भाजपा सरकार में महिलाओं का सम्मान सुरक्षित नहीं-अखिलेश यादव

राजेन्द्र चौधरी


लखनऊ- पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में महिलाओं का सम्मान सुरक्षित नहीं है। ब्लाक प्रमुख चुनाव में आधी आबादी के साथ भाजपाईयों का बर्ताव घिनौना और निंदनीय है। लखीमपुर के पसगवां ब्लाक में नामांकन के समय समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी श्रीमती ऋतु सिंह एवं उनकी प्रस्तावक अनीता यादव के साथ दुव्र्यवहार किया गया और उनकी साड़ी खींची गयी। चीरहरण की यह घटना लोकतंत्र के इतिहास में काला अध्याय है।


सिद्धार्थनगर, इटवा में ब्लाक प्रमुख पद की समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी श्रीमती सूर्यमती पाण्डेय के साथ पुलिस की मौजूदगी में अभद्रता की गयी। कन्नौज के हसेरन ब्लाक में समाजवादी पार्टी की महिला प्रत्याशी को मारा-पीटा गया। बहराइच के शिवपुर ब्लाक में क्षेत्र पंचायत सदस्य यदुराई देवी के जेठ मायाराम की हत्या कर दी गयी। शिवपुर ब्लाक के भाजपा प्रत्याशी के पति ने रात में क्षेत्र पंचायत सदस्य यदुराई देवी के घर में घुस कर मारपीट किया। कुशीनगर के कसया ब्लाक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों का उत्पीड़न किया जा रहा है। क्षेत्र पंचायत सदस्यों की दुकानें सील करते हुए परिजनों को जेल भेजा गया है।


उत्तर प्रदेश के प्रत्येक नामांकन केन्द्र में पहले से भाजपा के दर्जनों दबंग उपस्थित होकर निष्पक्ष चुनाव को खुली चुनौती दे रहे हैं। पुलिस-प्रशासन की मिली भगत से समाजवादी पार्टी प्रत्याशियों और समर्थकों पर झूठे मुकदमें लादे जा रहे है। महिलाओं के साथ बदसलूकी और अपमानजनक व्यवहार हो रहा है। सत्तापक्ष के जनप्रतिनिधि दबाव बनाकर अधिकारियों से सांठ-गांठ बनाकर हेल्पर के माध्यम से मतदान को प्रभावित करने की साजिश रच रहे है।


यूपी में संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने वाली भाजपा को जनता सबक सिखाने के लिए तैयार है। सरकारी मशीनरी और गुंडागर्दी के बलबूते जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लाक प्रमुख पदों पर जबरन कब्जा करना भाजपा को भारी पड़ेगा। उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को कभी माफ नहीं करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button