53वें जन्मदिन पर अखिलेश यादव की 2027 हुंकार! BJP पर भ्रष्टाचार, संविधान और राम मंदिर को लेकर किया बड़ा हमला। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन राजधानी लखनऊ समेत पूरे देश में उत्साह और भव्य आयोजनों के साथ मनाया गया। हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी, भंडारे, रक्तदान, वृक्षारोपण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच अखिलेश यादव ने भाजपा पर भ्रष्टाचार, संविधान और राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर तीखे राजनीतिक हमले किए। साथ ही उन्होंने 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार बनाने का संकल्प भी दोहराया।
अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन आज राजधानी लखनऊ सहित पूरे देश और प्रदेश में करोड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में शंखनाद, ढोल नगाड़ों की धुन, डमरू वादन और संगीत की स्वरलहरियों के बीच मनाया गया। देश भर से समाजवादी पार्टी सहित विभिन्न दलों के नेताओं और समाज के हर तबके के लोगों ने अखिलेश यादव को अलग-अलग माध्यमों से जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दी। इस ऐतिहासिक जमावड़ा से अद्भुत नजारा दिखाई दिया। समाजवादी पार्टी राज्य मुख्यालय, लखनऊ में सुबह से ही अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं देने के लिए हजारों कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। अपने निवास से पार्टी कार्यालय तक आने में अखिलेश जी को रोककर कई जगह स्वागत हुआ और उन पर गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा की गई। लोगों ने बुके, पौधे तथा अन्य स्मृतिचिह्नअखिलेश यादव को भेंटकर जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में आये नेताओं, सांसदों, विधायकों, कार्यकर्ताओं और समाज के सभी वर्ग के लोगों, महिलाओं बच्चों, युवाओं, अधिकारियों, व्यापारियों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, पूर्व सैनिकों, संतों-महात्माओं और उलेमा ने अखिलेश यादव को फूलमालाएं पहनाकर, बुके देकर जन्मदिन की बधाई दी। पं0 हरि प्रसाद मिश्र ने स्वस्तिवाचन कर अखिलेश जी को दीर्घायु, स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद दिया। आये हुए लोगों ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होना तय है। इस नई राजनीतिक और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और प्रदेा खुशहाली और प्रगति के रास्ते पर चलेगा। इस अवसर पर अखिलेश यादव ने आये हुए समर्थकों, शुभचिंतकों द्वारा अपने प्रति प्रदर्शित प्रेम और सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस मौके पर भंडारा, रक्तदान तथा अन्य कार्यक्रमों के आयोजकों को धन्यवाद दिया।
अखिलेश यादव के जन्मदिन पर देश और प्रदेश में कई स्थानों पर केक काट काटा गया, वृक्षारोपण के साथ मिष्ठान्न, फल, गरीबों को अन्नदान, भंडारे आदि के आयोजन किये गये। अस्पतालों में मरीजों को फल, बांटे गये और उनकी दीर्घायु के लिए हवन-पूजन के कार्यक्रम भी किये गये। किन्नर पायल सिंह ने अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनने का आशीर्वाद दिया। उन्होंने छात्राओं को साइकिलें भेंट की। समाजवादी पार्टी के नेता एवं लखनऊ के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय बहादुर यादव ने प्रदेश कार्यालय में विशाल भंडारा का आयोजन किया और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के माध्यम से 54 किलो का लड्डू वितरित किया गया। भंडारे में हजारों की संख्या में आम जनता, पार्टी समर्थकों, कार्यकर्ताओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में पूड़ी सब्जी, चोला, चावल, बूंदी, खीर आदि का वितरण किया गया। सभी लोगों ने भंडारे की प्रशंसा की।