लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के उत्तर प्रदेश में प्रथम आगमन के अवसर पर लखनऊ में भव्य स्वागत, एयरपोर्ट से प्रदेश कार्यालय तक 42 स्थानों पर अभिनंदन की तैयारी की गई।भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के पहली बार लखनऊ आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक 42 स्थानों पर भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दो दिवसीय सांगठनिक प्रवास पर आज शनिवार को लखनऊ, उत्तर प्रदेश पहुंचे। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका भव्य स्वागत आदरणीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों ने किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिला हवाई अड्डे के बार आलमबाग मोड़ से टी. एन. चतुर्वेदी चौराहा, चारबाग, दीनदयाल स्मृतिका, महाराणा प्रताप चौराहा और बर्लिंगटन चौराहा होते हुए एक भव्य शोभायात्रा के रूप में प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचा। एयरपोर्ट आलमबाग मोड़ से भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय तक निकली अभिनंदन यात्रा में 42 स्थानों पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का विमान सुबह करीब 11 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचा। सीएम योगी समेत कई कैबिनेट मंत्रियों नें भाजपा अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेंट कर सत्कार किया। इसके बाद एयरपोर्ट से प्रदेश कार्यालय तक जगह-जगह कार्यकर्ता, पदाधिकारी, विधायक, सांसद, पार्षद और पार्टी के विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधि फूल-मालाओं, बैंड-बाजे और जयघोष के साथ उनका स्वागत किया।

भाजपा संगठन ने स्वागत को लेकर पहले से व्यापक तैयारियां की थीं। पूरे मार्ग को पार्टी के झंडों, बैनरों और स्वागत द्वारों से सजाया गया है। पार्टी का दावा है कि इस ऐतिहासिक स्वागत में लाखों कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का यह पहला लखनऊ दौरा संगठन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके आगमन को लेकर प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और सभी उनके स्वागत को यादगार बनाने में जुटे हुए हैं।
पूरे यात्रा मार्ग में भाजपा कार्यकर्ताओं, विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने पुष्प वर्षा, माल्यार्पण, जयघोष तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के स्वागत में गौतम समाज, कायस्थ समाज, पाल समाज, राजभर समाज, पर्वतीय समाज, लोधी समाज, यादव समाज, ब्राह्मण समाज, मराठी समाज, वैश्य समाज, ईसाई समाज, सिंधी समाज, साहू समाज, व्यापारी समाज, अधिवक्ता समाज, सिख एवं पंजाबी समाज, बंगाली समाज, क्षत्रिय समाज, सोनकर समाज, भोजपुरी समाज, पटेल-मौर्य-कुशवाहा समाज, वाल्मीकि समाज, पासी समाज, निषाद समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने अपने-अपने समाज की परंपरा और पहचान के अनुरूप स्वागत किया। विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपने समाज के प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मराठी समाज, वैश्य समाज और अन्य सामाजिक संगठनों के स्वागत में अलग-अलग सांस्कृतिक रंग देखने को मिले। प्रमुख स्वागत स्थलों पर लखनऊ की लोक संस्कृति से जुड़े लोक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां भी हुईं, जिसने अभिनंदन यात्रा को और अधिक आकर्षक एवं जीवंत बना दिया। उमड़े जनसमूह ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारों से वातावरण को ऊर्जावान बना दिया। आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिकोण से पार्टी की रणनीतियों को धार देने एवं पार्टी गतिविधियों की समीक्षा हेतु नितिन नवीन का यह दौरा अत्यंत ही महत्वपूर्ण है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चैधरी यात्रा के दौरान रथ पर साथ रहे।
