राम मंदिर को मिला FSSAI का BHOG प्रमाणपत्र, 114 में से 103 अंक हासिल कर ‘अतिविशिष्ट’ श्रेणी में बनाई जगह।
अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि मंदिर को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने मंदिर को ‘ईट राइट प्लेस ऑफ वर्शिप-BHOG’ प्रमाणपत्र प्रदान किया है। खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के निर्धारित मानकों पर हुए मूल्यांकन में श्री राम मंदिर ने 114 में से 103 अंक हासिल कर ‘अतिविशिष्ट’ श्रेणी में स्थान बनाया। अयोध्या के कुल छह पूजा स्थलों को यह प्रमाणपत्र दिया गया है।
प्रसाद की गुणवत्ता और स्वच्छता पर लगी मुहर
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र सेवा ट्रस्ट के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में FSSAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजित पुन्हानी अपनी टीम के साथ अयोध्या पहुंचे और प्रमाणपत्र प्रदान किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की विशेष सचिव एवं अपर आयुक्त रेखा चौहान समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। FSSAI के ‘ईट राइट’ अभियान के तहत मंदिरों और अन्य पूजा स्थलों में तैयार एवं वितरित किए जाने वाले प्रसाद की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा का निर्धारित मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया जाता है। श्री राम मंदिर में खाद्य संचालकों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया गया।
47 मानकों पर हुआ मूल्यांकन
BHOG प्रमाणन के लिए पूजा स्थलों को पांच चरणों की प्रक्रिया से गुजरना होता है। इसमें FSSAI लाइसेंस या पंजीकरण, रसोई एवं भंडारण क्षेत्र का ऑडिट, खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण और 47 निर्धारित मानकों के आधार पर मूल्यांकन शामिल है। कुल 114 अंकों के आधार पर प्रमाणन की श्रेणी तय की जाती है। 100 से 114 अंक प्राप्त करने वाले पूजा स्थल ‘अतिविशिष्ट’ श्रेणी में रखे जाते हैं। FSSAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजित पुन्हानी ने कहा कि प्रसाद केवल भोजन नहीं, बल्कि आस्था और गरिमा का प्रतीक है। श्रद्धालुओं तक सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रसाद पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
दो साल तक मान्य रहेगा प्रमाणपत्र
श्री राम मंदिर को मिला BHOG प्रमाणपत्र दो वर्ष तक मान्य रहेगा। इस अवधि में राज्य और केंद्र के अधिकारी ऑडिट करेंगे। इसके अतिरिक्त श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की आंतरिक ऑडिट टीम भी निर्धारित चेकलिस्ट के आधार पर हर पखवाड़े समीक्षा करेगी। इससे प्रसाद की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा के मानकों पर निरंतर निगरानी रखी जाएगी।
अयोध्या के छह पूजा स्थलों को मिला प्रमाणपत्र
अयोध्या में श्री राम मंदिर के अलावा हनुमानगढ़ी, कनक भवन, जैन मंदिर और देवकाली सहित कुल छह पूजा स्थलों को BHOG प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र सेवा ट्रस्ट के महासचिव पी. गोविन्द देव गुरूजी ने स्वच्छता को ईश्वरत्व के समान बताते हुए कहा कि मंदिर में प्रसाद की शुद्धता और गुणवत्ता का विशेष महत्व है। कार्यक्रम में FSSAI और उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों के साथ श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।



