
यूपी कैम्पा की वर्ष 2026-27 की 20801.27 लाख रुपये की कार्ययोजना अनुमोदित। क्षतिपूरक वृक्षारोपण एवं जल संरक्षण कार्यों किया जाएगा धनराशि का व्यय। मुख्य सचिव ने किया यूपी कैम्पा वर्ष 2024-25 की वार्षिक रिपोर्ट का किया विमोचन। वर्ष 2019 से 2025 तक 125.51 लाख पौधों का रोपण, इस वर्ष लगाए जाएंगे 18.03 लाख पौधे। ई-ग्रीन वॉच पोर्टल पर 98.40 प्रतिशत वृक्षारोपण पालीगॉन अपलोड।
लखनऊः मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में आज उत्तर प्रदेश कैम्पा अभिचालन समिति की 10वीं बैठक आयोजित की गई। उत्तर प्रदेश कैम्पा की वर्ष 2026-27 की डिजिटल वार्षिक प्रचालन योजना को समिति द्वारा 20801.27 लाख रुपये की कार्ययोजना सहित अनुमोदन प्रदान किया गया। इस धनराशि का उपयोग क्षतिपूर्ति वनीकरण, जल ग्रहण क्षेत्र शोधन योजना तथा अन्य पर्यावरणीय एवं वन संरक्षण संबंधी कार्यों पर किया जाएगा। उत्तर प्रदेश कैम्पा वर्ष 2024-25 के वार्षिक विवरण (Annual Report) का विमोचन किया गया। अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस (22 मई, 2026) के अवसर पर उन्हें प्रतीक चिन्ह एवं एक पौधा भी भेंट किया गया।
सीएएफ एक्ट, 2016 तथा सीएएफ रूल्स, 2018 के लागू होने के उपरांत उत्तर प्रदेश कैम्पा की वर्ष 2019-20 से वर्ष 2024-25 तक की वार्षिक प्रचालन योजनाओं की प्रगति से समिति को अवगत कराया गया। बताया गया कि क्षतिपूरक वृक्षारोपण मद के अंतर्गत वर्ष 2019 से 2025 तक कुल 125.51 लाख पौधों का रोपण किया जा चुका है तथा वर्तमान वर्ष में 18.03 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्षाकाल 2011 से 2025 तक कराए गए क्षतिपूरक वृक्षारोपण तथा वर्ष 2016 से 2022 तक किए गए गैर-क्षतिपूरक वृक्षारोपण के सापेक्ष 98.40 प्रतिशत पालीगॉन ई-ग्रीन वॉच पोर्टल पर अपलोड किए जा चुके हैं, जिससे कार्यों की पारदर्शिता एवं डिजिटल निगरानी सुनिश्चित हो रही है।
कैम्पा अभिचालन समिति द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए 17610.70 लाख रुपये की वार्षिक प्रचालन योजना को पूर्व में अनुमोदित किया गया था, जिसके सापेक्ष वित्तीय वर्ष 2025-26 में 16433.73 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। बैठक में उत्तर प्रदेश कैम्पा के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यों की वर्तमान स्थिति का फोटोग्राफ्स के माध्यम से प्रस्तुतीकरण भी अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश कैम्पा के अंतर्गत वर्ष 2011-12 से 2022-23 तक कराए गए समस्त कार्यों की थर्ड पार्टी मॉनीटरिंग भी कराई जा रही है, ताकि योजनाओं की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता का निष्पक्ष मूल्यांकन सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में प्रमुख सचिव वन वी. हेकाली झिमोमी, प्रमुख सचिव वाह्य सहायतित परियोजना पंधारी यादव, सचिव कृषि इन्द्र विक्रम सिंह, आयुक्त एवं सचिव ग्राम्य विकास जी.एस. प्रियदर्शी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष सुनील चौधरी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्य जीव श्रीमती अनुराधा वेमूरी, सीईओ कैम्पा ललित कुमार वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
























