ब्लॉक प्रमुख चुनाव, सत्ता का दुरुपयोग कर रही है बीजेपी : सभाजीत सिंह

योगी आदित्यनाथ सरकार में हो रहे पंचायत चुनाव में लोकतंत्र की हत्या हो रही है।ब्लॉक प्रमुख चुनाव में नामांकन के दौरान हुई हिंसक घटनाओं पर योगी सरकार को घेरा, आप प्रदेश अध्यक्ष ने लखीमपुर में महिला प्रस्तावक के साथ हुई घटना को शर्मनाक बताया, महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष ने भी की भर्त्सना

लखनऊ । आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंचायतों में लोकतंत्र की हत्या कर दी है। ब्लॉक प्रमुख चुनाव के नामांकन के दौरान प्रदेश भर में सत्ता की हनक में चूर भाजपाइयों ने कुर्सी के लिए जो हिंसक खेल खेला है, उसके लिए प्रदेश की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। लखीमपुर में महिला प्रस्तावक के साथ हुई घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा कि योगी सरकार में दु:शासन सरेआम घूम रहे हैं जो दिनदहाड़े महिला की साड़ी की खींच लेते हैं। महिला प्रकोष्ट की प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव ने भी इस घटना की भर्त्सना की।


प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा कि पंचायत चुनाव में सम्मानजनक संख्या में जिला पंचायत सदस्य एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य सीटें न जीत पाने वाली भाजपा ने सत्ता के बल पर सर्वाधिक संख्या में जिला पंचायत अध्यक्ष की सीटें जीत लीं। सत्ता की शह पर मनी और मसल पावर का यह खेल ब्लॉक प्रमुख चुनाव में खेला जा रहा है। प्रदेशभर में जगह-जगह विपक्षी प्रत्याशियों को सत्ताधारी दल के गुंडों ने नामांकन करने से रोक दिया। पर्चे छीनकर फाड़ दिए गए, महिलाओं से अभद्रता हुई, मारपीट हुई गोलियां और बम भी चले।

जगह-जगह पुलिस के सामने हिंसा का नंगा नाच हुआ। सीतापुर में बीच सड़क पर फायरिंग और बमबारी हो जाए बस्ती में गोलीबारी, अधिकतर हिंसक घटनाएं यही बताती हैं कि पंचायतों में अपना आधिपत्य जमाने के लिए भाजपा ने अपने गुंडों को अराजकता फैलाने की छूट दे दी है। इसीलिए नामांकन के अगले दिन सुबह सारे अखबार सीतापुर, अयोध्या, इटावा, एटा, आजमगढ़, बस्ती, सहारनपुर, लखीमपुर खीरी, झांसी, बिजनौर समेत अन्य जिलों में हुए बवाल की खबरों से पटे रहे। सभाजीत सिंह ने राज्य निर्वाचन आयोग से नामांकन के दौरान प्रदेशभर में हुई इन सब घटनाओं का सज्ञान लेकर चुनाव प्रक्रिया शून्य करके दुबारा से निष्पक्ष चुनाव कराने का अनुरोध किया। कहा कि हिंसा के बल पर जगह-जगह विपक्ष के उम्मीदवार को नामांकन करने का मौका ही नहीं दिया गया है, इसलिए लोकतंत्र की रक्षा के लिए निर्वाचन आयोग को सख्त कदम उठाना चाहिए।

साथ ही इन मामलों में शामिल लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जानी चाहिए। लखीमपुर में सरेआम महिला प्रस्तावक के साथ हुई अभद्रता पर सभाजीत सिंह ने कहा कि कुर्सी पाने के लिए भाजपा ने दु:शासन पाल रखे हैं। महिला विंग की प्रदेशाध्यक्ष नीलम यादव ने भी इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। कहा कि विपक्ष के उम्मीदवार का प्रस्तावक बने के कारण एक महिला को सरेआम अपमानित होना पड़ता है। बीच सड़क पर गुंडे उसकी साड़ी खींचने लगते हैं। महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की बातें करने वाले भाजपाइयों का यह असली चेहरा है। आम आदमी पार्टी की महिला विंग इस घटना की भर्त्सना करती है और पीड़ित महिला के साथ खड़े रहकर उसे न्याय दिलाने का संकल्प लेती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button