बूथ जीता-चुनाव जीता को मूल मंत्र मान कर कार्य करें कार्यकर्त्ता-स्वतंत्र देव सिंह

लखनऊ , भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई की बैठक आज से प्रारंभ हो गई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने आज बिजनौर व फर्रुखाबाद की बैठकों का वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मार्गदर्शन किया। जबकि पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल जी ने मेरठ महानगर व झांसी के जिला इकाइयों की बैठक को संबोधित किया। पार्टी द्वारा वर्चुअल माध्यम से की जा रही जिला इकाइयों की बैठक 27 अगस्त तक चलेगी। जिला इकाइयों की बैठक में पार्टी के जिला पदाधिकारी व मंडल अध्यक्ष सम्मिलित हुए। आज 30 जिला इकाइयों की बैठकें सम्पन्न हुई। बैठको को पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने बिजनौर व फर्रूखाबाद की जिला बैठकों में वीडियों कान्फ्रेसिंग के माध्यम से मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि “बूथ जीता-चुनाव जीता” को मूल मंत्र मानते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम करते हुए 2014 के लोकसभा चुनाव, 2017 के विधानसभा चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को अभूतपूर्व सफलता दिलाई। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा के चुनाव को ध्यान में रखते हुए हमें पार्टी की बूथ ईकाई को मजबूत बनाने का काम करना है। उन्होंने कहा आगामी दिनों में पार्टी द्वारा आयोजित किये जाने वाले सेक्टर प्रभारियों व सेक्टर संयोजकों के प्रशिक्षण वर्ग को लेकर भी अपनी योजना रचना बना लें।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार व माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार गांव, गरीब, किसान, नौजवान, युवाओं, महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गोें के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। मा. नरेन्द्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में केन्द्र सरकार के दूसरे कार्यकाल के प्रथम वर्ष में ही जम्मू कश्मीर में धारा 370 व 35ए समाप्ति, अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करना, तीन तलाक जैसी कुप्रथा को  समाप्त करने सहित कई अन्य एतिहासिक कार्य हुए हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकारों ने देश व प्रदेश में विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किये है। अब हम सब पार्टी कार्यकर्ताओं का यह दायित्व बनता है कि हम अपनी सरकार की उपलब्धियों के साथ जनता के बीच जायें। उन्होंने कहा कि जनता का भाजपा के प्रति भरोसा बढ़ा है। हमें भी अपनी सामाजिक सहभागिता को बढाकर अधिक से अधिक लोंगो को  भाजपा में जोड़ने का काम करना चाहिए।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने मेरठ महानगर  व झांसी जिला की बैठकों में संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते करते हुए मार्गदर्शन किया। सुनील बंसल ने वीडियों कान्फ्रसिंग के माध्यम से बैठक में  बूथ ईकाईयों के संदर्भ में विस्तार पूर्वक जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देंश दिये। श्री बंसल ने पार्टी द्वारा तैयार की जा रही ई-बुक के संदर्भ में  भी व्यापक चर्चा की। उन्होंने कोरोना महामारी के कारण उत्पन्न परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा जारी गाइड लाइन का शतप्रतिशत पालन किये जाने पर जोर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button