
भाजपा मल्टीलेयर भ्रष्टाचार करके वोटों की लूट कर रही। वोट की लूट करके लोकतंत्र को खत्म कर रही भाजपा। भाजपा मतगणना नहीं मनगणना करवाती,पहले से तय हो जाता किसे जिताना है।
राकेश यादव
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा के दस नम्बरी मॉडल ने लोकतंत्र को जकड़ लिया है। भाजपा वोट की लूट करके लोकतंत्र को खत्म कर रही है। लोकतंत्र को खत्म करने के लिए एक विचारधारा विशेष के अधिकारियों, मुनाफाखोर धन्ना सेठों और ठेकेदारों का डेमोक्रेटिक क्राईम गैंग बन गया है। ये सब मिलकर काम कर रहे हैं। जनता के अधिकार छीन रहे हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता दीदी ने विधानसभा चुनाव में जिस तरह के हालात का सामना किया, उसी तरह 2022 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ हुआ था। तमाम बूथों और विधानसभा क्षेत्रों के मतगणना केन्द्रों में केन्द्रीय बलों को लगाकर पोलिंग बूथों से एजेंटों को बाहर निकाल दिया गया। लाठी मारकर भगाया गया था और कई विधानसभा सीटें छीन ली थी। रिवाल्वर दिखाकर महिलाओं को वोट देने से रोका गया था। उन्होंने कहा कि भाजपा मतगणना नहीं मनगणना करवाती हैं पहले से ही तय हो जाता है कि किसे जिताना है। उसी के लिए मनगणना होती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट तत्काल पश्चिम बंगाल मतगणना में हुई धांधलियों का संज्ञान ले और मतगणना के सीसीटीवी देश के सामने उपलब्ध कराये। उन्होंने कहा कि जब कोर्ट की सुनवाई प्रक्रिया लाइव हो सकती है तो वोटों की गिनती की प्रक्रिया लाइव क्यों नहीं हो सकती है? श्री यादव ने कहा कि मतगणना सीसीटीवी के सामने लाइव होनी चाहिए। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा मल्टीलेयर भ्रष्टाचार करके वोटों की लूट कर रही है। भाजपा वोट की डकैती करती है। समाजवादी पार्टी ने 2022 में भाजपा की वोटो की डकैती को पकड़ा था। 2019 में जिन लोगों ने वोट डाला था 2022 के चुनाव में उनका वोट कटवा दिया गया। समाजवादी पार्टी ने ऐसे 18 हजार वोटरों का शपथ पत्र बनवा कर चुनाव आयोग को भेजा, आयोग ने वोट काटने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। समाजवादी पार्टी को ही नोटिस भेज दिया जब पार्टी ने पूरे साक्ष्य उपलब्ध कराये तो भी आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की। छिबरामऊ, तिर्वा, शाहगंज विधानसभा क्षेत्रों में जितने वोट से समाजवादी पार्टी को हराया गया था उससे ज्यादा वोट पहले ही काट दिए गए थे।
भाजपा की किसी भी चाल, साजिश और षडयंत्र को सफल नहीं होने देना
अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सत्ता के अहंकार में लोकतांत्रिक संस्थाओं को खत्म कर रही है। भाजपा संविधान और लोकतंत्र को नहीं मानती है। सत्ता में बने रहने के लिए भाजपा समाज में नफरत फैलाने का काम कर रही है। समाज को तोड़ना भाजपा का एजेंडा है। समाजवादी पार्टी लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रही है। पीडीए की ताकत के सामने भाजपा की एक भी चाल नहीं चलेगी। समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय की राज की स्थापना के लिए संकल्पित है। श्री यादव आज राज्य मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारे सामने लक्ष्य बड़ा है। इस बड़े लक्ष्य को पाने के लिए समाजवादी पार्टी को जीतोड़ मेहनत करनी होगी। भाजपा के झूठ और वोट की लूट की साजिशों से न केवल सजग और सतर्क रहना है बल्कि भाजपा का पर्दाफाश भी करना होगा। भाजपा की किसी भी चाल, साजिश और षडयंत्र को सफल नहीं होने देना है।
























