मुख्य सचिव ने Sarvam AI के ‘Indus’ AI प्लेटफॉर्म पर आयोजित कार्यशाला में बतौर मुख्य अतिथि किया प्रतिभाग।सभी विभाग AI आधारित टूल्स एवं सॉल्यूशन्स का बढ़ाएं उपयोग।
लखनऊ। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने आज योजना भवन में Sarvam AI के ‘Indus’ AI प्लेटफॉर्म पर आयोजित कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।इस अवसर पर मुख्य सचिव ने शासकीय कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते महत्व को रेखांकित करते हुए सभी विभागों को AI आधारित टूल्स एवं सॉल्यूशन्स के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यों के निष्पादन में AI के प्रभावी प्रयोग से Efficiency, Transparency एवं Responsiveness को बेहतर बनाया जा सकता है। AI के उपयोग से विभिन्न सरकारी कार्यों के निष्पादन में लगने वाला समय कम होगा तथा उत्पादकता (Productivity) और कार्यकुशलता (Efficiency) में वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीक के साथ कदमताल करते हुए AI को शासन व्यवस्था का प्रभावी सहयोगी उपकरण बनाया जाना आवश्यक है। विभागों द्वारा अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप AI आधारित समाधानों की पहचान कर उनके व्यावहारिक उपयोग को बढ़ावा दिया जाना चाहिए, ताकि कार्यप्रणाली को अधिक सरल, तेज, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुख बनाया जा सके। मुख्य सचिव ने कार्यशाला में प्रतिभाग कर रहे अधिकारियों से कहा कि वे AI के व्यावहारिक उपयोग, इसकी विभिन्न क्षमताओं एवं संभावनाओं को समझें और अपने अनुभव एवं सुझाव साझा करें। उन्होंने यह भी कहा कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी AI के प्रभावी एवं जिम्मेदार उपयोग के लिए प्रशिक्षित करें, जिससे इसका लाभ व्यापक स्तर पर शासकीय कार्यप्रणाली में दिखाई दे।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव नियोजन आलोक कुमार द्वारा मुख्य सचिव को एक प्रतीक चिन्ह भी भेंट किया गया। उल्लेखनीय है कि कार्यशाला का उद्देश्य Sarvam AI द्वारा विकसित ‘Indus’ Platform से अधिकारियों को परिचित कराना तथा Governance के क्षेत्र में इसके संभावित उपयोगों के संबंध में Hands-on Orientation प्रदान करना है। कार्यशाला के दौरान ‘Indus Cowork’ के व्यावहारिक उपयोग एवं इसकी विभिन्न क्षमताओं से प्रतिभागियों को अवगत कराने के लिए Hands-on Session आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों ने AI आधारित टूल के उपयोग एवं संभावनाओं को समझा। कार्यशाला में प्रमुख सचिव समाज कल्याण अनुराग यादव, प्रमुख सचिव स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन अमित गुप्ता, प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास सौरभ बाबू, सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ऋतु माहेश्वरी व विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स समीर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।



