के नागरिकों में सुरक्षा का भाव है। सीएम ने कहा कि कच्ची सड़कें, अंधेरे में डूबे शहर और गांव उत्तर प्रदेश की पहचान थे। अब यूपी में 22 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की जा रही है। एक्सप्रेस-वे व सड़कें यूपी की पहचान बन चुकी हैं। उन्होंने कहा यह मीडिया प्रभारियों की जिम्मेदारी है कि वह सरकार के किए गए कामों को आम जनता तक पहुंचाएं। अपनी उपलब्धियों को बार-बार गिनाएं। अपनी बात को बिना किसी उत्तेजना के प्रभावी व कम शब्दों में रखें। सीएम ने कहा कि कई बार हम अपनी बात को प्रभावी तरीके से नहीं रख पाते हैं। नतीजा विरोधी इसका फायदा उठा लेते हैं। वह सरकार के कामों को अपना बताकर जनता को गुमराह करने का काम करते हैं। 


बिना भेदभाव हम दे रहे शासन की योजनाओं का लाभ’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा क जनता के बीच पुरजोर तरीके से सरकार की उपलब्धियों व पार्टी की नीतियों का प्रचार करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में लोक कल्याणकारी हुए हैं। उसको जनता स्वीकार कर रही है। शासन की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के जनता को दिया जा रहा है। प्रवक्ताओं की जिम्मेदारी है कि वह शासन की योजनाओं का लाभ स्थानीय स्तर तक पहुंचाने का काम करें। इससे विरोधी आपकी उपलब्धियों को अपना नहीं बना पाएंगे। सीएम ने कहा कि दिल्ली से मेरठ तक रैपिड रेल चलाने पर काम चल रहा है। इससे लोग तीन घंटे की दूरी 45 मिनट में पूरी कर सकेंगे। दिल्ली से मेरठ तक एक्सप्रेस वे का निर्माण कराया जा रहा है। 


विरोधियों को दे करारा जवाब’ 
मुख्यमंत्री ने कहा कि विरोधी हर बार अलग अलग तरह से दुष्प्रचार करते हैं,और करेंगे भी। कोरोना काल खंड के दौरान हुई पीपीई किट व इंफ्रारेड थर्मामीटर खरीद का मुददा उठाया गया। सरकार ने हर ग्रामसभा, निगरानी समिति को ये इंफ्रारेड थरमामीटर और पल्स ऑक्सिमीटर बंटवाये। दिल्ली के एक दल ने यहां आकर तमाम तरीके से इसका दुष्प्रचार किया। जब हमने दिल्ली में हुई खरीद के आंकड़े मंगवाए और उनकी तुलना की तो पता चला कि यूपी से तीन गुना से अधिक दामों पर वहां खरीद की गई। दिल्ली में एफआईआर करवाई गई तो उनके चेहरे बेनकाब हो गए। 


’पिछली सरकारें नाकाम साबित हुई’
मीडिया वर्कशाप को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा पिछली सरकारों ने यूपी के विकास के लिए कुछ नहीं किया। इंसेफ्लाइटिस से मौत के आंकड़े जीरो पर पहुंच गए है,पूर्वांचल के 7 जिलों में अगस्त से अक्टूबर 3 महीनों में करीब 1500 बच्चो की मौत होती थी, मैंने अपने दौरे में महसूस किया कि प्रधानमंत्री जी का स्वच्छ भारत मिशन काफी कारगर साबित हुआ। सीएम ने कहा कि आज हर तबके का व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी से जुड़ना चाहता है। ये 2014 में भी प्रमाणित हुआ। 2017 में भी एक महागठबंधन धराशाई हुआ। वहां भी ये भावना प्रमाणित हुई। उन्होंने कहा कि मीडिया के प्रवक्ता गण रोजाना शासन और पार्टी की नीतियों को दमदार तरीके से कहना जरूरी है,क्या कहना है कितना बोलना है। इसपर पार्टी का क्या व्यू है इसके लिए समन्वय बनाकर मीडिया के सामने प्रस्तुत होना जरूरी है। प्रवक्ताओं को पार्टी और सरकार की बात को एक लाइन पर रहकर बोलना होगा, इसके लिए समन्वय बनाकर चलना होगा। 


’हर विधानसभा में हुए 500 से एक हजार करोड़ तक के काम’ सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री  मंगलवार को अलीगढ़ में दो महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें राजा महेंद्र राज्य विश्विद्यालय व डिफेंस कॉरिडोर के अलीगढ़ नोड के शिलान्यास का कार्यकम है। इसके अलावा प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 17 सितम्बर व 19 सितम्बर को को सरकार के साढ़े 4 वर्ष पूरे होने पर जनपद स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। सीएम ने कहा कोई भी विधानसभा ऐसा नही होगी जहां 500 करोड़ से हजार करोड़ के काम न हुए हो। इन कामों को जानना, समझना और जनता के बीच पहुंचाना होगा। इसे भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता को आदत में डालना होगा। साथ ही जो लाभान्वित हुए हैं, उन्हें भी इसका एहसास कराना होगा।


