16 लाख पौधे लगाएगा स्वास्थ्य विभाग। उप मुख्यमंत्री ने वर्चुअल बैठक में सभी जिलों के चिकित्साधिकारियों को किया निर्देशित। प्रदेश के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ भी की वर्चुअल बैठक।पौधारोपण के बाद पौधे की देखभाल के लिए नोडल अधिकारी की करें तैनाती।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने इस वर्ष वृहद पौधारोपण अभियान (वन महोत्सव-2026) के अंतर्गत 35 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य रखा है। इसी के सापेक्ष चिकित्सा, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा 16 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जाएगा। यह कहना है प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का। वे बुधवार को विधानसभा स्थित सभागार में प्रदेश के सभी जनपदों के चिकित्साधिकारियों की वर्चुअल बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ भी बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हम सभी को इस अभियान को सफल बनाना है। विभागवार पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सिर्फ पौधारोपण ही लक्ष्य नहीं है, उसकी देखभाल का जिम्मा भी हमे ही उठाना है। उन्होंने सभी जनपदों के चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां पौधारोपण होना है, विभागीय परिसर में उपयुक्त स्थान का चयन कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर लें। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि इस कार्य में कतई लापरवाही न बरती जाए। पौधों की देखरेख करना अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इसके लिए जिलेवार नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए जाएं।
उन्होंने कहा कि इस अभियान में जनभागीदारी भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उप मुख्यमंत्री ने सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ बैठक कर वृक्षारोपण अभियान को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत जिलेवार पौधारोपण की सूची भी जारी की गई। बैठक में अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा) अमित कुमार घोष, मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ० पिंकी जोएल एवं प्रदेश के सभी जनपदों के चिकित्सा अधिकारी वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।