शोभायात्रा के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए श्री नवीन ने कहा कि मैं लखनऊ की इस पवित्र भूमि और प्रभु श्री राम की भूमि, बाबा काशी विश्वनाथ की नगरी तथा मथुरा की नगरी को नमन करता हूं। आज मैं अपने श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को भी स्मरण करता हूं, क्योंकि यह उनकी लंबे समय तक कर्मस्थली रही है। जिस प्रकार का सम्मान मुझे यहाँ मिला है, उससे मैं यह कह सकता हूं कि पाटलिपुत्र की धरती से अधिक लखनऊ की धरती के लोगों ने मुझे सम्मान दिया है। मैं भारतीय जनता पार्टी और पूरे लखनऊ के लोगों का अभिनंदन और धन्यवाद करता हूं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह के साथ मेरा अभिवादन किया है, उसके लिए मैं सभी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करता हूं। मैं उत्तर प्रदेश भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पंकज चैधरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी पूरी टीम का भी अभिनंदन करता हूं। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जोड़ी ने उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का कार्य किया है। यह तय है कि आज कार्यकर्ताओं का उत्साह स्पष्ट करता है कि वर्ष 2027 में भी उत्तर प्रदेश में कमल खिलेगा और भाजपा की डबल इंजन की सरकार बनेगी। मेरा यह दो दिवसीय प्रवास इसी योजना पर केंद्रित रहेगा कि भाजपा के नेतृत्व में वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में फिर से कमल खिले।

प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुँचने के पश्चात् नितिन नवीन ने प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, प्रदेश मोर्चा अध्यक्षों तथा जिला अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चैधरी, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में हुई बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन के विस्तार एवं मजबूती पर विशेष बल देते हुए सभी पदाधिकारियों से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश भाजपा के सभी चुने हुए जनप्रतिनिधियों (सांसदों, विधायकों, पार्षदों, जिला पंचायत सदस्यों) का आह्वान करते हुए कहा कि आप सबको गाँवों में प्रवास करना चाहिए एवं हर मतदाता तक नरेन्द्र मोदी सरकार एवं योगी आदित्यनाथ जी की डबल इंजन सरकार सरकार की योजनाओं एवं पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से पहुंचाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं हैं, इसलिए वे जनता का ध्यान भटकाने के लिए लगातार नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। हमें इस पर ध्यान न देते हुए डबल इंजन सरकार की विकास योजनाओं को जनता तक पहुंचाना है और उनके जीवन में खुशहाली लानी है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने पार्टी पदाधिकारियों को संदेश देते हुए कहा कि मैं आप सब कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूँ कि हम सबको अपने-अपने क्षेत्र, अपने जिला और अपने कार्यक्रम से जुड़ते नजर आना है। हमको कोई सम्मान दे, इसके पहले दो कदम सम्मान देने की इच्छा अगर आप बना लेंगे, तो निश्चित सामने वाला सम्मान देने के लिए मजबूर हो जाएगा। आप अगर अपने अध्यक्ष से यह कह सकते हैं कि ‘अध्यक्ष जी, आपकी 16 आदमी की टीम है, 17वां नाम मेरा भी जोड़ लीजिएगा। मुझे जो काम दीजिएगा, मैं अपने गृह जिला में इस प्रकार से कर पाऊँगा।