PM आवास के बाहर राहुल-प्रियंका डिटेन, अखिलेश को पुलिस ने हटाया

PM आवास के बाहर धरने पर बैठे राहुल-प्रियंका डिटेन, अखिलेश यादव को भी हटाया गया; छात्रों के मुद्दे पर विपक्ष का प्रदर्शन तेज

नई दिल्ली। छात्रों के मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री आवास के बाहर मंगलवार को विपक्ष के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी प्रदर्शन स्थल से हटाया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और कई विपक्षी नेताओं को पुलिस ने मौके से डिटेन किया।

DCP ने धरना समाप्त करने का किया अनुरोध

जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली जिला के डीसीपी ने राहुल गांधी से धरना समाप्त कर स्थान खाली करने का अनुरोध किया। पुलिस अधिकारी ने उनसे कहा, “आप प्लीज कॉपरेट करिए।” इस पर राहुल गांधी ने जवाब दिया, “मैं कॉपरेट कर रहा हूं। आप यहां मौजूद लोगों से हटने के लिए कह दीजिए।” इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से स्थान खाली करने की अपील की। प्रदर्शन जारी रहने पर पुलिस ने सभी को हिरासत में लेने का निर्देश दिया।

राहुल-प्रियंका को अलग-अलग बसों में ले जाया गया

हिरासत के दौरान राहुल गांधी कांग्रेस नेताओं को ले जाए जाने का विरोध कर रहे थे। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने उनका हाथ पकड़ने की कोशिश की, जिस पर राहुल गांधी ने हाथ छुड़ाया और सड़क पर बैठ गए। बाद में पुलिस राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को अलग-अलग बसों में लेकर रवाना हुई। कांग्रेस ने इस कार्रवाई पर सोशल मीडिया मंच X पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्ष छात्रों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगा और सरकार के दबाव से पीछे नहीं हटेगा।

धरने में शामिल होने की अपील की थी राहुल गांधी ने

धरने से पहले राहुल गांधी ने लोगों से प्रधानमंत्री आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि छात्रों की आवाज़ को अनसुना नहीं किया जा सकता और उनकी मांगों पर सरकार को जवाब देना होगा।

कई अन्य नेता भी हिरासत में

इससे पहले लोकसभा सदस्य चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, शशिकांत सेंथिल सहित कई अन्य विपक्षी नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने हाथों में सांकेतिक हथकड़ियां पहनकर छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध दर्ज कराया।

प्रियंका गांधी ने उठाई चर्चा की मांग

प्रियंका गांधी ने कहा कि विपक्ष संसद में छात्रों के मुद्दे पर चर्चा चाहता है, लेकिन उसे अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया जा रहा। उन्होंने छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का उल्लेख करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी दोहराई। फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम के बाद छात्रों के आंदोलन और विपक्ष के विरोध को लेकर राष्ट्रीय राजनीति में बहस तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button