अखिलेश यादव बोले- सरदार पटेल थे साइलेंट समाजवादी

सपा मुख्यालय में सरदार वल्लभभाई पटेल और आचार्य नरेंद्र देव की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित, अखिलेश ने भाजपा पर साधा निशाना।सरदार पटेल का रास्ता ‘साइलेंट समाजवादी’, आचार्य नरेंद्र देव की विचारधारा पर चल रही सपा।

लखनऊ। भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल और महान समाजवादी चिंतक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आचार्य नरेंद्र देव की जयंती समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी सूझबूझ और दूरदर्शिता से देश की सभी रियासतों का भारत में विलय कराकर राष्ट्रीय एकता को मजबूत किया। उन्होंने देश की सीमाओं के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया।

सरदार पटेल का रास्ता था ‘साइलेंट समाजवादी’

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सरदार पटेल और आचार्य नरेंद्र देव के बताए रास्ते और उनकी विचारधारा पर चल रही है। आचार्य नरेंद्र देव का रास्ता समाजवादी था, जबकि सरदार पटेल का रास्ता साइलेंट समाजवादी था। पटेल जी स्वभाव से समाजवादी थे और उन्होंने अपना पूरा जीवन जनसेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा का रास्ता खुशहाली, संपन्नता और समानता का रास्ता है। समाजवादी पार्टी हमेशा आम जनता के साथ खड़ी रही है और आगे भी जनता के हितों के लिए संघर्ष करती रहेगी।

अखिलेश ने भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नकारात्मक सोच वाली पार्टी है। पिछले दस वर्षों में भाजपा ने उत्तर प्रदेश को हर क्षेत्र में पीछे धकेल दिया है। भाजपा जनता को झूठे सपने दिखाकर धोखा देती है। अब जनता को उसके झांसे में नहीं आना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था बर्बाद कर दी है। बेटियां असुरक्षित हैं और अन्याय तथा अत्याचार चरम पर है। जनता भाजपा के कुशासन से त्रस्त है और उसके चाल, चरित्र तथा चेहरे को समझ चुकी है।

वाराणसी में भाजपा की डबल हार का दावा

अखिलेश यादव ने विधान परिषद चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि वाराणसी में भाजपा की डबल हार हुई है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी भाजपा का सफाया होना तय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने और जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया।

अखिलेश को भेंट की गई ‘पटेल: दि साइलेंट सोशलिस्ट’ पुस्तक

इस अवसर पर अधिवक्ता अर्पित वर्मा ने अखिलेश यादव को ‘पटेल: दि साइलेंट सोशलिस्ट’ पुस्तक भेंट की। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक राम अचल राजभर, विधायक रविदास मेहरोत्रा, अरविंद कुमार सिंह, कनक लता सिंह, विधायक सुरेश यादव, पूर्व मंत्री राम करन आर्य समेत बड़ी संख्या में पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button