योगी का सपा पर हमला, शिक्षक-स्नातक चुनाव में योग्य प्रतिनिधि चुनने की अपील

  • बैलेट पेपर से हो रहा है चुनाव, न्याय के पक्ष में परिणाम देने का काम जनता-जनार्दन का।
  • उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा सम्मेलन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया संबोधित।
  • शिक्षकों का अपमान और शिक्षा व्यवस्था की उपेक्षा सपा की राजनीति का आधार।
  • ‘सपा ने वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया दिया, हमने वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज दिया’।
  • परिवारवाद और वंशवाद की विषबेल को उखाड़ फेंकें, आपका प्रतिनिधि वह बने जिसमें जज्बा और सामर्थ्य हो।
  • संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने की प्रवृत्ति का जवाब बनेगा यह चुनाव।
  • शिक्षकों को पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज, दुर्घटना पर 40 लाख से 1.5 करोड़ रुपये तक बीमा सुरक्षा।
  • अधिवक्ताओं को भी पांच लाख रुपये तक कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा, मृत्यु पर परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता का प्रावधान।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह शिक्षा की घोषित दुश्मन है। शिक्षा व्यवस्था की उपेक्षा और शिक्षकों का अपमान उसकी राजनीति का आधार रहा है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय शिक्षण संस्थानों पर पेशेवर गुंडों का दबदबा था और युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा हुआ। इसके विपरीत, भाजपा सरकार ने शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए काम किया है। मुख्यमंत्री ने शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं से अपील की कि वे इस चुनाव में परिवारवाद और वंशवाद को नकारते हुए योग्य और सक्षम प्रतिनिधि चुनें।


उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगामी लखनऊ खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर लखनऊ में ‘शिक्षक-स्नातक सम्मेलन’ का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए एवं कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। यह सम्मेलन लखनऊ स्नातक क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह और लखनऊ शिक्षक क्षेत्र से प्रत्याशी उमेश द्विवेदी के समर्थन में आयोजित किया गया था।

क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, भाजपा प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल और दोनों प्रत्याशियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बुके भेंट कर भव्य स्वागत व अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र ,पुष्पगुच्छ भेंट किया गया और स्मृति चिह्न के रूप में भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट की गई। मुख्यमंत्री ने लखनऊ खंड के मतदाता महासम्मेलन को संबोधित करते हुए सपा की नीतियों पर सवाल उठाए और शिक्षकों, युवाओं तथा अधिवक्ताओं के हित में सरकार की ओर से किए गए कार्यों का उल्लेख किया।

समाजवादी पार्टी शिक्षा की घोषित दुश्मन


मुख्यमंत्री ने कहा, “शिक्षा की व्यवस्था की उपेक्षा, शिक्षकों का अपमान, यहीं से समाजवादी पार्टी ने अपनी राजनीति की थी।” उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय शिक्षण संस्थानों में पेशेवर गुंडे हावी हो जाते थे और शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। उनके अनुसार, शिक्षा और युवा पिछली सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल नहीं थे। शिक्षा की व्यवस्था कमजोर होने का असर केवल शिक्षकों और विद्यार्थियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे समाज, प्रदेश और देश का भविष्य भी प्रभावित होता है। उन्होंने शिक्षकों के सम्मान, विद्यालयों की सुविधाओं और युवाओं के अवसरों को बेहतर बनाने की जरूरत पर जोर दिया।

शिक्षक-स्नातक चुनाव में परिवारवाद को नकारें, योग्य प्रतिनिधि चुनें: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा सम्मेलन को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पर शिक्षा व्यवस्था की उपेक्षा और शिक्षकों का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा शिक्षा की घोषित दुश्मन रही है, जबकि भाजपा सरकार ने शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने का काम किया है।

भाजपा प्रत्याशी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह और शिक्षक प्रत्याशी उमेश द्विवेदी के समर्थन में आयोजित सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने मतदाताओं से परिवारवाद और वंशवाद को नकारते हुए योग्य एवं सक्षम प्रतिनिधि चुनने की अपील की। उन्होंने कहा, “समाजवादी पार्टी ने वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया दिया, हमने वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज दिया।”

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विधान परिषद का यह चुनाव बैलेट पेपर से हो रहा है और मतदाताओं को न्याय के पक्ष में परिणाम देने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने की प्रवृत्ति का जवाब मतदान के माध्यम से देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज तथा दुर्घटना की स्थिति में 40 लाख से 1.5 करोड़ रुपये तक बीमा सुरक्षा का उल्लेख किया। उन्होंने अधिवक्ताओं के लिए भी पांच लाख रुपये तक कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और मृत्यु की स्थिति में परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता का जिक्र किया।

शिक्षा के क्षेत्र में सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन कायाकल्प, निपुण भारत अभियान और प्रोजेक्ट अलंकार के तहत विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी। उनके अनुसार, बेसिक शिक्षा में ड्रॉपआउट दर 20 प्रतिशत से घटकर तीन प्रतिशत रह गई है। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं और एक लाख अन्य युवाओं को नियुक्ति देने की तैयारी है।सम्मेलन में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल सहित पार्टी पदाधिकारी, शिक्षक और स्नातक मतदाता उपस्थित रहे। प्रत्याशियों ने भी शिक्षा व्यवस्था, शिक्षक सम्मान और युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए समर्थन मांगा।

Related Articles

Back to top button