आगरा में वाॅन वेलेक्स जर्मनी की दो फुटवियर इकाइयों में शुरू हुआ उत्पादन


◆वॉन वेलेक्स फुटवियर क्षेत्र में विभिन्न चरणों में करेगी 300 करोड़ रुपये का निवेश 
◆दो इकाइयाँ 2,000 लोगों को रोजगार प्रदान करेंगी
◆कम्पनी द्वारा विभिन्न प्रकार के 50 लाख जोड़ी़ जूतों के वार्षिक उत्पादन का है लक्ष्य
◆भारत की इआट्रिक इण्डस्ट्रीज़ के सहयोग से किया जाएगा प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, अनुसंधान, विकास, विपणन और उत्पादन 
◆जेवर के निकट तथा कोसी-कोटवान, मथुरा में वॉन वेलेक्स स्थापित करेगी अन्य इकाइयाँ

लखनऊ, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निवेश के अनुकूल उठाए गए अनेक कदमों तथा राज्य में व्यवसाय करने में आसानी में सुधार के लिए ठोस प्रयासों के परिणामस्वरूप जर्मनी की वॉन वेलक्स कम्पनी की दो फुटवियर इकाइयों का उद्घाटन आज अपर मुख्य सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग, श्री आलोक कुमार द्वारा किया गया। 

वॉन वेलेक्स द्वारा प्रदेश में विभिन्न चरणों में तीन परियोजनाओं में लगभग 300 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, जिनमें लगभग 10,000 रोज़गार के अवसर सृजित होंगे। इन परियोजनाओं में कम्पनी द्वारा विभिन्न प्रकार के 50 लाख जोड़ी़ जूतों के वार्षिक उत्पादन का लक्ष्य है। आज उद्घाटित इकाइयों की स्थापना एक्सपोर्ट प्रमोशन इंडस्ट्रियल पार्क आगरा में भारत के इआट्रिक इण्डस्ट्रीज ग्रुप के साथ साझेदारी में की गई हैं। इन दोनों इकाइयों में कुल 2,000 रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं तथा 25 लाख जोड़ी जूतों की वार्षिक उत्पादन क्षमता है।

अपर मुख्य सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग, आलोक कुमार ने राज्य सरकार की ओर से प्रसन्नता व्यक्त की तथा निवेशक को बधाई देते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में  संकट को अवसर में बदलने के विजन के परिणाम मिलने प्रारम्भ हो गए हैं। माननीय मुख्यमंत्री, श्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व तथा मा. मंत्री, औद्योगिक विकास, श्री सतीश महाना तथा मा. मंत्री, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम व निवेश प्रोतसाहन, श्री सिद्धार्थ नाथ सिंह के दिशा-निर्देशन में राज्य सरकार द्वारा अपनाए गए सक्रिय दृष्टिकोण के कारण यह संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के बाद के कालखण्ड में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसमें मात्र पांच माह के अल्प समय में निवेश-प्रस्ताव क्रियान्वित होकर उत्पादन भी प्रारम्भ हो गया है।

निवेशकों की सुविधा के लिए नए संस्थागत सुधारों के विषय में बताते हुए, आलोक कुमार ने कहा कि अब माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में एक नई एकीकृत निवेश एवं सुगमता संस्था, ‘इन्वेस्ट यूपी’ का गठन किया गया है, माननीय मंत्री, औद्योगिक विकास तथा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम इस संस्था के उपाध्यक्ष हैं। ‘इन्वेस्ट यूपी’ की संचालन समिति के अध्यक्ष अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्तहैं।

उन्होंने कहा कि उद्यमियों को चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, किन्तु उत्तर प्रदेश सरकार राज्य की नीतियों के अन्तर्गत पूर्ण सहायता प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है। आज उद्घाटित इकाइयों के संचालन के शुभारम्भ की घोषणा अध्यक्ष, मेट्रो शूज लिमिटेड-श्री रफीक ए. मलिक तथा जिलाधिकारी आगरा- श्री प्रभु एन सिंह द्वारा की गई। इससे पूर्व आज प्रारम्भ की गई इकाइयों का उल्लेख करते हुए, मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ), ईआट्रिक इण्डस्ट्रीज़, आशीष जैन ने बताया कि इस परियोजना में विभिन्न प्रकार के 25 लाख जोड़े जूतों का वार्षिक उत्पादन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह जर्मन प्रौद्योगिकी और उत्तर प्रदेश के जनसांख्यिकीय लाभांश के तालमेल का एक अनुपम उदाहरण है।

परियोजना के अधीन प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, अनुसंधान, विकास, विपणन और उत्पादन ईआट्रिक इण्डस्ट्रीज के सहयोग से किया जाएगा। यह भी सूचित किया गया कि वाॅन वेलेक्स द्वारा 10,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में जेवर (यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण) में दिसम्बर 2020 तक एक नई उत्पादन इकाई स्थापित किए जाने की सम्भावना है, जबकि कोसी-कोटवान, मथुरा में 7.5 एकड़ में एक और विनिर्माण इकाई प्रस्तावित है।

वर्चुयल मीडिया के माध्यम से आयोजित उद्घाटन समारोह में सीईओ, कासा एवरेज़ जीएमबीएच- मानफ्रेड एवरेज, अध्यक्ष, इआट्रिक इंडस्ट्रीज ग्रुप- राज कुमार जैन, अध्यक्ष, आगरा फुटवियर मैन्यूफैक्चरर्स एण्ड एक्सपोर्टर्स चैंबर-श्री पूरन डावर, अध्यक्ष, मेट्रो शूज लिमिटेड- रफीक ए. मलिक, जिलाधिकारी, आगरा- प्रभु एन सिंह और सीईओ, ईआट्रिक इंडस्ट्रीज ग्रुप-आशीष जैन द्वारा प्रतिभाग किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button