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय के बाहर नगर निगम पार्षद दल के उपनेता देवेन्द्र सिंह जीतू तथा वरिष्ठ नेता नवीन धवन बंटी, अपर्णा बंसल एवं पूजा शुक्ला भसीन, रितेश साहू, अब्दुल अजीम मंसूरी, रिंकी सिंह, विजय सिंह यादव एवं ममता यादव, सुशील दीक्षित द्वारा आयोजित भंडारे और लड्डू वितरण का उद्घाटन राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने किया। विजय सिंह यादव एवं ममता सिंह यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के जन्मदिन पर भंडारे का आयोजन कर पीडीए वृक्ष का वितरण किया।
कई पंडालों में भंडारा एवं सुंदरकांड का पाठ भी किया गया। भण्डारों में पूड़ी सब्जी, बूंदी, खीर, बाटी चोखा का वितरण किया गया। एक स्टाल चाय का भी लगाया गया। सभी कार्यक्रमों में राजेन्द्र चौधरी पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल समेत वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं ने भी शिरकत की। राम प्रकाश यादव ने प्रचार वैन चलाई। जन्मदिन पर रितेश शाहू ने बाटी-चोखा का भंडारा लगाया तो अवनीश एडवोकेट ने दूध बांटा। रिंकी सिंह और अब्दुल अजीम अंसारी ने छाते बांटे तथा केक भी काटा। अर्जुन सिंह समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय सचिव डॉ. इन्द्रसेन शास्त्री ने शिक्षक साथियों के साथ केक काटा। लड्डू वितरण कर जन्मदिन मनाया। उनके साथ रणजीत यादव, अजय यादव, डीएन यादव, रवीन्द्र बहादुर, श्याम बहादुर, रमेश, बैद्यनाथ आदि मौजूद रहे।
अखिलेश यादव ने जन्मदिन पर शुभकामनाओं के लिए सभी कार्यकर्ताओं, नेताओं समर्थकों और शुभचिंतकों का आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता को समाजवादी पार्टी से बड़ी उम्मीदे है। उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना हमारी जिम्मेदारी है। आज हम संकल्प लेते है कि प्रदेश की जनता को नई सरकार देंगे। प्रदेश की समस्याओं का समाधान करेंगे। पीडीए समाज का सम्मान होगा। सामाजिक न्याय का राज होगा। समाजवादी सरकार में प्रेम, दया, अपनापन से समाज का कल्याण किया जाएगा। अयोध्या नैमिषारण्य समेत अन्य तीर्थ स्थलों से आये साधु-संतों महंतों एवं विभिन्न धर्मगुरूओं ने आशीर्वाद दिया है। प्रभु श्रीराम ने रास्ता दिखा दिया है।

आस्था और श्रद्धा के साथ खिलवाड़ करती है भाजपा-अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर जन्मदिन के अवसर पर उमड़े जनसमुदाय को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचारी है। थानों, तहसीलों, अस्पतालों में भारी भ्रष्टाचार है। भाजपा चालू और चालाक पार्टी है। आस्था और श्रद्धा के साथ खिलवाड़ करती है। भाजपा नकारात्मक पार्टी है। सब बुराइयों की जड़ भाजपा है। 2024 लोकसभा चुनाव में जनता ने भाजपा को ठुकरा दिया। जनता ने भाजपा को हरा दिया। तो संविधान बदलने के लिए सांसदों को खरीद रही है। समाजवादी पार्टी लोकतंत्र, संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रही है। समाजवादी पार्टी भाजपा को संविधान नहीं बदलने देगी।
इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रभु श्रीराम सबके है। भगवान श्रीराम भाजपा से पहले से है। सब लोग पहले से मानते है। घरों में भगवान राम की पूजा होती रही है। भाजपा ने रामधन चोरी किया है। भाजपा ने आस्था के साथ खिलवाड़ किया है। जनता ने भाजपा को हरा कर संविधान बचा लिया था। अब भाजपा सांसदों को तोड़कर, खरीद कर संविधान बदलना चाहती है। उन्होंने कहा कि मर्यादा का एक नाम भगवान श्रीराम का है और दूसरा नाम बाबा साहब का संविधान है। भाजपा ने दोनों को दगा दे दिया है। भाजपा ने लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा किया है। भाजपा भ्रष्टाचार करके सरकार बनाती हैं और फिर सरकार बनाकर भ्रष्टाचार करती है। उसके लिए धन ही धर्म है। राम मन्दिर चढ़ावा चोरी के तार कर्नाटक और महाराष्ट्र से जुड़े हैं। चढ़ावा चोरी का सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी बंद कर दिये गये थे।
चढ़ावा चोरी में दूध का दूध और पानी का पानी भले न हो, लेकिन राम मंदिर में चढ़ाया गया सोने का सोना, चांदी का चांदी और हीरे जवाहरात, चांदी और सोने की खडा्ऊ वापस हो जाए।
एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि जब इटावा में केदारेश्वर भगवान का मन्दिर बनाना शुरू किया तो हमें नहीं पता था कि यह श्रीशक्ति अक्ष रेखा पर आ जायेगा। लेकिन जब मन्दिर बनाने वाले एस्ट्रोलोजी और एस्ट्रोनामी के लोगों ने देखा तो उसी पर आया। यह काम हम नहीं कर रहे हैं। हम केवल माध्यम है। इसी तरह से भगवान श्रीराम मन्दिर में चढ़ावा चोरी के मामले की जानकारी मिली। हिम्मत जुटाकर, प्रभु श्रीराम का असली भक्त बनकर हमें ट्यूट करना पड़ गया। सोचिए अगर हम लोग गलत होते तो भाजपा हमारे खिलाफ कितना कुछ प्रचार करती। लेकिन आज राम मन्दिर के चढ़ावा में चोरी पकड़ी गई। आज तमाम चैनलों को भी अपनी साख बचाने के लिए बहस करनी पड़ रही है।
भाजपा सरकार में कोई एक जगह भ्रष्टाचार नहीं हो रहा है। पूरे प्रदेश में हर विभाग में हर जगह भ्रष्टाचार हो रहा है। समाजवादी पार्टी ने अयोध्यावासियों की समस्याओं, जमीनों में हो रहे हेरफेर और भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी को पहले ही उठाया था लेकिन भाजपा सरकार ने कोई सुनवाई नहीं की। हमने मुद्दा मुद्दा बनाने के लिए समस्याओं को कभी नहीं उठाया। समाजवादी पार्टी चाहती थी, समस्याओं का समाधान हो। अयोध्यावासियों की मदद हो। उनके साथ अन्याय अत्याचार न हो। लेकिन भाजपा सरकार ने कुछ नहीं किया। आज जो कुछ खुलासा हो रहा है सब प्रभु श्री राम की कृपा से हो रहा है। भाजपा ने अयोध्या और अयोध्यावासियों से धोखा किया है। समाजवादी पार्टी सरकार में आने पर अयोध्या की संस्कृति हेरिटेज और उसकी असली पहचान को बचाते हुए आधुनिक और सर्वसुविधाओं से युक्त सुन्दर बनाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा को किसी समाज की संस्कृति और हेरिटेज से लेना देना नहीं है। भाजपा हर काम राजनीतिक लाभ के लिए करती है।
भाजपा सरकार में मिलावटखोरी चरम पर है। मुनाफा कमाने के लिए लोग मिलावटखोरी कर रहे हैं। इससे लोगों के स्वास्थ्य को नुकसान हो रहा है। सरकार की जिम्मेदारी है कि लोगों को खाने पीने का सामान शुद्ध मिले। मिलावटखोरी की जांच के लिए सरकार के पास विभाग है। उसका काम है जांच करना और मिलावटखोरी को रोकना। उन्होंने कहा कि किसी स्तर पर और किसी भी चीज में मिलावटखोरी नहीं होनी चाहिए। जो लोग स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं वे कुछ भी कर सकते हैं।