‘ अगर यह भाव आपके अंदर आ गया, जिलाध्यक्ष सबसे अधिक सम्मान आपको देगा। लेकिन अगर आप सोच लीजिएगा कि ‘मैं जिला अध्यक्ष के ऊपर हूँ‘, तो उस दिन से आपके लिए समस्या खड़ी होनी शुरू हो जाएगी। इसलिए मैं इन बातों को बहुत ही स्पष्ट कहता हूँ कि आप सबको खुद तय करना है कि आपको क्या चाहिए और अगर आप खुद तय कर सकते हैं, तो निश्चित रूप से राजनीति में आपके भविष्य उज्जवल होंगे।श्री नवीन ने कहा कि हम लोगों ने तय किया है कि हर महीने तय योजना के अनुसार मंडल बैठक, जिला बैठक और पदाधिकारियों की प्रदेश स्तरीय बैठक होनी है। इसी महीने से मैं अपना क्षेत्रीय प्रवास भी शुरू करूँगा।
आप लोगों को भी गाँवों में प्रवास करना है। ‘मन की बात‘ का कार्यक्रम हमारा अंतिम रविवार को होता है। उस दिन इस कार्यक्रम के बाद वहीं पर बूथ की बैठक जरूर होनी चाहिए। मैं इसमें दो आग्रह करता हूँ कि जिस सप्ताह आपकी ‘मन की बात‘ जिस रविवार को है, उसके पहले वाले रविवार को यानी, तीसरे या चैथे रविवार को आप शक्ति केंद्र की बैठक करिए। शक्ति केंद्र की बैठक में श्मन की बातश् की कल्पना कि ‘कितने बूथों पे हो पाएगा, कौन कहाँ बैठेगा‘ – उसकी भी चर्चा कीजिये। तभी हम मजबूत बूथ और मजबूत शक्ति केंद्र की कल्पना को साकार कर पायेंगे। जो हमने सपना देखा है कि हमारा बूथ मजबूत बने, उसके लिए शक्ति केंद्र का जो पायदान है, निश्चित रूप से उसको भी मजबूत करके खड़ा करने की आवश्यकता है। आप यह तय करें कि आपके जिले की 100 प्रतिशत बूथ पर ‘मन की बात‘ हो। हर महीन का ‘मन की बात’ कार्यक्रम पिछले महीने से बेहतर करने की तैयारी करें, इससे बूथ बैठक भी अपने आप ही पिछले महीने से बेहतर होगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बूथ अध्यक्षों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि मैंने एक प्रयास शुरू किया है कि मुझे राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में सम्मान स्वरूप जितने अंगवस्त्र मिले हैं उसे जिस भी राज्य में चुनाव है और वहां जो भी बूथ अध्यक्ष अच्छे तरीके से ‘मन की बात‘ लगातार सुन रहे हैं और इसके बात बूथ बैठकें कर रहे हैं, उन सभी को मेरे एक पत्र के साथ सम्मान स्वरूप भेजा जाएगा। उन्होंने केरलम के भाजपा कार्यकर्ता का उदाहरण देते हुए कहा कि केरलम में एक कार्यकर्ता मुझसे मिलने के लिए बड़े इच्छुक थे, भीड़ में लगातार मिलने की कोशिश कर रहे थे। मैं उनको उतना जानता भी नहीं था। लेकिन फिर भी वो मंच तक आये। उनके मन में बस एक ही उत्साह था कि मुझे राष्ट्रीय अध्यक्ष जी को पत्र दिखाना है कि उनके द्वारा दिया गया पत्र मुझे तक पहुंचा है और वे इससे काफी सम्मानित और खुशी की अनुभूति कर रहे थे। इन छोटी-छोटी चीजों से लोगों को जोड़ा जा सकता है। किसी के दिल में अगर जगह बनानी है, तो उस तक पहुँचना पड़ेगा। उन्होंने प्रदेश की नवगठित भाजपा टीम को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी लगन, समर्पण और सक्रियता के साथ जुट जाना है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के प्रत्येक मतदाता तक संगठन की योजनाओं और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री योगी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की उपस्थिति में नवनिर्वाचित प्रदेश पदाधिकारियों व जिलाध्यक्षों से संवाद स्थापित किया। मुख्यमंत्री योगी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रथम लखनऊ आगमन पर उनका स्वागत किया। भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित पहली सामूहिक बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि