मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं कोसम्मान

जनपद में मिशन शक्ति अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य हेतु 75 महिलाओं को किया गया सम्मानित कन्या सुमंगला योजना के तहत प्रदेश सरकार द्वारा जनपद की 3500 बालिकाओं के खाते में भेजी गयी धनराशि

प्रतापगढ़। महामहिम राज्यपाल उत्तर प्रदेश आनन्दीबेन पटेल, वित्त मंत्री भारत सरकार निर्मला सीतारमण एवं माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ जी द्वारा मिशन शक्ति फेज-3 का शुभारम्भ वर्चुअल किया गया जिसका सजीव प्रसारण आज तुलसीसदन (हादीहाल) में विधायक सदर राजकुमार पाल, जिलाधिकारी डा0 नितिन बंसल, पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी प्रभाष कुमार, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) शत्रोहन वैश्य सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित महिलालाओं, बेटियों, बहनों द्वारा देखा गया। इस दौरान लखनऊ में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत बटन दबाकर एक लाख पचास हजार पात्र बालिकाओं के खाते में अनुदान राशि का आनलाइन हस्तांतरण किया जिसके क्रम में जनपद प्रतापगढ़ के 3500 पात्र बालिकाओं के खाते में अनुदान राशि का आनलाइन हस्तान्तरण किया गया।


मिशन शक्ति अभियान के अवसर पर जनपद में विभिन्न विभागों/क्षेत्रों में क्रमशः पुलिस विभाग, डूडा, युवा कल्याण, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, बाल विकास, पंचायती राज विभाग, ग्रामीण आजीविका मिशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 75 महिलाओं को उपस्थित अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विधायक सदर राजकुमार पाल द्वारा नारी सुरक्षा एवं नारी सशक्तिकरण हेतु जिम्मेदारी की शपथ भी दिलायी गयी। जनपद पुलिस विभाग की ओर से महिला मिशन शक्ति वैन को उपस्थित अतिथि द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया।कार्यक्रम में विधायक सदर राजकुमार पाल जी ने सम्बोधित करते हुये कहा कि प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा एवं सम्मान हेतु मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है जिसके तहत महिलायें एवं बालिकायें विभिन्न क्षेत्रों उत्कृष्ट कार्य कर अपने देश का नाम रोशन कर रही है। महिलाओं की सुरक्षा के लिये पुलिस विभाग की महिला मिशन शक्ति वैन सदैव तत्पर है। उन्होने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार महिलाओं/बालिकाओं के सम्मान के लिये लगातार कार्य कर रही है। सरकार द्वारा महिलाओं के हित में अनेक कल्याणकारी योजनायें संचालित कर उन्हें लाभान्वित किया गया।


इस दौरान जिलाधिकारी डा0 नितिन बंसल ने कहा कि मिशन शक्ति फेज-03 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को स्वावलम्बी बनाना, उनमें सुरक्षित परिवेश की अनुभूति कराना, जनजागरूकता पैदा करना, आत्मसुरक्षा की कला हेतु प्रशिक्षित करना एवं दुराचारियों की पहचान उजागर करना है। जिलाधिकारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित करते हुये कहा कि जनपद स्तर पर मिशन शक्ति अभियान फेज-3 के अन्तर्गत बालिकाओं एवं महिलाओं की सुरक्षा, स्वावलम्बन हेतु कार्यक्रम आयोजित किये जायें जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों को बुलाकर कार्यक्रम में शामिल किया जाये।


पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने कार्यक्रम में मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत कहा कि महिला अपराध से सम्बन्धित लम्बित मुकदमों, शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाये। जनपद में महिला मिशन शक्ति वैन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमणशील रहेगी और इस वैन पर महिला एवं पुलिस सिपाही तैनात रहेगें, जो अपराधियों पर कड़ी नजर रखेगें। भाजपा जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्र ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान हेतु सरकार द्वारा तीन तलाक कानून लाकर महिलाओं की सुरक्षा हेतु निरन्तर कार्य कर रही है। उन्होने आगामी रक्षाबन्धन के अवसर पर सभी बहनों को बधाई भी दी।


मिशन शक्ति अभियान कार्यक्रम के दौरान बी0सी0 सखी मीरा यादव, महिला कल्याण अधिकारी जया यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किये। उच्च प्राथमिक विद्यालय नरहरपट्टी की बालिकाओं द्वारा जूडो-कराटे का प्रदर्शन किया गया। साकेत गर्ल्स पीजी कालेज की बालिकाओं द्वारा लघु नाटिका, जीजीआईसी बालिकाओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। अरफा अंजुम ने मिशन शक्ति के तहत महिला सशक्तिकरण पर प्रकाश डाला। इस दौरान तुलसीसदन प्रांगण में महिला समूहों द्वारा स्टाल भी लगाया गया जिसमें मास्क, सेनेटाइजर, शिरका, खिलौना आदि बनाया गया था। कार्यक्रम का संचालन डा0 मो0 अनीस द्वारा किया गया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रभाष कुमार, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) शत्रोहन वैश्य, जिला सूचना अधिकारी विजय कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी रन बहादुर वर्मा, डी0सी0 एन0आर0एल0एम0 नागेन्द्र प्रसाद मिश्रा, भाजपा मीडिया प्रभारी राघवेन्द्र शुक्ल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button