’सीएम ने प्रवक्ताओं को दिए टिप्स’ 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा मीडिया प्रभारियों को अपनी बात प्रभावी तरीके से रखने के टिप्स भी दिए। सीएम ने कहा कि प्रवक्ताओं को नेशनल व रीजनल मीडिया के अंतर को समझना होगा। सोशल मीडिया को अपना सशक्त माध्यम बनाना होगा। प्रवक्ताओं को क्या बोलना है, कितना बोलना है, इसका पैरामीटर तय करना होगा। इसके लिए आपसी समन्वय बहुत जरूरी है। सीएम ने कहा कि 2022 में पूरे देश और विश्व की नजर यूपी के चुनाव पर होगी। इस चुनावी युद्ध की तैयारी कैसे करना है। इसका दारोमदार इस टीम पर होगा। टीम को मीडिया के सामने अपनी बातें दमदार तरीके से रखना होगी।


प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता के रूप में मीडिया विभाग की विभिन्न भूमिकाओं में हमारा दायित्व अपने विचारों, कार्यक्रमों के प्रचार, प्रसार के साथ ही विरोधियों को दुष्प्रचार का खण्डन करना भी है। मीडिया, समाज व जनता तक संगठन की बातों और बिचारों को पहुचंाने का सशक्त माध्यम है और आप संगठन और सरकार की योजनाओं को मीडिया तक पहुंचाने का माध्यम है। इसलिए पार्टी के मीडिया विभाग से जुडे प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता को अपने व्यवहार और आचरण से अधिक-अधिक लोगों को जोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में भय मुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त सुशासन के राज्य की स्थापना की। केन्द्र की मोदी सरकार ने भी गांव, गरीब, किसान, नौजवान सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य किया है। केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार लगातार लोककल्याण के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए आप सबको योजना पूर्वक कार्य करना होगा। 
इसके पूर्व उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज प्रदेश कार्यालय पर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मीडिया कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का एक ही लक्ष्य है-अंत्योदय से गरीबी का उन्मूलन। हमारी पार्टी का धर्म सेवा ही संगठन है। कोरोना काल में हमारी पार्टी ने अपने संगठनात्मक कौशल से लाखों लोगों की सेवा की है और इसीलिए हमारा प्रथम दायित्व है कि हम अपने लक्ष्य और धर्म को जनता के बीच पहुंचाएं। उपमुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी को किसानों का सच्चा हितैषी बताते हुए कहा कि देश के अंदर किसान सम्मान निधि में डेढ़ लाख करोड़ रुपए किसानों को उनके खाते में सीधे दिया गया है। देश के एक प्रधानमंत्री रहे राजीव गांधी ने संसद में कहा था कि जब  दिल्ली से 1 रूपया जाता है, तो गरीब व गांव तक 15 पैसे पहुंचते हैं। अगर ऐसा होता तो डेढ़ लाख करोड़ रूपये किसानों के खाते न पहुंचकर केवल साढ़े 22 हजार करोड़ ही किसानों के खाते में पहुंचते। उन्होंने कहा कि हम भी किसान परिवार से आते हैं। किसानों की सच्ची हितैषी भारतीय जनता पार्टी है। भारतीय जनता पार्टी किसानों के साथ है और किसान भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं। किसानों के नाम पर जो आंदोलन चल रहा है वह किसान आंदोलन नहीं है, वह चुनाव आंदोलन है, इसके पीछे किसान विरोधी शक्तियां लगी हुई है, जो जनता का ध्यान भटकाने के लिए तरह-तरह के मनगढ़न्त मुद्दे लाती हैं। उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी के कार्य और उपलब्धियों का सामना किसी भी मोर्चे पर कोई भी दल नहीं कर सकता है।

बीजेपी ने किसानों की उपज का बहुत अच्छा मूल्य दिया है। विपक्षी हमारे कार्यों को देखकर जब कोई आलोचना नहीं कर पाते ,तो वह बनावटी मुद्दे बनाकर जनता को भटकाना चाहते हैं। उन्होंने कहा की उर्वरकों में सरकार द्वारा भारी सब्सिडी दी गई। गरीबों को कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया और अभी भी लाभान्वित किया जा रहा है। कहा कि 2017 और 2019 के गठबंधन के परिणाम जनता देख चुकी है। सपा, बसपा, कांग्रेस तीनों मिलकर गठबंधन कर लें, तो भी बीजेपी का कहीं मुकाबला नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि हम सबको अफवाहो को फैलाने वालों से सावधान रहना है।


