
कौन होगा लखनऊ जेल का नया अधीक्षक!वाराणसी जिला जेल, बाराबंकी, बिजनौर, कानपुर नगर और मुख्यालय वरिष्ठ अधीक्षक रेस में।कभी भी जारी हो सकता है नए जेल अधीक्षक की तैनाती का आदेश।
राकेश यादव निडर
लखनऊ। राजधानी लखनऊ की जिला जेल का नया अधीक्षक कौन होगा। यह सवाल कारागार मुख्यालय और जेल अधिकारियों के साथ बाबुओं में चर्चा का विषय बना हुआ है। इसको लेकर विभागीय अधिकारियों और कर्मियों में तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे है। चर्चा है कि वाराणसी, बाराबंकी, बिजनौर, कानपुर नगर जेल और मुख्यालय के एक अधिकारी तैनाती को लेकर सेटिंग गेटिंग करने ने जुटे हुए है। इस रण में कौन सफल होगा यह तो आने वाला समय ही बताएगा किंतु इसको लेकर अपनी अपनी तैनाती को लेकर तमाम तरह के दावे किए जा रहे है।
वर्तमान समय के राजधानी की जिला जेल में राजेंद्र कुमार जायसवाल (आरके जायसवाल) तैनात है। मिली जानकारी के अनुसार 31 अक्टूबर को आरके जायसवाल का रिटायरमेंट होना है। रिटायरमेंट के बाद नए अधीक्षक की तैनाती को लेकर जेल अधिकारियों में होड़ लगी हुई है। कोई विभागीय मंत्री तो कोई प्रमुख सचिव कारागार तो कोई नियुक्ति अनुभाग में सेटिंग करने में जुटा हुआ है। तैनाती किस अधीक्षक को मिलेगी यह अभी गर्त में है फिलहाल कई अधीक्षक तैनाती करवाने की सेटिंग गेटिंग की कश्मकश में लगे हुए हैं।
सूत्रों के मुताबिक लखनऊ जिला जेल में तैनाती को लेकर
वाराणसी जेल अधीक्षक सौरभ श्रीवास्तव, बाराबंकी के कुंदन कुमार, बिजनौर के राजेश कुमार सिंह, कानपुर नगर के राजेश कुमार पांडेय और कारागार मुख्यालय में तैनात एक वरिष्ठ अधीक्षक रंग बहादुर पटेल का नाम चर्चा में है। सूत्रों की माने तो बाराबंकी और वाराणसी अधीक्षक को तैनाती के लिए प्रबल दावेदार माना जा रहा है। सत्तारूढ़ दल के एक कद्दावर नेता का संरक्षण प्राप्त बिजनौर के अधीक्षक को भी कम नहीं आंका जा रहा है क्योंकि अभी आठ माह पहले ही प्रोन्नति पाए अधीक्षक को कांसगंज जेल पर तैनात किया गया बीते स्थानांतरण सत्र में इन्हें कांसगंज से बिजनौर जेल पर तैनात किया गया है। लखनऊ जेल की कमान किस अधीक्षक को सौंपी जाएगी के सवाल पर प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान का कहना है किसी अच्छे ही अधीक्षक को तैनात किया जाएगा।
किसको मिलेगा कानपुर जेल परिक्षेत्र का प्रभार!
पुलिस विभाग के आईपीएस प्रदीप गुप्ता वर्तमान समय में कानपुर जेल परिक्षेत्र का प्रभार संभाल रहे हैं। 31 अक्टूबर को आईपीएस प्रदीप गुप्ता भी सेवानिवृत हो रहे है। इनके सेवानिवृत होने के बाद कानपुर जेल परिक्षेत्र के प्रभार को लेकर सेटिंग का खेल चल रहा है। सूत्रों का कहना है कि आईपीएस सुभाष शाक्य (तैनाती मेरठ जेल परिक्षेत्र) और विभागीय डीआईजी पी एन पांडे (तैनाती कारागार मुख्यालय और आगरा जेल परिक्षेत्र) में अतिरिक्त प्रभार को लेकर कश्मकश चल रही है। इस कश्मकश में बाजी कौन मारेगा यह तो आने वाला समय ही बताएगा। सूत्रों की माने तो विभागाध्यक्ष में पुलिस मुख्यालय को पत्र भेजकर कारागार विभाग में एक आईपीएस तैनात किए जाने की मांग की है। वर्तमान समय में कारागार विभाग में चार आईपीएस और तीन विभागीय डीआईजी तैनात है। एक आईपीएस को छोड़ एक एक विभागीय डीआईजी को दो दो प्रभार सौंप रखे गए हैं।