नबीन जी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन व नेतृत्व में पहली बार भाजपा ने पश्चिम बंगाल में विजय प्राप्त की है और असम में लगातार तीसरी बार जीत हुई। मुख्यमंत्री ने कुंदरकी व बंगाल का उदाहरण देकर कार्यकर्ताओं को संवाद का महत्व बताया और कहा कि सरकार के कार्यों को हर तबके तक पहुंचाएंगे तो विपक्ष के सारे हथकंडे फेल होंगे। वह निगेटिव नैरेटिव के माध्यम से प्रदेश का माहौल खराब करने में भी विफल रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल में सभी राजनीतिक विश्लेषक कहते थे कि यह भाजपा के लिए अभेद्य है, लेकिन उनके सभी विश्लेषण धराशायी हुए। भाजपा ने बहुमत के साथ पहली बार बंगाल में सरकार बनाई। जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पावन धरा पर कमल खिला। देश-दुनिया में इसका सकारात्मक संदेश गया। राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार आवश्यक थी। पिछले 12 वर्ष में सबने बदलता भारत देखा है। मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने प्रत्येक क्षेत्र में नई पहचान बनाई। पहली बार वैश्विक मंचों पर भारत का सम्मान बढ़ा। दुनिया के राष्ट्राध्यक्षों के सामने प्रधानमंत्री मोदी जी और भारत के बारे में अच्छी धारणा बनी। भारत की बाह्य सुरक्षा अभेद्य हुई। अब दुश्मन भारत को आंख नहीं दिखा सकता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जी के नेतृत्व में भारत नक्सलवाद से मुक्त हुआ और आंतरिक सुरक्षा भी मजबूत हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहली सरकार है, जिसने विरासत और विकास के बेहतर समन्वय का मार्ग प्रशस्त किया। योजनाओं के क्रियान्वयन को आमजन तक पहुंचाने के लिए संगठन व कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी बल दिया। उन्होंने 2017 के पहले और बाद के उत्तर प्रदेश पर भी विस्तृत चर्चा की। कहा कि 2017 के पहले प्रत्येक व्यक्ति के सामने पहचान का संकट था। गरीब कल्याणकारी योजनाओं में लूट मची थी। हर जनपद में माफिया की अराजकता थी। हर तीसरे दिन किसी कस्बे, जनपद या क्षेत्र में दंगा होता था और यही यूपी की पहचान थी। बेटी-व्यापारी असुरक्षित थे। किसान आत्महत्या, नौजवान पलायन कर रहा था। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तो बहुत सारे जनपद ऐसे थे, जहां बेटियां स्कूल भी नहीं जा पाती थीं, लेकिन 2017 के बाद का उत्तर प्रदेश सामने है। 9 वर्ष में यूपी में कोई भी कर्फ्यू-दंगा नहीं हुआ। उपद्रव प्रदेश अब उत्सव प्रदेश बन गया है। परंपरागत उद्यम फिर से प्रोत्साहित हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब किसान की आमदनी कई गुना बढ़ी है। 2014 में शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री जी ने कहा था कि 5 साल में हम यूपी में किसानों की आमदनी को दोगुना करेंगे। सरकार गन्ना किसानों को 400 रूपये प्रति क्विंटल भुगतान कर रही है। एथेनॉल, चीनी उत्पादन में यूपी देश में नंबर एक पर है। किसान दोगुना नहीं, अब कई गुना दाम प्राप्त करता है। जो लोग विकास, गरीब कल्याणकारी योजनाओं, कानून व्यवस्था आदि मुद्दे पर डबल इंजन सरकार के सामने नहीं टिक पाते, वे जातीय विभाजन, भाजपा और विचार परिवार के बीच में मतभेद का भ्रम फैलाते हैं। हमें इससे खुद को दूर रखना है। किसी भी ऐसे मामलों में नहीं पड़ना है, जो माहौल खराब करता हो।