प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कहा कि मीडिया विभाग से जुडे हुए पार्टी कार्यकर्ताओं का यह दायित्व है कि वे पार्टी और सरकार की योजनाओं को मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाऐं। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा चलाये जाने वाले विभिन्न अभियानों और कार्यक्रमों की मीडिया में बेहतर कवरेज कैसे मिले इसके लिए योजनापूर्वक कार्य किया जाय।बंसल ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा किये गए जनकल्याणकारी कार्यों और योजनाओं की पूरी जानकारी पार्टी के मीडिया विभाग से जुडे़ सभी कार्यकर्ताओं को होनी चाहिए। बंसल ने जिला स्तर पर मीडिया कार्यशालाएं आयोजित करने की योजना पर चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश से लेकर जिला व मण्डल स्तर तक सक्रियता बढाई जाय। उन्होंने कार्यशाला में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक पार्टी द्वारा चलाए जाने वाले अभियान के अन्तर्गत होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सभी लोग स्थानीय स्तर पर इन कार्यक्रमों व अभियान के प्रचार प्रसार में जुटें। साथ ही 19 सितम्बर को मुख्यमंत्री आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार के साढे चार वर्ष पूर्ण होने पर होने वाले कार्यक्रमों को सफल बनाने में जुटने को कहा। 


राष्ट्रीय मीडिया सहप्रमुख संजय मयूख ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया का स्वरूप बदला है और इसकी संख्या भी बढी हैं और प्रसार भी। आज इसका ढं़ाचा संगठित है उतना ही असंगठित भी है। अगर एकतरफ प्रिन्ट व इलेक्ट्रानिक मीडिया के बडे संस्थान है। तो दूसरी तरफ डिजिटल युग में स्थानीय स्तर पर बेबसाइट, यूट्यूब चैनल, पोर्टल जैसे अनेक माध्यम विकसित हो चुके है। इन सब की अलग-अलग अहम भूमिका है ऐसे में हम सब मीडिया का काम देखने वाले कार्यकर्ताओं का यह दायित्व है कि मीडिया से जुडे विषयों पर कार्य करते हुए इन सब पहलुओं पर भी ध्यान रखना होगा।  


पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डा. संबित पात्रा ने प्रदेश मीडिया कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच लगातार प्रचारित करने में मीडिया की अहम भूमिका है। ऐसे में हम सब यह जिम्मेदारी है कि जनता को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निचले स्तर पर कार्य किया जाए। उन्होंने मीडिया में पार्टी का पक्ष रखने वाले प्रवक्ताओं से कहा कि वे तथ्यपरक ढं़ग से विपक्ष को करारा जबाब दें। 


राष्ट्रीय प्रवक्ता व राज्यसभा सदस्य डा. सैय्यद जफर इस्लाम ने कहा कि मीडिया में पार्टी का  पक्ष रखने से पहले सम्बधित विषय के बारे में पूरी जानकारी कर लेनी चाहिए ताकि हमारी कही हुई बात गलत साबित न हो। राष्ट्रीय प्रवक्ता के.के. शर्मा ने कहा कि जिले स्तर पर पार्टी के मीडिया का काम करने वाले कार्यकर्ताओं की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है, इसलिए उन्हें सम्पर्क व संवाद के माध्यम से पार्टी की नीतियों की सम्पूर्ण जानकारी रखनी चाहिए। मीडिया कार्यशाला में प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया प्रदेश में जिला स्तर तक मीडिया प्रभारियों की नियुक्ति हो चुकी है। उन्होंने मण्डल स्तर पर गठित मीडिया विभाग की कमेटियों के बारे में भी बताया। संचालन प्रदेश सहमीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे व धर्मेन्द्र राय ने किया। पार्टी प्रदेश सहमीडिया प्रभारी अभय प्रताप सिंह, प्रियंक पाण्डेय, प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव, डा. समीर सिंह, मनीष शुक्ला, हीरो बाजपेयी, जुगल किशोर, आलोक अवस्थी, राकेश त्रिपाठी, अशोक पाण्डेय, अनिला सिंह, प्रशान्त वशिष्ठ, साक्षी दिवाकर, संजय चैधरी, आनंद दुबे, आलोक वर्मा, महामेधा नागर, अवनीश त्यागी ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यशाला में पार्टी के मीडिया पैनलिस्ट, मीडिया सम्पर्क विभाग के संयोजक व सहसंयोजक, क्षेत्रीय संयोजक, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी व जिला मीडिया प्रभारी सहित मोर्चों के प्रदेश मीडिया प्रभारी सम्मिलित हुए।