गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज गोरखपुर जनपद की दो मेधावी छात्राओं कुं. कनिष्का फिलिप और सुश्री निया ट्रेसा जोसेफ को लैपटॉप भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने दोनों छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कुं. कनिष्का फिलिप गोरखपुर स्थित सेंट जोसफ स्कूल की छात्रा हैं। उन्होंने हाईस्कूल परीक्षा में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं और अपने विद्यालय में पांचवां स्थान हासिल किया है। वहीं, सुश्री निया ट्रेसा जोसेफ इंटर कॉलेज, खोराबार (गोरखपुर) की छात्रा हैं। उन्होंने इंटरमीडिएट परीक्षा में 99.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने कॉलेज में प्रथम स्थान हासिल किया है।
सेंट जोसफ स्कूल के प्रमुख श्री चर्चिल अधिकारी ने बताया कि दोनों छात्राएं ईसाई समाज से संबंध रखती हैं। कनिष्का फिलिप प्रोटेस्टेंट समुदाय से हैं, जबकि निया ट्रेसा जोसेफ रोमन कैथोलिक समुदाय से हैं। उन्होंने कहा कि दोनों छात्राएं अपने-अपने संस्थानों की मेधावी छात्राओं में शामिल हैं और उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।



