लखनऊ विश्वविद्यालय के Gen-Z युवाओं ने अखिलेश यादव को दिया समर्थन, छात्रसंघ बहाली और रोजगार की उठाई मांग।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से आज लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में लखनऊ विश्वविद्यालय के Gen-Z छात्र-छात्राओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। युवाओं ने अखिलेश यादव के प्रति समर्थन जताते हुए शिक्षा, बेरोजगारी, बढ़ते शैक्षिक खर्च और छात्रसंघ बहाली जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान युवाओं ने ‘वी लव अखिलेश भइया’ और ‘Gen-Z विद अखिलेश भइया’ के नारे लगाकर अपना समर्थन व्यक्त किया।
छात्रसंघ बहाली, महंगी शिक्षा और बेरोजगारी युवाओं की प्रमुख चिंता
लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी समस्याएं साझा करते हुए कहा कि बढ़ते शैक्षिक खर्च और रोजगार के सीमित अवसर युवाओं के सामने बड़ी चुनौती बन चुके हैं। उन्होंने छात्रसंघ बहाली की मांग उठाते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों में छात्रों की आवाज को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने के लिए छात्रसंघ की भूमिका महत्वपूर्ण है। युवाओं ने कहा कि अखिलेश यादव द्वारा पूर्व में लैपटॉप वितरण जैसी योजनाओं के माध्यम से नई पीढ़ी को प्रोत्साहित किया गया था। इसी वजह से बड़ी संख्या में नौजवान समाजवादी पार्टी से जुड़ रहे हैं और अखिलेश यादव के नेतृत्व पर भरोसा जता रहे हैं।
समाजवादी सरकार बनने पर शिक्षा और रोजगार पर होगा गंभीर विचार: अखिलेश
Gen-Z युवाओं से संवाद करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर नौजवानों की पढ़ाई, रोजगार और पाठ्यक्रम से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। युवाओं की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में ‘दवा-पढ़ाई सस्ती होगी’ के नारे को व्यावहारिक रूप दिया गया था। अखिलेश यादव ने युवाओं से अपनी प्रमुख समस्याओं को लिखकर देने को कहा, ताकि उनके मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर समाधान की दिशा में काम किया जा सके।
अंशिका चौहान के नेतृत्व में पहुंचे छात्र-छात्राएं
लखनऊ विश्वविद्यालय की पीएचडी छात्रा कु. अंशिका चौहान के नेतृत्व में प्रियांशी, हिमांशु संघर्षी, कुमार अभिजीत, आदित्य जायसवाल, विकास चौरसिया, श्रेया जायसवाल, मोहित पाल, सौरभ चौरसिया, कु. अल्पिका, आयुषी मिश्रा, पलक शर्मा, कु. आंचल, शुभांगी यादव, आदित्य यादव, आनंद यादव, अंकुर कुमार, कु. बरखा एवं आर्यन मिश्रा सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस मुलाकात के जरिए छात्र राजनीति, शिक्षा, रोजगार और युवा नेतृत्व के मुद्दे एक बार फिर यूपी की राजनीतिक चर्चा में केंद्र में आ गए हैं।