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भी चर्चा की। कहा कि आज मीडिया के अलग-अलग स्वरूप बन चुके हैं। परिवार के पांच सदस्यों में बुजुर्ग अखबार पढ़ते और अधेड़ टेलीविजन देखते होंगे, लेकिन नौजवान के लिए स्मार्टफोन ही सब कुछ है। उन्हें यूपी के दंगे, गुंडे और अराजकता याद नहीं होगी। उन्हें पता न होगा कि रसोई गैस पाने के लिए लाठी चलती थी और किसानों को समय पर बीज-खाद नहीं मिलता था। यह बताने के लिए हमें उन तक पहुंचना पड़ेगा। नई टीम, नए तरीके से अपने कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका का निर्वहन करेगी और सरकार व संगठन के बीच में बेहतर समन्वय के माध्यम से आगे बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने इंफ्रास्ट्रक्चर, वेलफेयर, निवेश, रोजगार आदि की योजनाओं पर जोर देते हुए कहा कि अभी एक साथ यूपी के अंदर 60,244 पुलिस कार्मिकों की भर्ती की गई थी। हर जिले में 500 से लेकर 1000, 1200, 1500 तक नौजवान भर्ती हुए थे। सपा शासन में यह भर्ती असंभव थी और पारदर्शिता तो कोई सपने में भी नहीं सोच सकता था।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का सहज सरल किन्तु कार्य में कोई समझौता न करने वाला स्वभाव हम सभी को प्रेरणा देता है और सीख देता है कि हमे अपने कार्यक्षेत्र में किस प्रकार से नेतृत्व करना चाहिए। राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का आगमन चुनावी शंखनाद की घोषणा है और इस चुनावी युद्ध में यही टीम काम करेगी। प्रदेश की टीम जिलों के साथ बेहतर को-ऑर्डिनेशन करेगी और जिले की टीम चुनावी युद्ध को बूथ स्तर तक ले जाकर मतदाताओं तक पहुँच को सुनिश्चित करेगी। इसलिए आप सबका दायित्व बहुत बड़ा है और आप सबकी ओर से मा. राष्ट्रीय अध्यक्ष जी को मैं आश्वस्त करना चाहता हूँ कि हम सब अपने दायित्व में जरा भी शिथिल नहीं होंगे।
पंकज चैधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने हमेशा प्रदेश की कानून व्यवस्था को मजबूत किया है, विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाया है, हमारी सरकारों के बेहतर कार्यों को हमें जन-जन तक पहुँचाना है। हमें पुरे प्रदेश के प्रत्येक बूथ के हर घर तक सरकार के कार्यों की जानकारी अपने जमीनी कार्यकर्ताओं के माध्यम से पहुंचानी है। हमें निरंतर संवाद बनाए रखना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का मार्गदर्शन प्रदेश टीम को लगातार प्राप्त होता रहेगा और प्रदेश पदाधिकारी निरंतर संवाद के माध्यम से जिले का मार्गदर्शन करते रहेंगे। राजनीतिक संवाद के क्षेत्र में भाजपा से बेहतर प्रणाली किसी और पार्टी के पास है ही नहीं और मुझे पूरा विश्वास है कि मा० राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के नेतृत्व में इसमें और अधिक सुधार होगा। राष्ट्रीय नेतृत्व से प्राप्त मार्गदर्शन के आलोक में हम उत्तर प्रदेश की टीम को लगातार अपनी समीक्षा करते रहना है और निरंतर सुधार करना है।
हमें अपने विशाल संगठनात्मक ढांचे के माध्यम से डबल इंजन सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है। हमारे संगठन की सबसे बड़ी शक्ति हमारे देवतुल्य कार्यकर्ता हैं और हमें इन्हीं कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद करना है, मार्गदर्शन करना है और उनसे जमीनी स्तर का फीडबैक भी प्राप्त करना है। हमें मतदाता को 2012 से 2017 तक की भयावह व्यवस्था का स्मरण कराना है जो बच्चे 2017 में 10 वर्ष के थे अब वो वोटर हैं उन्हेंभी समझाना है कि सपा का काल कैसा था और पिछले 9 वर्षों में सरकार ने कितना बेहतर काम किया है। निरंतर सहयोग, सम्पूर्ण समर्पण, सक्षम संगठन ही चुनाव में विजय की यही कुंजी है।पंकज चौधरी ने कहा कि केन्द्रीय नेतृत्व को विश्वास दिलाते हैं कि उत्तर प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत से हम इतिहास दोहरायेंगे नहीं बल्कि 2027 में प्रचंड विजय का नया इतिहास बनाएंगे।



