सुलभ शौचालय तोड़कर बारात घर बना रहे पार्षद

सुलभ शौचालय तोड़कर बारात घर बना रहे पार्षद। स्थानीय क्षेत्रवासी परेशान, नगर विकास मंत्री से की शिकायत। आसपास कई बारात घर लेकिन पार्षद पम्मी जिद पर अड़े।

राकेश यादव

लखनऊ। कैंट विधानसभा के अंतर्गत लालकुआँ वार्ड के मोहल्ला मातादीन हाता में सुलभ शौचालय तुड़वाकर, कल्याण मंडप का अव्यवस्थित निर्माण कराये जाने के विरोध में क्षेत्रवासियों ने नगर विकास मंत्री से शिकायत की है। क्षेत्र वासियों का कहना है कि पार्षद सुशील तिवारी पम्मी अपनी मनमानी पर अड़े हैं और आसपास कई बारात घर होने के बावजूद भी सुलभ शौचालय छीनने पर आमादा हैं। निजी स्वार्थ की खातिर सुलभ शौचालय तोड़कर बारातघर बनाए जाने का मामला स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। इसको लेकर तमाम तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

राजधानी में भारतीय जनता पार्टी का जो भी पार्षद बनता है, वह अपने हिसाब से इलाका चलाने लगता है, यही कारण है कि क्षेत्रवासी परेशान हो जाते हैं, पार्टी कैडर की वजह से वोट भले मिल जाए लेकिन सच्चाई यह है कि कार्यकर्ताओं में अंदर ही अंदर आग सुलगती रहती है और वह देर-सबेर निकलती ही है। क्षेत्रवासियों ने नगर विकास मंत्री से शिकायत की है कि जनता के धन का दरूप्रयोग लखनऊ नगर निगम लाल कुआं वार्ड के पार्षद सुशील तिवारी पम्मी कर रहे है। जहां एक ओर लखनऊ नगर निगम एवं पार्षदों को हाईकोर्ट, लखनऊ बेंच ने कुछ दिन पूर्व में ही फटकार लगाते हुए कहा था कि जनता और सरकारी धन का प्रयोग जनहित कार्यों में ही किए जाये।

वहीं दूसरी तरफ हाईकोर्ट की इस फटकार के विरूद्ध 175 लखनऊ कैंट विधान सभा के अंतर्गत लालकुआँ वार्ड के पार्षद सुशील तिवारी पम्मी द्वारा मनमाने तरीके से मातादीन हाता में पूर्व में बने शौचालय को तुड़वाकर बारात घर का निर्माण ऐसे स्थान पर कराया जा रहा है, जहाँ पर दोपहिया वाहन के अलावा अन्य कोई वाहन का आवागमन नहीं हो सकता है, वहाँ पर पार्किंग की भी कोई व्यवस्था नहीं है। इससे लोगों में रोष व्याप्त है। 2,000 स्क्वायर फीट जमीन पर बन रहे इस छोटे से बारात घर की आवश्यकता को लेकर पार्षद सुशील तिवारी पम्मी भी चुप्पी साधे हुए हैं। लोग कर रहे हैं लोग कह रहे हैं कि अपने खास लोगों के उठने बैठने के लिए यह व्यवस्था बनाई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना हैं कि बारातघर के निर्माण से उक्त मार्ग पर आवागमन की कोई उचित व्यवस्था न होने के कारण अनेक समस्याएं उत्पन्न होगी। मातादीन हाते के अंदर संकरी गलियां हैं। ऐसे में प्रत्येक दिन अराजकता फैलेगी और स्थानीय दुकानदारों का भारी नुकसान होगा। स्थानीय लोग व व्यापारी भाइयों ने लखनऊ सांसद और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से, मेयर श्रीमती सुषमा खर्कवाल व नगर आयुक्त गौरव कुमार से अपील करते हुए मांग की है कि अगर उक्त निर्माण कार्य को बंद नहीं कराया जाता, तब उनके द्वारा लगातार आंदोलन इस कार्य को रूकवाने के लिए प्रारम्भ किए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button