प्रदेश की जेलों में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन। जेलमंत्री दारा सिंह चौहान ने नोएडा जेल पहुंचकर बंधवाई राखी। रक्षाबंधन को लेकर जेल प्रशासन के अधिकारियों ने किए व्यापक इंतजाम।
राकेश यादव
लखनऊ। प्रदेश की जेलों में भाई बहन के अटूट प्रेम का पर्व रक्षाबंधन धूमधाम से मनाया गया। कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) जेल पहुंचकर महिला बंदियों से रक्षासूत्र बंधवाया और उन्हें रक्षाबंधन की बधाई दी। इसके साथ ही प्रदेश की समस्त जेलों में महिला बंदियों को रक्षासूत्र बांधने के लिए जेल प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। जिससे आगंतुकों और महिला बंदियों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होने पाए।
मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान गौतमबुद्धनगर की जेल पहुंचे। जेल में उन्होंने महिला बंदियों से राखी बंधवाई। जेल अधीक्षक बृजेश कुमार ने रक्षाबंधन के लिए व्यापक इंतजाम किए थे। इसके साथ ही मंडलीय कारागार मेरठ, केंद्रीय कारागार नैनी, जिला कारागार प्रयागराज, जिला कारागार गाजियाबाद, अलीगढ़, कानपुर नगर, लखनऊ, मुरादाबाद, उन्नाव समेत प्रदेश की अन्य जेलों में सुबह से जेल में महिलाओं का आना शुरू हो गया था। महिलाओं की भारी भीड़ को देखते हुए जेल प्रशासन के अधिकारियों ने आगंतुकों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होने पाए इसके लिए व्यापक इंतजाम किए थे।
रक्षाबंधन के मौके पर रक्षासूत्र बांधने के सभी महिलाओं और आगंतुकों की मुलाकात जेल के अंदर कराई गई। जिससे महिलाएं अपने बंदी भाइयों को आसानी से रक्षासूत्र बांधकर बधाई दे सकें। महिला बंदियों और आगंतुक महिलाओं ने अपने बंदी भाइयों को टीका इत्यादि लगाकर रक्षासूत्र बांधा और मीठा खिलाकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए रक्षा किए जाने का संकल्प लिया। इससे पूर्व महानिदेशक कारागार पीसी मीणा ने प्रदेश के समस्त जेल अधीक्षकों को पत्र भेजकर रक्षाबंधन के मौके पर आगंतुक महिलाओं को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होने पाए इसके लिए व्यापक इंतजाम करने के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के चलते जेलों में भाई बहन के अटूट प्रेम का पर्व रक्षाबंधन शांतिपूर्ण तरीके संपन्न हुआ।



