भाजपा की लोकतंत्र और संविधान में कोई आस्था नहीं: अखिलेश

भाजपा की लोकतंत्र और संविधान में कोई आस्था नहीं। भाजपा जनता से हार गयी तो सांसद खरीदने की योजना बना रही।

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा लोकतंत्र खत्म कर रही है। उसकी लोकतंत्र और संविधान में कोई आस्था नहीं है। भाजपा जनता से हार गयी तो सांसद खरीदने की योजना बना रही है ताकि भारतीय संविधान में मनमाने संशोधन करने में सफल हो सके। भाजपा सरकार की तरह हिटलर भी जबरदस्ती बहुमत हासिल कर तानाशाह बन बैठा था।


अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और संविधान के लिए खतरा है। 2027 में भाजपा को प्रदेश की सत्ता से हटाकर लोकतंत्र बचाना है। यूपी ही देश को बचा सकता है। उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को सबक सिखाने की ताकत रखती है। भाजपा सरकार में वोट चोरी, चंदा चोरी, चढ़ावा चोरी हो रही है। भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। भाजपा केन्द्रीय बलों को लगाकर वोट चोरी करती है। मंदिरों में चढ़ावा चोरी हो रहा है। भाजपा भगवान से भी नहीं डरती है। भगवान श्रीराम की कृपा से समाजवादी पार्टी ने चढ़ावा चोरी और चंदा चोरी की आवाज उठायी।


भाजपा सरकार में हर विभाग और कार्य में लूट मची है। टंकियां और पुल गिर रहे हैं। कमीशनखोरी के कारण पुलों, सड़कों और पानी की टंकियों का बेहद घटिया निर्माण हुआ। भ्रष्टाचार के कारण कुछ भी टिकाऊ नहीं है। प्रदेश की जनता अब भाजपा सरकार को भी टिकने नहीं देगी। जनता प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने जा रही है। लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार जरूरी है, नहीं तो उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव देश का अंतिम चुनाव होगा।

Related Articles

Back to top button