DGME की कुर्सी पर अब IAS नहीं, डॉक्टर होंगे तैनात

DGME की कुर्सी पर अब IAS अधिकारियों की जगह डॉक्टरों को तैनात किए जाने की तैयारी है। इसी क्रम में चिकित्सा शिक्षा विभाग ने वरिष्ठता सूची जारी कर दी है, जिससे संभावित नियुक्ति को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ होती नजर आ रही है। माना जा रहा है कि यह बदलाव विभागीय अनुभव और चिकित्सा विशेषज्ञता को नेतृत्व में प्राथमिकता देने की दिशा में अहम कदम हो सकता है।

लखनऊ। चिकित्सा शिक्षा विभाग में महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा (DGME) के पद को लेकर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब इस महत्वपूर्ण पद पर IAS अधिकारी की जगह वरिष्ठ डॉक्टर की तैनाती का रास्ता साफ हो गया है। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने राजकीय मेडिकल कॉलेजों के वरिष्ठतम नियमित प्रधानाचार्यों की वरिष्ठता सूची जारी कर दी है। बताया जा रहा है कि हाईकोर्ट के दबाव के बाद विभाग ने यह वरिष्ठता सूची जारी की है। सूची पर संबंधित अधिकारियों और चिकित्सकों से सात दिन के भीतर आपत्तियां मांगी गई हैं। आपत्तियों के निस्तारण के बाद वरिष्ठता के आधार पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

नई व्यवस्था के तहत राजकीय मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठतम नियमित प्रधानाचार्य को पदोन्नति देकर DGME के पद पर तैनात किए जाने की तैयारी है। इससे लंबे समय से DGME पद पर IAS अधिकारी की तैनाती को लेकर चल रही व्यवस्था में बदलाव होगा। विभाग की ओर से जारी वरिष्ठता सूची के बाद अब चिकित्सकों की निगाहें आपत्ति की प्रक्रिया और अंतिम सूची पर टिकी हैं। अंतिम सूची जारी होने के बाद वरिष्ठतम पात्र प्रधानाचार्य की पदोन्नति और DGME पद पर तैनाती का आदेश जारी किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button