दांतों की स्वच्छता को अपनी आदत बना ले बच्चे। दांतों से होने वाली गंभीर बीमारियों से बचाव का सरल उपाय। आशियाना चेतना डेंटल सेंटर का मुख शुद्धि अभियान। लखनऊ पब्लिक स्कूल परिसर में लगाया जागरूकता शिविर।
राकेश यादव
लखनऊ। कम उम्र से ही यदि बच्चे दांतों की स्वच्छता को अपनी आदत बना लें, तो भविष्य में दांतों से जुड़ी अनेक गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। यह बात चेतना सेंटल सेंटर के प्रोपराइटर और दंत रोग विशेषज्ञ डॉ संजीव अवस्थी ने लखनऊ पब्लिक स्कूल में में लगे दंत स्वास्थ्य जागरूकता चिकित्सा शिविर में कही।
उन्होंने कहा कि समाज में दंत स्वास्थ्य एवं मुख स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से चेतना डेंटल सेंटर ने अभियान चला रखा है। इस कड़ी में यह शिविर लगाया गया है। शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों को दांतों की देखभाल, ओरल हाइजीन और स्वच्छ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। इस विशेष जागरूकता शिविर में डॉ चेतना अवस्थी, डॉ अनुष्का दीक्षित, डॉ परितोष अवस्थी और डॉ प्रतिष्ठा श्रीवास्तव की टीम ने बच्चों को दंत स्वास्थ्य के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि स्वस्थ दांत न केवल अच्छे स्वास्थ्य की पहचान हैं, बल्कि सम्पूर्ण व्यक्तित्व और आत्मविश्वास को भी प्रभावित करते हैं।
कार्यक्रम में लगभग 1500 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान बच्चों को सही तरीके से ब्रश करने की विधि, नियमित दांतों की सफाई, मीठे खाद्य पदार्थों के दांतों पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव तथा समय-समय पर दंत परीक्षण कराने की आवश्यकता के बारे में जागरूक किया गया। दंत चिकित्सकों ने बच्चों को ओरल हाइजीन के महत्व को सरल एवं रोचक तरीके से समझाया। शिविर में बच्चों को यह संदेश दिया गया कि “स्वस्थ मुख, स्वस्थ शरीर की पहली पहचान है।” कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने दंत स्वास्थ्य से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ डॉक्टरों ने विस्तार से उत्तर दिया।
विद्यालय प्रशासन ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता शिविर विद्यार्थियों में अच्छी आदतों के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। वहीं आयोजकों ने बताया कि चेतना डेंटल का ‘मुख शुद्धि’ अभियान आगे भी समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि अधिक सेबी अधिक लोग दंत स्वच्छता और मुख स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो सकें।

























