Sunday, February 15, 2026
Advertisement
Home उत्तर प्रदेश लखनऊ इण्टरनेशनल मैथ्स ओलम्पियाड में नेशनल चैम्पियन ट्राफी जीती चार्वी अग्रवाल

इण्टरनेशनल मैथ्स ओलम्पियाड में नेशनल चैम्पियन ट्राफी जीती चार्वी अग्रवाल

337

 

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, राजाजीपुरम (प्रथम कैम्पस) की कक्षा-11 की छात्रा चार्वी अग्रवाल ने इण्टरनेशनल एबेकस, वेदिक एवं मैथ्स ओलम्पियाड-2021 में नेशनल चैम्पियन ट्राफी जीतकर लखनऊ का गौरव सारे देश में बढ़ाया है। यह ओलम्पियाड शैक्षणिक संस्था माइंड पाॅवर एजूकेशन के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें देश भर के ख्याति प्राप्त विद्यालयों के 5000 से अधिक छात्रों ने प्रतिभाग किया एवं कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच चार्वी ने ट्राफी अपने नाम की। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने बताया कि यह प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित हुई, जिसमें सी.एम.एस. की इस बाल गणितज्ञ ने अत्यन्त त्वरित गति से गणित के कठिन सवालों के जवाब निकालकर अपने मेधात्व का परचम लहराया है।

ओलम्पियाड के अन्तर्गत लेविल-6 की प्रतियोगिता में चार्वी ने 300 सेकेण्ड में गणित के कठिन सवालों को 98 प्रतिशत सटीकता के साथ हल करके साबित कर दिया है कि निकट भविष्य में यह मेधावी छात्रा अपने ज्ञान व बौद्धिक प्रतिभा के दम पर देश का नाम रोशन करने को तत्पर है। ओलम्पियाड के आयोजकों ने सी.एम.एस. की इस प्रतिभाशाली छात्रा की गणित प्रतिभा की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए प्रशस्ति पत्र, मेडल व चैम्पियनशिप ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया।सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने सी.एम.एस. की इस होनहार छात्रा को महान गणितज्ञ बनकर समाज की सेवा करने का आशीर्वाद देते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

डा. गाँधी ने सी.एम.एस. राजाजीपुरम (प्रथम कैम्पस) की प्रधानाचार्या श्रीमती निशा पाण्डेय व शिक्षकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि शिक्षकों की कड़ी मेहनत, लगन व प्रोत्साहन के कारण ही हमारे छात्र दिन-प्रतिदिन राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय पटल पर सी.एम.एस. का गौरव बढ़ा रहे हैं।