UP में 11 से 15 अगस्त हर घर तिरंगा अभियान

हर घर तिरंगा अभियान: 10 से 15 अगस्त तक यूपी में चलेगा भाजपा का महाअभियान, लखनऊ में बनी रणनीति

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित “हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा” अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला शनिवार को राजधानी लखनऊ के विश्वेश्वरैया सभागार में आयोजित हुई। कार्यशाला में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री अनिल के. एंटनी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में अभियान की विस्तृत रणनीति तय की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 10 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक पूरे उत्तर प्रदेश में व्यापक जनभागीदारी के साथ “हर घर तिरंगा” एवं “तिरंगा यात्रा” अभियान चलाया जाएगा। अभियान के संचालन की जिम्मेदारी प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर भारद्वाज को संयोजक के रूप में सौंपी गई है, जबकि सह-संयोजक के रूप में नीरज सिंह, अर्चना मिश्रा, अनिल यादव और रजनी पांडे को जिम्मेदारी दी गई है।

राष्ट्रभक्ति का जनआंदोलन है हर घर तिरंगा: अनिल के. एंटनी

राष्ट्रीय मंत्री अनिल के. एंटनी ने कहा कि “हर घर तिरंगा” केवल ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ने का अभियान है। उन्होंने कहा कि तिरंगा प्रत्येक परिवार की राष्ट्र के प्रति आस्था, सम्मान और समर्पण का प्रतीक है और इसे अधिक से अधिक घरों तक पहुंचाना इस वर्ष का लक्ष्य है।

उन्होंने प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर मजबूत संगठनात्मक व्यवस्था बनाने, सभी मोर्चों, प्रकोष्ठों, जनप्रतिनिधियों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया।

प्रत्येक कार्यकर्ता कम से कम 50 परिवारों को जोड़े: पंकज चौधरी

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि तिरंगा राष्ट्रगौरव और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का स्वतंत्रता संग्राम में विशेष योगदान रहा है और 10 से 15 अगस्त तक चलने वाले अभियान में प्रत्येक कार्यकर्ता को कम से कम 50 परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य लेकर काम करना चाहिए।उन्होंने कहा कि युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग किया जाएगा, ताकि देश-विदेश तक राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचे।

10 से 14 अगस्त तक तिरंगा यात्रा, 11 से 15 अगस्त हर घर तिरंगा

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि—

  • 10 से 12 अगस्त तक मंडल एवं वार्ड स्तर पर 1 से 2 किलोमीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी।
  • 13 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर विशाल तिरंगा यात्राओं का आयोजन होगा।
  • 12 से 14 अगस्त तक शहीद स्मारकों एवं स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थलों पर स्वच्छता अभियान और पुष्पांजलि कार्यक्रम होंगे।
  • 13 से 15 अगस्त तक घर-घर, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
  • 14 अगस्त को “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” के अवसर पर मौन जुलूस और संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।
  • युद्धवीरों, शहीदों के परिजनों और पुलिस बल के बलिदानी परिवारों का सम्मान भी अभियान का प्रमुख हिस्सा होगा।

उन्होंने कहा कि यह केवल संगठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति का महापर्व है, जिसमें समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

व्यापक जनसहभागिता पर रहेगा जोर

भाजपा ने अभियान के तहत पूर्व सैनिकों, खिलाड़ियों, कलाकारों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, महिला संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को जोड़ने का लक्ष्य रखा है। पार्टी का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस को केवल सरकारी कार्यक्रम न बनाकर जनभागीदारी का राष्ट्रीय उत्सव बनाना है। अभियान के सफल संचालन के लिए 4-5 अगस्त को जिला स्तर और 6 अगस्त को मंडल स्तर की योजना बैठकें आयोजित की जाएंगी।

Related Articles

Back to top button